Shahdol News: बुढार में झमाझम बारिश से सहकारी समिति परिसर जलमग्न, दो फीट तक भरा पानी
शहडोल के बुढार क्षेत्र में तेज बारिश से विपणन सहकारी समिति कार्यालय परिसर सहित कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। परिसर में दो फीट से अधिक पानी भरने के बावजूद कार्यालय सुरक्षित रहा। प्रशासन ने पानी निकासी कर स्थिति सामान्य की। स्थानीय लोगों ने स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग उठाई।
शहडोल के बुढार क्षेत्र में तेज बारिश से विपणन सहकारी समिति कार्यालय परिसर सहित कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। परिसर में दो फीट से अधिक पानी भरने के बावजूद कार्यालय सुरक्षित रहा। प्रशासन ने पानी निकासी कर स्थिति सामान्य की। स्थानीय लोगों ने स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग उठाई।
विस्तार
शहडोल जिले के बुढार क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुई तेज बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सबसे अधिक असर बुढार बस स्टैंड के पास स्थित विपणन सहकारी समिति मर्यादित बुढार के कार्यालय परिसर में देखने को मिला, जहां बारिश का पानी भर जाने से पूरा कैंपस जलमग्न हो गया। परिसर में करीब दो फीट से अधिक पानी जमा हो गया, जिससे कुछ समय के लिए कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि जलभराव केवल कार्यालय परिसर तक ही सीमित रहा और भवन के अंदर पानी प्रवेश नहीं कर सका। इससे कार्यालय में रखे अभिलेख, दस्तावेज और अन्य आवश्यक सामग्री सुरक्षित रही। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि बारिश कुछ देर और जारी रहती तो पानी कार्यालय के अंदर भी पहुंच सकता था।
ये भी पढ़ें- शहडोल में ड्राइवरों पर बरसा कहर! कमरे में बंद कर डंडों-मुक्कों से पीटा, जबरन अंगूठे के निशान लिए
बताया जा रहा है कि सावन माह में बुढार-धनपुरी क्षेत्र में पहली बार इतनी अधिक बारिश दर्ज की गई है। लगातार हुई तेज वर्षा के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया और कई स्थानों पर लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क किनारे बने गड्ढों और जलभराव के कारण वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ी।
जलभराव की सूचना मिलने के बाद संबंधित कर्मचारियों और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर पानी निकासी की व्यवस्था कराई। निकासी के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए, जिसके बाद कई घंटे की मशक्कत के बाद परिसर से पानी बाहर निकाल लिया गया और स्थिति सामान्य हो सकी।
बारिश के बाद बुढार के अन्य निचले क्षेत्रों में भी पानी भरा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष भारी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। उन्होंने मांग की है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से लोगों को राहत मिल सके। फिलहाल प्रशासन क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी जल निकासी की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
