{"_id":"6ace2f07615cea052008c692","slug":"cannabis-worth-rs1-crore-seized-from-a-truck-in-shahdol-two-accused-arrested-sp-reveals-details-shahdol-news-c-1-1-noi1220-4828613-2026-10-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"अपराध: ट्रक में ड्राइवर की सीट के पीछे जगह बनाकर छिपाया था लाखों का गांजा, 735 किलो माल के साथ दो गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अपराध: ट्रक में ड्राइवर की सीट के पीछे जगह बनाकर छिपाया था लाखों का गांजा, 735 किलो माल के साथ दो गिरफ्तार
Tue, 13 Oct 2026 07:05 PM IST
शहडोल ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
Published by: शहडोल ब्यूरो
Updated Tue, 13 Oct 2026 07:05 PM IST
सार
शहडोल जिले में जयसिंहनगर पुलिस ने ट्रक से 735 किलो 440 ग्राम गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गांजा 18 बोरियों और 81 पैकेटों में छिपाकर रखा गया था। जब्त गांजा, ट्रक और मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है।
विज्ञापन
पुलिस घेरे में आरोपी।
विस्तार
शहडोल जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जयसिंहनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 735 किलो 440 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को रोककर तलाशी ली तो उसमें चालक सीट के पीछे एक बड़े एरिया में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। मामले में ट्रक चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे, ट्रक और मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है।यह कार्रवाई शहडोल रीवा मुख्य मार्ग में हुई है। मामले में पुलिस अधीक्षक ने जयसिंहनगर पहुंच कर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका खुलासा किया है।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज नवरात्र पर्व के मद्देनजर जयसिंहनगर पुलिस रात और प्रातः गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर चालक और खलासी से पूछताछ की। उनके जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर वाहन की तलाशी ली गई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- सीएम बोले- अहिल्या नगरी बनेगी देश का नया कॉर्पोरेट और टूरिज्म हब, सिंहस्थ से पहले मिलेंगी कई सौगातें
विज्ञापन
तलाशी के दौरान ट्रक में 18 बोरियों और 81 पैकेटों में भरा कुल 735 किलो 440 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजा जब्त कर ट्रक में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान राहुल विश्वकर्मा (36), निवासी ग्राम जमीनबारी, थाना निजामाबाद, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) और नारायण मंडल (50), निवासी ग्राम अलगडीहा, थाना बगोदर, जिला गिरिडीह (झारखंड) के रूप में हुई है।
एक करोड़ से ज्यादा की सामग्री जब्त
पुलिस ने जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 73 लाख 50 हजार रुपये बताई है। इसके अलावा ट्रक की कीमत करीब 40 लाख रुपये और तीन मोबाइल फोन की कीमत पांच हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस ने जब्त की नशे की खेप
