{"_id":"6ad5ae88e19ece2098089dcc","slug":"a-youth-has-drowned-in-the-son-river-in-beohari-causing-a-stir-search-operations-by-the-sdrf-and-police-are-underway-shahdol-news-c-1-1-noi1220-4849818-2026-10-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"शहडोल: सोन नदी में डूबा युवक, दूसरे किनारे खड़ी नाव लाने गहरे पानी में उतरा, अभी तक नहीं मिला सुराग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शहडोल: सोन नदी में डूबा युवक, दूसरे किनारे खड़ी नाव लाने गहरे पानी में उतरा, अभी तक नहीं मिला सुराग
Mon, 19 Oct 2026 03:37 PM IST
शहडोल ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
Published by: शहडोल ब्यूरो
Updated Mon, 19 Oct 2026 03:37 PM IST
सार
सोन नदी पार करते समय एक 25 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। सूचना पर पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने तलाश शुरू की, लेकिन कई घंटे बाद भी युवक का पता नहीं चल सका।
विज्ञापन
तलाश में जुटी टीम
विस्तार
जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में सोन नदी पार करते समय एक युवक गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। युवक नदी के दूसरी ओर खड़ी नाव को लेने के लिए तैरकर जा रहा था, इसी दौरान वह गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद नदी किनारे मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की लेकिन कई घंटे बीतने के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार लापता युवक की पहचान खुसरिया निवासी दीवाना सिंह गोंड (25) पिता रामचरण के रूप में हुई है। उसका गांव बाणसागर डूब क्षेत्र में आता है, जिसके कारण ग्रामीणों को सोन नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है। बताया गया कि दीवाना सिंह गांव के लोगों को नाव से नदी पार कराने में मदद करता था। नाव गांव के एक केवट की बताई जा रही है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: खंडवा: कोचिंग संचालक ने की खुदकुशी, घर की तीसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला शव, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
विज्ञापन
नदी पार कराने के बाद नाव लेने जा रहा था युवक
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन रविवार को युवक ने सुबह नाव की मदद से अपने घर के लोगों को नदी पार कराई थी। इसके बाद कुछ लोग नाव को नदी के दूसरी ओर ले गए और वहीं छोड़ दिया। दोपहर में गांव के ही कुछ अन्य लोगों को नदी पार जाना था। नाव दूसरी ओर खड़ी होने के कारण दीवाना सिंह उसे लेने के लिए नदी में उतर गया। उसने एक किनारे से तैरकर दूसरे किनारे तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही गहरे पानी में डूब गया।
नहीं मिला सुराग
घटना के समय नदी किनारे मौजूद लोगों ने युवक को डूबते देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है। नदी की चौड़ाई करीब एक किलोमीटर बताई जा रही है। पानी की अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयां आ रही हैं। फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिला है और उसकी तलाश लगातार जारी है।
