फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Sagar News ›   MP News Dalit youth beaten to death in Sagar undressed mother Kharge commented on Shivraj

MP News: युवक की पीट-पीटकर हत्या, बचाने गई मां को किया निर्वस्त्र! खरगे बोले- पैर धोकर गुनाह छिपाते हैं शिवराज

Mon, 28 Aug 2023 10:17 AM IST
अरविंद कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सागर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सागर Published by: अरविंद कुमार Updated Mon, 28 Aug 2023 10:17 AM IST
सार

मध्यप्रदेश के सागर जिले से रविवार को सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुरई क्षेत्र के बरोदिया नोनगर गांव में एक 18 साल के युवक की कुछ दबंग लोगों ने बीच रास्ते में पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है, दबंगों ने युवक को बचाने पहुंची उसकी मां को निर्वस्त्र कर घुमाया, युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

विज्ञापन
MP News Dalit youth beaten to death in Sagar undressed mother Kharge commented on Shivraj
दलित युवक की हत्या पर खरगे का बयान - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

सागर में छेड़छाड़ के मामले में राजीनामा करने का दबाव बना रहे आरोपियों ने एक युवक की हत्या कर दी। युवक को बचाने गई मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस ने इसे दलितों के खिलाफ अत्याचार का मुद्दा बनाकर सरकार को घेरा है। कांग्रेस का आरोप है कि युवक को बचाने पहुंची उसकी मां को भी निर्वस्त्र कर पीटा। दरअसल, कुछ दिनों पहले मृतक की बहन के साथ आरोपियों ने छेड़छाड़ की थी। इसका केस दर्ज हुआ था।

विज्ञापन


घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच शुरू कर दी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बरोदिया नौनागिर के नौ आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। मृतक की बहन ने बताया कि विक्रम सिंह, कोमल सिंह, आजाद सिंह समेत अन्य लोग घर आए थे। पूर्व में हुई छेड़छाड़ की घटना में उनके खिलाफ उसने प्रकरण दर्ज कराया था। इसी प्रकरण में राजीनामा करने का दबाव बना रहे थे। मां ने कहा था कि राजीनामा कर लेंगे, लेकिन वह धमकाकर घर से चले गए। इसी दौरान उन्हें भाई नितिन अहिरवार बरोदिया नौनागिर बस स्टैंड के पास मिल गया। उन्होंने नितिन के साथ जमकर मारपीट की। विवाद की सूचना पर मां मौके पर पहुंच गई। वह बीच-बचाव करने लगी तो उन्होंने मां के साथ भी मारपीट की। युवक की बहन ने कहा कि आरोपियों ने भाई और मां को बहुत मारा। फिर वहां से मैं भागी, उन लोगों ने मेरा पीछा किया। मैं जंगल में जाकर छिप गई। आरोपियों ने इससे पहले मेरे साथ छेड़छाड़ की थी। मुझे धमकी दी कि यहीं 376 कर देंगे, जिससे शिकायत करना है कर देना। इसके बाद मां को बेपर्दा कर दिया, उस समय वहां 70 लोग मौजूद थे। भाई बेहोश पड़ा था, इसके बाद वह भाग गए।
विज्ञापन


उन्होंने भाई की गर्दन और छाती पर लात रखकर मारपीट की। इससे वह बेहोश होकर गिर गया। घटना के बाद भाई नितिन को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।  वारदात में शामिल आरोपी सरपंच पति समेत अन्य फरार हैं। घटना को लेकर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कलेक्टर दीपक आर्य भी मौके पर पहुंचे थे। मृतक के परिजनों ने शव का 40 घंटे तक अंतिम संस्कार नहीं किया। परिजनों ने 10 मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद अंतिम संस्कार किया था। मृतक के परिजनों की मांग है कि आरोपियों के मकान पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


इनके खिलाफ केस दर्ज
41 वर्षीय मुख्य आरोपी विक्रम सिंह ठाकुर समेत 36 वर्षीय आजाद ठाकुर, 37 वर्षीय इस्लाम खान, 36 वर्षीय गोलू उर्फ सुशील कुमार सोनी, 28 वर्षीय अनीश खान, 22 वर्षीय गोलू उर्फ फरीम खान, 28 वर्षीय अभिषेक रैकवार और 19 वर्षीय अरबाज खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये सभी बरौदिया नोनगर के रहने वाले हैं। पुलिस फरार आरोपी कोमल सिंह ठाकुर समेत अन्य की तलाश कर रही है।

क्या बोले एडिशनल एसपी?
एडिशनल एसपी संजीव उईके ने कहा, बड़ोदिया गांव में युवक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। नौ लोगों के खिलाफ नामजद और तीन-चार अन्य के खिलाफ 307 के तहत केस दर्ज किया था। अस्पताल में मौत होने के बाद धारा-302 और एससी-एसटी एक्ट भी लगा दिया गया। दाह संस्कार के लिए परिजन आरोप लगा रहे थे कि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है, इसमें 13 में से आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, शेष की भी तलाश की जा रही है। जो मृतक लड़का है, उस पर सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा...
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मध्यप्रदेश के सागर में एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गुंडों ने उसकी मां को भी नहीं बख्शा। सागर में संत रविदास मंदिर बनवाने का ढोंग रचने वाले प्रधानमंत्री मध्यप्रदेश में लगातार होते दलित व आदिवासी उत्पीड़न एवं अन्याय पर चूं तक नहीं करते। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री केवल कैमरे के सामने वंचितों के पैर धोकर अपना गुनाह छुपाने की कोशिश करते हैं।

खरगे ने आगे लिखा, भाजपा ने मध्यप्रदेश को दलित अत्याचार की प्रयोगशाला बना रखा है। भाजपा शासित मध्यप्रदेश में दलितों के खिलाफ अपराधों का रेट सबसे ज्यादा है, राष्ट्रीय औसत से भी तीन गुना है। मोदी जी, इस बार मध्यप्रदेश की जनता भाजपा के झांसे में नहीं आने वाली है। समाज के वंचित व शोषित वर्ग को तड़पाने-तरसाने का जवाब आपको कुछ महीने बाद मिल जाएगा, भाजपा की विदाई निश्चित है।

कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बोले...
कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के द्वारा बनाई गई जांच कमेटी गांव पहुंची थी। टीम ने मृतक युवक के परिजनों से बातचीत की और पूरी घटना की जानकारी ली। कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कमलनाथ ने बहुत ही दर्दनाक और गंभीर घटनाक्रम को लेकर तत्काल प्रभाव से कमेटी का गठन किया है। चौधरी ने कहा कि खुरई ही नहीं पूरा जिला शर्मसार हुआ है, मध्यप्रदेश शर्मसार हुआ है। मुख्यमंत्री और यहां से जो मंत्री हैं, उन्होंने आज तक चुप्पी नहीं तोड़ी है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि हम बेटियों के मामा हैं। आज इस तरह से बेटी की लाज लूटने का काम हो रहा है और मामा चुप हैं। हम लोगों ने इस मामले को संवेदनशीलता से लिया है। यह रिपोर्ट हम लोग कमलनाथ को भेजेंगे।

बसपा प्रमुख मायावती बोलीं- संत रविदास के भक्तों पर जुल्म-ज्यादती चरम सीमा पर
मामले में कांग्रेस, भीम आर्मी के बाद अब बसपा की भी एंट्री हो गई है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि मध्यप्रदेश के सागर में जहां अभी हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी ने संतगुरु रविदास जी का स्मारक बनाने की नींव बड़े तामझाम से रखी, उसी क्षेत्र में उनके भक्तों के साथ जुल्म-ज्यादती चरम सीमा पर है, जो भाजपा और उनकी सरकार के दोहरे चरित्र का जीता-जागता प्रमाण है। मायावती ने आगे कहा, खुरई विधानसभा क्षेत्र में मंत्री के गुर्गे दलित लड़की के साथ छेड़छाड़ के बाद राजीनामा न करने पर युवक की पीट-कर हत्या कर देते हैं। मां को निर्वस्त्र कर हाथ तोड़ देते हैं, बहन के साथ मारपीट कर घर को ढहा देते हैं। ऐसा भयानक दृश्य भाजपा के शासन में हो रहा है। मायावती ने आगे लिखा कि इस प्रकार की क्रूर जातिवादी घटनाओं की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। मध्यप्रदेश सरकार में ऐसी और भी जघन्य घटनाएं लगातार होती रही हैं, किंतु न तो भाजपा और न ही उनकी सरकार इसकी रोकथाम के लिए गंभीर नजर आती है, यह अति दु:खद, निंदनीय और चिंतनीय है।


मंत्री ने कहा- आपसी विवाद को जातिगत झगड़ा बता रही है कांग्रेस
खुरई से विधायक और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। मीडिया से बातचीत में भूपेंद्र सिंह ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। कार्रवाई की जा रही है। मंत्री ने मायावती, खरगे और कमलनाथ के ट्वीट पर कहा कि यह कोई जातिगत उत्पीड़न नहीं है। कोई अत्याचार जैसी स्थिति नहीं थी। यह दो पक्षों का विवाद था। इसी विवाद में झगड़ा हुआ था और फिर यह घटना हुई। उन्होंने कांग्रेस समेत सवाल उठाने वाले नेता पर घटना पर राजनीति करने का आरोप लगाया। इस घटना से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े होने को लेकर मंत्री ने कहा- क्या हुआ क्या नहीं यह तो जांच में साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दो पक्षों का विवाद है। जो पहले से ही कोर्ट में चल रहा था। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed