रीवा में हादसा: अर्टिगा-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, पांच लोग घायल; शीशे तोड़कर पुलिस ने कार से लोगों को निकाला
रीवा के सिरमौर चौराहे फ्लाईओवर पर अर्टिगा कार और टमाटर से भरी पिकअप की टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। दरवाजे लॉक होने से सभी कार में फंस गए। पुलिस ने शीशे तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
विस्तार
रीवा के सिरमौर चौराहे स्थित फ्लाईओवर पर अर्टिगा कार और टमाटर से भरी पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए और सभी दरवाजे लॉक हो गए। इससे पांचों लोग कार के अंदर फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पत्थर से कार के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, अर्टिगा में सवार सभी लोग सतना के भुजवा समाज के रहने वाले हैं। वे उत्तर प्रदेश के फाफामऊ में आयोजित 13वीं के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय उनकी कार सिरमौर चौराहे के फ्लाईओवर पर पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रही टमाटर से लोड पिकअप से उसकी टक्कर हो गई।
दरवाजे लॉक होने से कार में फंसे रहे घायल
टक्कर के बाद अर्टिगा के दोनों एयरबैग खुल गए। कार के सभी दरवाजे लॉक होने के कारण अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया। ऐसे में मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने पत्थर से कार के शीशे तोड़े और एक-एक कर पांचों घायलों को बाहर निकाला।
संजय गांधी अस्पताल में भर्ती
घायलों में रमेश भुजवा, राकेश भुजवा सहित तीन अन्य लोग शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। दुर्घटना में अर्टिगा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल घायलों की स्थिति और हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

