MP में पांच SP के ट्रांसफर: सिद्धार्थ चौधरी हटाए गए, धर्मवीर सिंह खरगोन के नए पुलिस अधीक्षक बने
मध्य प्रदेश सरकार ने पांच भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के ट्रांसफर किए हैं। सिद्धार्थ चौधरी को हटा कर सतना एसपी धर्मवीर सिंह को खरगोन का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
विस्तार
मध्य प्रदेश सरकार ने पांच भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के ट्रांसफर किए हैं। इसमें सिद्धार्थ चौधरी को हटा कर सतना एसपी धर्मवीर सिंह को खरगोन का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा तीन अन्य जिलों के एसपी बदले गए हैं।
गृह विभाग के उप सचिव एचएस मीना के हस्ताक्षर से शिनवार को जारी आदेश में पांच पुलिस अधीक्षक के ट्रांसफर आदेश जारी किए गए। इसमें सतना के पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह को सिद्धार्थ चौधरी की जगह खरगोन का नया एसपी बनाया गया है। चौधरी को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक पदस्थ किया गया है। सिवनी एसपी कुमार प्रतीक को भी सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर भोपाल में पदस्थ किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से सिवनी एसपी को हटाने के सुबह ही निर्देश दिए थे। वहीं, झाबुआ एसपी आशुतोष को सतना और इंदौर जिले के नगरीय पुलिस उपायुक्त अरविंद तिवारी को झाबुआ का नया एसपी बनाया गया है।
दो राज्य सेवा अधिकारियों के भी ट्रांसफर
इंदौर एसटीएफ पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री को खरगोन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं, खरगोन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज चौरसिया को भोपाल सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।
