पन्ना: मझगांव बांध सत्याग्रह में पुलिस की कार्रवाई, आंदोलन स्थल पर दी दबिश; दो महिला नेता हिरासत में ली गईं
पन्ना के अजयगढ़ में मझगांव बांध परियोजना के पूर्ण मुआवजे और पुनर्वास की मांग को लेकर चल रहे सत्याग्रह में पुलिस ने दो महिला नेताओं को हिरासत में लिया। कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने हनुमतपुर चौकी का घेराव किया, क्षेत्र में तनाव है।
विस्तार
पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र में मझगांव बांध परियोजना में पूर्ण मुआवजे और पुनर्वास की मांग को लेकर चल रहा सत्याग्रह सोमवार रात उग्र हो गया। आंदोलन स्थल पर पन्ना जिले के कई थानों से करीब 200 से 250 पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर सत्याग्रह की अगुवाई कर रहीं दिव्या अहिरवार और हिसाबी राजपूत को हिरासत में ले लिया।
पुलिस कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें महिला नेताओं को पुलिस द्वारा घसीटकर ले जाते हुए देखा जा रहा है। आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कुछ महिलाएं घायल हो गईं। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रात में ही हनुमतपुर चौकी का घेराव कर नारेबाजी की।
पढ़ें: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसा: दो घंटे में एक ही जगह दो कारें पलटीं, सास-बहू समेत चार की मौत; आठ घायल
अजयगढ़ थाना प्रभारी हरी सिंह ठाकुर के अनुसार, दिव्या अहिरवार और हिसाबी राजपूत के खिलाफ छतरपुर के किशनगढ़ थाने में धारा 307 यानी हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों काफी समय से फरार चल रही थीं और इसी मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान भीड़ ने दोनों को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर हमला करने की कोशिश की। वहीं, आंदोलनकारियों ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि कुछ लोग बिना वर्दी के हाथों में डंडे लेकर पुलिस के साथ मौजूद थे। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। ग्रामीण पूर्ण मुआवजे और पुनर्वास की मांग पर आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।
