एमपी: बाबा बागेश्वर की रथ यात्रा में पहुंचे मुस्लिम युवक सलमान खान, बोले- महाराज की शक्ति को प्रणाम करते हैं
बागेश्वर धाम की सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा के दौरान अजयगढ़ में मुस्लिम युवक सलमान खान ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रति अपनी श्रद्धा जताई। वहीं, यात्रा के दूसरे दिन सामूहिक हनुमान चालीसा, राष्ट्रगान और सात वचनों की शपथ के साथ यात्रा आगे बढ़ी।
विस्तार
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा के पहले दिन अजयगढ़ में आस्था की एक अनूठी तस्वीर देखने को मिली। यात्रा के स्वागत के लिए मुस्लिम समाज के कुछ लोग भी पहुंचे। इसी दौरान अजयगढ़ निवासी सलमान खान अपनी श्रद्धा और बागेश्वर सरकार के प्रति विश्वास को लेकर चर्चा में आए।
सलमान खान ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनकी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रति गहरी आस्था है। उन्होंने कहा कि वह पिछले छह दिनों से रिक्शे पर सवार होकर पूरे पन्ना जिले में रथ यात्रा का प्रचार-प्रसार कर रहे थे। सलमान के मुताबिक, कुछ लोग यह धारणा फैलाते हैं कि बागेश्वर महाराज मुसलमानों के खिलाफ हैं, लेकिन उनका व्यक्तिगत अनुभव और विश्वास इससे अलग है। उन्होंने कहा कि सभी मुस्लिमों की सोच एक जैसी नहीं होती और उनकी महाराज के प्रति गहरी श्रद्धा है।
सलमान ने बताया कि जब उनकी मुलाकात बागेश्वर सरकार से हुई, तो महाराज ने उनसे उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। सलमान के अनुसार, उन्होंने अपनी कुछ निजी समस्याएं बताईं, जिन पर महाराज ने उनसे बातचीत की और समाधान बताए। सलमान ने इस मुलाकात को अपनी आस्था और विश्वास को मजबूत करने वाला अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि मैं किसी इंसान के आगे सिर नहीं झुका रहा हूं, बल्कि बागेश्वर महाराज की दिव्य शक्ति को प्रणाम कर रहा हूं।”
पढे़ं: बुधनी में क्यों भड़के शिवराज सिंह चौहान? आदिवासियों के घर टूटने पर अपनी ही सरकार से नाराज, जानें मामला
सलमान के मुताबिक, मुलाकात के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उन्हें बागेश्वर धाम आने का निमंत्रण भी दिया। अजयगढ़ में सामने आई यह तस्वीर रथ यात्रा के दौरान विभिन्न समुदायों के लोगों की भागीदारी और व्यक्तिगत आस्था के भाव को सामने लाती है।
सामूहिक हनुमान चालीसा और सात वचनों की शपथ के साथ आगे बढ़े बागेश्वर सरकार
पन्ना नगर में पहले दिन की यात्रा के बाद रात्रि विश्राम कर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0 दूसरे दिन के सफर पर रवाना हो गई। यात्रा की शुरुआत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, राष्ट्रगान और बच्चों को शपथ दिलाने के साथ हुई।
इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हजारों श्रद्धालुओं को सनातन धर्म, हिंदू एकता और सामाजिक समरसता से जुड़े सात वचनों की शपथ दिलाई। इसके बाद भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल में रथ यात्रा अपने अगले पड़ाव की ओर आगे बढ़ गई। यात्रा के दूसरे दिन दोपहर का विश्राम पवई में और रात्रि विश्राम हटा में प्रस्तावित है। पांच दिवसीय इस यात्रा के माध्यम से जन-जन तक सनातन एकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
