{"_id":"617e7d2834eb3c54bd04795a","slug":"newspaper-pamphlets-in-balaghat-informing-about-low-retail-prices-of-petrol-diesel-at-nearby-gondia-in-maharashtra","type":"story","status":"publish","title_hn":"मध्यप्रदेश: बालाघाट के अखबारों में महाराष्ट्र के पैंफलेट, सस्ता पेट्रोल-डीजल मिलने की जानकारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मध्यप्रदेश: बालाघाट के अखबारों में महाराष्ट्र के पैंफलेट, सस्ता पेट्रोल-डीजल मिलने की जानकारी
Sun, 31 Oct 2021 04:55 PM IST
गौरव पाण्डेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालाघाट
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालाघाट
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Sun, 31 Oct 2021 04:55 PM IST
सार
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से तो इस समय पूरा देश ही परेशान है। मध्यप्रदेश भी इससे अछूता नहीं है। हालांकि, बालाघाट के लोगों को रविवार को अपने अखबारों में एक पैंफलेट मिला जिसमें वहां से कुछ किलोमीटर दूर ही सस्ता पेट्रोल-डीजल मिलने की बात कही गई थी। यह पैंफलेट जिस पेट्रोल पंप की ओर से भिजवाए गए थे वह पास में ही स्थित गोंदिया में है जो महाराष्ट्र में आता है। पहले ही समस्या जूझ रहे स्थानीय पेट्रोल पंप संचालक अब और परेशान हो गए हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : पेक्सेल्स
विस्तार
मध्यप्रदेश के बालाघाट शहर में रविवार की सुबह बड़ी संख्या में लोगों को उनके समाचार पत्र में एक पैंफलेट मिला। इस पैंफलेट में पड़ोसी महाराष्ट्र को गोंदिया में पेट्रोल और डीजल के कम से कम चार रुपये प्रति लीटर कम होने की जानकारी दी गई थी। इस पैंफलेट में यह भी कहा गया था कि गोंदिया में ईंधन खरीदार अपने वाहन के टायरों में मुफ्त नाइट्रोजन गैस भी भरवा सकते हैं। गोंदिया, बालाघाट जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर है।
विज्ञापन
समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार बालाघाट के देवतोला इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप के मालिक अशोक बजाज ने बताया कि रविवार को 36 पैसे के इजाफे के साथ पेट्रोल की कीमत बालाघाट में 120.42 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, डीजल 37 पैसे की बढ़ोतरी के बाद 109.69 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया। उन्होंने आगे कहा कि गोंदिया में पेट्रोल की बिक्री 116.29 रुपये प्रति लीटर और डीजल की 105.72 रुपये पर हो रही है।
विज्ञापन
स्थानीय पेट्रोल पंप संचालक चिंता में
इन पैंफलेट पर गौरीशंकर एंड संस के नाम का उल्लेख किया गया है, जो गोंदिया में जय स्तंभ चौक पर स्थित है। बजाज ने कहा कि दोनों राज्यों में तेल के दामों के अंतर में यहां कारोबार पहले ही प्रभावित हो रहा था और अब ये पैंफलेट और महाराष्ट्र सीमा पर लगे ऐसे ही कुछ बैनर अब इसे और प्रभावित करने जा रहे हैं। अखबार एजेंसी के मालिक रमेश बवंकर ने बताया कि शहर में रविवार को अखबारों में करीब 10 हजार पैंफलेट वितरित किए गए थे।
विज्ञापन
