{"_id":"616daa6ac68f8b501d438af4","slug":"mp-cm-will-have-to-quit-once-results-of-bypolls-are-out-kamal-nath-says-bjp-govt-stopped-farm-loan-waiver","type":"story","status":"publish","title_hn":"खंडवा: कमलनाथ का आरोप- भाजपा सरकार ने रोकी कर्जमाफी, उपचुनाव के नतीजों आने पर शिवराज को छोड़ना पड़ेगी कुर्सी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
खंडवा: कमलनाथ का आरोप- भाजपा सरकार ने रोकी कर्जमाफी, उपचुनाव के नतीजों आने पर शिवराज को छोड़ना पड़ेगी कुर्सी
Mon, 18 Oct 2021 10:40 PM IST
सुरेंद्र जोशी
पीटीआई, खंडवा
पीटीआई, खंडवा
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Mon, 18 Oct 2021 10:40 PM IST
सार
कमलनाथ ने दावा किया कि वह जब सीएम थे तब दिसंबर 2018 से मार्च 2020 के बीच प्रदेश के 27 लाख किसानों के कर्ज माफ किए गए।
विज्ञापन
कमलनाथ
- फोटो : PTI
विस्तार
मप्र कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व सीएम कमलनाथ ने सोमवार को खंडवा में एक चुनावी सभा में आरोप लगाया कि पिछले साल सत्ता में आने के बाद शिवराज सरकार ने हमारी सरकार द्वारा शुरू की गई कृषि कर्जमाफी रोक दी। कमलनाथ ने दावा किया कि खंडवा लोकसभा व तीन विधानसभा सीटों के उपचुनाव के दो नवंबर को नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कुर्सी छोड़ना पड़ेगी।
विज्ञापन
खंडवा लोकसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजनारायण सिंह पुरणी के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने दावा किया कि वह जब सीएम थे तब दिसंबर 2018 से मार्च 2020 के बीच प्रदेश के 27 लाख किसानों के कर्ज माफ किए गए। इनमें 1.21 लाख किसान खरगोन के, 1.17 लाख देवास के, 1.72 लाख किसान बुरहानपुर के और 58,000 किसान खंडवा के थे।
विज्ञापन
पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि इसके बाद जैसे ही प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान की सरकार बनी तो किसानों की कर्जमाफी रोक दी गई। कमलनाथ ने खंडवा लोकसभा क्षेत्र के अधीन आने वाले धुलकोट व पुनासा कस्बों में सोमवार को सभा को संबोधित किया। प्रदेश में चार सीटों पर 30 अक्तूबर को उपचुनाव का मतदान होगा।
विज्ञापन
2023 में हम सत्ता में लौटेंगे तो आदिवासियों को जमीन देंगे
कमलनाथ ने कहा कि खंडवा के आदिवासी अभी भी भूमिहीन हैं। उन्होंने वादा किया कि 2023 में जब हम सत्ता में लौटेंगे तो मप्र के सभी आदिवासियों को जमीन लीज पर देंगे। कमलनाथ ने दावा किया कि उन्होंने मौसम खराब होने के कारण धुलकोट नहीं जाने की प्रशासन की सलाह को नहीं माना और वे यहां पहुंचे हैं। यहां सोमवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान भी सभा करने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण अंतिम समय में दौरा निरस्त कर दिया गया। कमलनाथ ने दावा किया दो नवंबर को उपचुनाव के नतीजे आने के बाद शिवराज सिंह चौहान को कुर्सी छोड़ना पड़ेगी।
खंडवा के लोग लिखेंगे नया इतिहास
कमलनाथ ने कहा कि बीते 21 सालों में हुए आठ लोकसभा चुनाव में खंडवा में भाजपा सात बार जीती है, लेकिन इस बार खंडवा के लोग नया इतिहास लिखेंगे, क्योंकि वे भाजपा के झूठे वादों व घोषणाओं से थक गए हैं। खंडवा लोस उपचुनाव भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह के निधन के कारण हो रहा है। इसके अलावा पृथ्वीपुर, रायगांव व जोबट विधानसभा सीटों के लिए भी 30 अक्तूबर को वोट डाले जाएंगे।
