मध्य प्रदेश मौसम अपडेट: सर्दी का सितम, ग्वालियर और नौगांव में पारा 1.8 डिग्री, उमरिया में एक रात में 8.3 डिग्री गिरा पारा
मध्य प्रदेश में बीते दो दिनों से अचानक पड़ी ठंड से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। उत्तर में चल रही शीतलहर से मध्य प्रदेश भी कांपने लगा है। ग्वालियर और नौगांव में सीजन की सबसे ठंडी रात रही, दोनों जगह पारा गिरकर 1.8 डिग्री पर पहुंच गया।
विस्तार
मौसम विभाग के अनुसार कड़ाके की सर्दी फिलहाल जारी रहेगी। दो-तीन दिन सर्दी का सितम झेलना पड़ेगा। देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिख रहा है। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार नौगांव और ग्वालियर सबसे ठंडे रहे, यहां रात का तापमान 1.8 डिग्री दर्ज किया गया। जो शनिवार रात से करीब 2 डिग्री कम है। इसके अलावा उमरिया में भी शनिवार रात के तापमान से 8.3 डिग्री गिरकर पारा 2 डिग्री पर पहुंचा है। भोपाल (4.0), दतिया (4.6), गुना (2.6), पचमढ़ी (2.0), रायसेन (2.8), राजगढ़ (4.0), शाजापुर (3.9), दमोह (4.8), खजुराहो (3.4), मंडला (4.5), रीवा (2.6), सागर (4.4), टीकमगढ़ (3.8), उमरिया (2.0) में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के नीचे रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। रीवा, जबलपुर, सिवनी, खजुराहो, टीकमगढ़, रायसेन, राजगढ़, धार, रतलाम, शाजापुर में शीतलहर तथा उमरिया, नौगांव, सागर, भोपाल, गुना, ग्वालियर में तीव्र शीतलहर का प्रभाव रहा। सतना, नरसिंहपुर, खजुराहो, बैतूल, दतिया, गुना में शीतल दिन तथा सिवनी, भोपाल, इंदौर, धार, रतलाम, शाजापुर, उज्जैन में तीव्र शीतलदिन रहा। सागर और इंदौर संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान काफी गिरा।
अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
ग्वालियर तथा चंबल संभाग के जिलों में तथा उमरिया, छतरपुर, सागर व सीहोर जिलों में कहीं-कहीं अगले दो दिन तीव्र शीतलहर चलने की संभावना है। सिवनी, धार, उज्जैन जिलों में कहीं-कहीं अगले दो दिन तीव्र शीतल दिन रहने की संभावना बताई जा रही है। वहीं उमरिया, छतरपुर, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, ग्वालियर, गुना जिलों में पाला पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
शाजापुर में भी कड़ाके की सर्दी, न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे
ठंड से टूटी पटरी, इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी ट्रेन
दतिया में इटावा से भिंड, ग्वालियर, डबरा होते हुए झांसी जा रही इटावा-झांसी लिंक एक्सप्रेस शनिवार को ड्राइवर की सतर्कता से बड़े हादसे का शिकार होने से बची। ठंड से सोनागिर-दतिया के बीच रेलवे पटरी टूट गई और पटरी दो इंच दूर खिसक गई। ट्रेन का इंजन जैसे ही पटरी से गुजरा तो अचानक तेज आवाज आई। ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए। इसके बाद इंजीनियरों ने ट्रेन के बीचों-बीच पटरी को दो जॉइंट लगाकर ठीक किया।
