मध्यप्रदेश: रूंज नदी में तैरते मिले शव, कमलनाथ का शिवराज पर निशाना, बताया गंभीर मामला
यूपी-बिहार में गंगा में शव मिलने मिलने के बाद अब मप्र के पन्ना जिले में रून्ज नदी में शव मिले हैं। इससे प्रदेश में सियासत गर्मा गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दो दिन पहले यूपी-बिहार के सीमावर्ती बक्सर जिले में गंगा नदी में कई शव मिले थे। इस बीच बुधवार को मप्र के पन्ना जिले की रूंज नदी में दो शव तैरते हुए पाए गए। इसे लेकर सियासत गर्मा गई है। पूर्व सीएम कमलनाथ ने छह शव मिलने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को घेरा।
बुधवार को भोपाल में एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों ने उनकी संक्रमण से मौत नहीं होने की पुष्टि की है। अधिकारी ने उन खबरों का खंडन किया जिनमें रूंज में छह शव मिलने की बात कही गई है।
पन्ना जिले के कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि 11 मई को अजयगढ़ तहसील के ग्राम नन्दनपुर के ग्रामवासियों द्वारा थाना प्रभारी धरमपुर को सूचना दी गई कि ग्राम नन्दनपुर के पास रूंज नदी के कालीबराह घाट में कुछ शव पानी में तैर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो शव नदी में तैरते हुए पाए गए, जिन्हे वहां से बाहर निकाला गया। इनकी पहचान शिवराम अहिरवार (90) एवं कल्लू अहिरवार (75) के रूप में की गई। ये दोनों बीहर सरवरिया गांव के रहने वाले थे।
शवों का जल में प्रवाहित किया गया था
मिश्रा ने बताया कि इन दोनों के परिजनों ने पांच मई एवं आठ मई को क्रमश: शवों को जल प्रवाहित कर अंतिम संस्कार किया था। उन्होंने कहा कि स्थानीय परंपरा के अनुसार जब कोई व्यक्ति कुष्ठ रोग एवं कैंसर जैसी बीमारियों से मरता है तो उसके शव को नदी के जल में प्रवाहित कर दिया जाता है।
कुष्ठ व कैंसर रोगी थे दोनों मृतक
ग्रामीणों एवं दोनों मृतकों के परिजन के अनुसार इन दोनों की मृत्यु कोरोना संक्रमण से नहीं हुई थी। परिजनों के अनुसार शिवराम कुष्ठ रोगी था, जबकि कल्लू कैंसर से पीड़ित था। 11 मई को पंचनामा उपरांत दोनों शवों को परिजनों द्वारा दफना दिया गया है। रूंज नदी मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश की ओर बहती है। इसलिए उत्तर प्रदेश से इन शवों को बहाए जाने का सवाल ही पैदा नहीं होता है।
यूपी-बिहार के बाद अब मप्र में दर्दनाक तस्वीरें : कमलनाथ
इससे पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, 'शिवराज जी, अभी तक उत्तरप्रदेश और बिहार में गंगा नदी में बहते शवों की तस्वीरें हम देख रहे थे और अब मध्य प्रदेश में भी पन्ना जिले की अजयगढ़ तहसील के गांव नंदनपुर में रूंज नदी में छह बहते शवों की दर्दनाक तस्वीरें सामने आई हैं। यह बेहद गंभीर मामला है।
शिवराज जी, अभी तक उत्तरप्रदेश और बिहार में गंगा नदी में बहते शवों की तस्वीरें हम देख रहे थे और अब मध्यप्रदेश में भी पन्ना ज़िले की अजयगढ़ तहसील के गाँव नंदनपुर में रुँझ नदी में 6 बहते शवो की दर्दनाक तस्वीरे सामने आयी है ?
यह बेहद गंभीर मामला है।— Office Of Kamal Nath (@OfficeOfKNath) May 12, 2021
ये कैसा शवराज : सुरजेवाला
कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी ट्वीट किया, 'हे प्रभु, ये कैसा शवराज? कल गंगा जी में तैरती सैकड़ों लाशें देख कर ना तो 'स्वयंभू गंगापुत्र' का कलेजा फट रहा और ना केन नदी में तैरते शवों पर जनमत लूट सत्ता हथियाने वाले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की संवेदनाएँ जाग रहीं? भगवान के लिए अब जागिए।'
