Indore: देश का सबसे स्मार्ट शहर इंदौर अब ट्रैफिक मैनेजमेंट, सोलर व आपदा प्रबंधन में करेगा नवाचार
अगले साल तक स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) को लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा इंदौर को सोलर सिटी बनने में मदद की जाएगी। इसके लिए अफसर घरों का सर्वे करेंगे।
विस्तार
छह क्षेत्र में पुरस्कार पाकर इंदौर शहर को देश के सबसे स्मार्ट शहर का खिताब मिला है। अगले साल फिर पहले नंबर के पायदान के बरकरार रखने के लिऐ इंदौर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (आईएससीडीएल) ने नए क्षेत्र में नवाचार करने के प्रोजेक्ट तैयार कर लिए है।
इंदौर ने पिछले साल सूरत के साथ समग्र विजेता के रूप में स्मार्ट सिटी का पुरस्कार जीता था, हाल ही में प्रतियोगिता की 12 श्रेणियों में से छह में पुरस्कार हासिल किए है। 27 सितंबर को दो दिवसीय स्मार्ट सिटी अवार्ड इंदौर में ही आयोजित होगा। जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
अगले साल तक स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) को लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा इंदौर को सोलर सिटी बनने में मदद की जाएगी। इसके लिए अफसर घरों का सर्वे करेंगे और मकान मालिकों को बताएंगे कि उनकी छत पर सोलर पैनल लगाने से कितनी बिजली बचेगी और क्या फायदे होंगे। बैंक से मिलने वाली सबसिडी और कर्ज की जानकारी भी जाएगी, ताकि लोग प्रेरित हो सके।
पेड़ों की गणना के अलावा ब्रिजों के नीचे के बोगदों को विकसित कर उपयोगी बनाने जैसे प्रोजेक्ट भी तैयार किए जा रहे है। अगले साल की स्मार्ट सिटी प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल करने में मदद करने के लिए शहर के कुछ स्मारक और पार्क विकसित भी विकसित किए जाएंगे।
80 करोड़ का फंड शेष
स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन के सीईओ दिव्यांक सिंह ने बताया कि करीब 80 करोड़ रुपये का फंड शेष है। इसका उपयोग अगले साल मार्च तक चल रही परियोजनाओं को पूरा करने के लिए होगा। फिलहाल शहर में 34 प्रोजेक्ट चल रहे है। कुछ प्रोजेक्टों में काम होना शेष है, उन्हें पूरा करने के लिए करीब 50 करोड़ रुपये के अतिरिक्त फंड की आवश्यकता है।
