Swachh Survekshan Indore 2023: इंदौर में लाठी-बंदूक छोड़ पुलिसवालों ने थामी झाडू, थाने को किया साफ
मंगलवार को बाणगंगा थाने पर सुबह पार्षद सोनाली बिज्जु परमार व थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर पहुंचे। इसके बाद थाने के पुलिसकर्मियों ने झाडू उठाई व सफाई शुरू कर दी। करीब डेढ़ घंटे तक चले सफाई अभियान के बाद पूरा थाना परिसर साफ नजर आया।
विस्तार
इंदौर में सफाई में आठवीं बार नंबर वन लाने के लिए फिर शहरवासी एकजुट हो गए है। सरकारी कर्मचारी भी पीछे नहीं है। मंगलवार को पुलिसकर्मियों ने लाठी-बंदूक को एक तरफ रखा अौर झाडू थाम ली। थाना परिसर में लंबे अर्से से जमी धूल साफ की और थाना चकाचक कर दिया।
मंगलवार को बाणगंगा थाने पर सुबह पार्षद सोनाली बिज्जु परमार व थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर पहुंचे। इसके बाद थाने के पुलिसकर्मियों ने झाडू उठाई व सफाई शुरू कर दी। करीब डेढ़ घंटे तक चले सफाई अभियान के बाद पूरा थाना परिसर साफ नजर आया। थाने के बोर्ड पर भी काफी धूल जमा थी। कर्मचारियों ने बोर्ड की धूल झाड़ी। इसके बाद सभी ने स्वच्छता की शपथ ली।
ड्रेनेज में केमिकल वेस्ट छोड़ने पर एक लाख का जुर्माना
स्वच्छता को लेकर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। जो संस्थान गंदगी फैला रहे है। उनके खिलाफ जुर्माना लगाया जा रहा है। मंगलवार को एक फैक्टरी के खिलाफ सीवरेज में केमिकल युक्त वेस्ट छोड़ने पर एक लाख का जुर्माना किया।
पालदा क्षेत्र की एक फैक्टरी को लेकर शिकायत मिली थी कि केमिकल वेस्ट सीधे ड्रेनेज में छोड़ा जा रहा है। जांच करने पर शिकायत सही पाई गई और फैक्टरी संचालक से एक लाख का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा खजराना में लगे ऊर्स मेले में कचरा फैलाने पर 51 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
