Indore News: सीएम बोले- राहुल गांधी की मम्मी और बहन भी आ जाएं, किसी के बाप से नहीं हटेगी मोदी सरकार
Indore News: इंदौर में सीएम मोहन यादव ने एक हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का भूमिपूजन किया। कांग्रेस पर जमकर बरसे। बोले भाजपा ने अंबेडकर का सम्मान किया और कांग्रेस उनके नाम पर षणयंत्र कर रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोदी सरकार अंगद के पांव के समान मजबूत
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की स्थिरता की बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को "अंगद के पांव" के समान अटल बताया। उन्होंने विपक्ष, विशेष रूप से राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी, पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी सरकार को गिराने के सभी प्रयास असफल होंगे क्योंकि जनता के बीच उनकी लोकप्रियता सर्वोपरि है। राहुल बाबा, तुम भी आ जाओ, तुम्हारी बहन भी आ जाओ, तुम्हारी मम्मी भी आ जाओ। मोदी जी की सरकार पर कोई आंच आने वाली नहीं है।
कई कार्यक्रमों में शामिल हुए
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गरीबों, मजदूरों, और समाज के सभी वर्गों के उत्थान की बात भी दोहराई। उन्होंने यह भी कहा कि जनता सबसे बड़ा न्यायाधीश है और उनकी सरकार का प्रदर्शन ऐसा है कि उसे जनता का समर्थन मिलता रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की शुक्रवार को इंदौर यात्रा के दौरान उनका हेलिकॉप्टर एमआर 12 सड़क पर उतरा, जो शहर के लिए एक अनोखी घटना थी। यह सड़क 9.5 किलोमीटर लंबी और 60 मीटर चौड़ी है, जिसकी निर्माण लागत 185 करोड़ रुपये है। यह घटनाक्रम लव-कुश चौराहे से बायपास तक हुआ, जहां से मुख्यमंत्री ने अपने अटल बिहारी वाजपेयी कॉलेज वाले कार्यक्रमों के लिए प्रस्थान किया।
इंदौर को हर क्षेत्र में बनाया जाएगा नंबर वन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नदी जोड़ो परियोजना प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखेगी। मध्यप्रदेश देश का ऐसा पहला राज्य है जहां दो नदी जोड़ो परियोजनाओं पर एक साथ कार्य हो रहा है। यह परियोजनाएं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मूर्तरूप ले रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से नदियों को आपस में जोड़कर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर में हो रहे विकास की सराहना करते हुए कहा कि इंदौर को अब हर क्षेत्र में नंबर-वन बनाया जायेगा। इंदौर को देश के प्रमुख महानगरों की तरह विकसित किया जाएगा।
तोड़कर बनेगा नेहरू स्टेडियम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नेहरू स्टेडियम को तोड़कर पूरी तरह से नया बनाया जाएगा। इंदौर में आईटी के विकास की अपार संभावनाएं है, इसको देखते हुए यहां जल्द ही आईटी समिट आयोजित की जाएगी। इंदौर नगर निगम का नया भव्य भवन भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नदी जोड़ो परियोजना के माध्यम से विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। यह परियोजनाएं राज्य से राज्य को जोड़ने की नई मिसाल बनेगी। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर सफाई में नंबर वन है, जल संरक्षण में हम नंबर वन है, अब पर्यावरण में भी इंदौर को नंबर वन बनाने के प्रयास शुरू किए गए हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व इंदौर में 51 लाख पौधों का रोपण किया गया है। यह संकल्प भी लिया गया है कि आगामी 5 साल तक हर साल 51 लाख पौधे लगाए जाएंगे। हम सब मिलकर प्रयास करेंगे कि शहर के तापमान को 5 डिग्री तक कम करें। उन्होंने कहा कि इंदौर को ट्रैफिक समस्या से भी निजात दिलाने के लिए प्लानिंग की जा रही है। हम इंदौर को ट्रैफिक सुधार में भी नंबर वन बनाएंगे। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि इंदौर में यह पहली बार हो रहा जब एक ही दिन में एक साथ 1249 करोड़ रुपये के विकास की सौगात मुख्यमंत्री द्वारा दी गई हो। कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्वागत भाषण देते हुए इंदौर शहर के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
इन कामों में मिले 1249 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन कल्याण पर्व के तहत इंदौर को 1249 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने प्रमुख रूप से इंदौर शहर में 511.12 करोड़ रुपये लागत के एसटीपी निर्माण एवं सीवर लाइन डालने के कार्य का भूमिपूजन किया। इसी तरह उन्होंने इंदौर शहर में 442 करोड़ रुपये लागत से बनने वाली मास्टर प्लान की 22 नवीन सड़कों, 43 करोड़ रुपये लागत से बनने वाली एमआर-10 से एमआर-12 लिंक रोड़ विकास कार्य, लगभग 8 करोड़ रुपये लागत से बनने वाले कस्तूरबा गार्डन के पीछे स्पोटर्स कॉम्पलेक्स के निर्माण कार्य, प्रतीक सेतु के नीचे 1.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले शहीद स्मारक, वार्ड क्रमांक-34 में 1.15 करोड़ रुपये लागत के चौराहे के सौंदर्यीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने 21 करोड़ रुपये लागत के नवीन जल वितरण पाइप लाइन डालने के कार्य 5.50 करोड़ रुपये लागत के स्मार्ट सिटी एबीडी एरिये में नवीन सीवर लाइन डालने तथा सौ टन क्षमता के ग्रीन वेस्ट प्लांट का भूमिपूजन किया। नगर निगम इंदौर के डाक्यूमेंट डिजिटाइजेशन का लोकार्पण भी किया। इसके साथ ही उन्होंने शहर के विकास से जुड़े अन्य कार्यों का लोकार्पण/भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के सांवेर रोड़ केंद्रीय जेल भवन के शेष कार्य का भी शिलान्यास किया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जन कल्याण अभियन के तहत विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत चयनित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया।
कई कार्यक्रमों में हुए शामिल
मुख्यमंत्री ने सुबह 11:45 बजे डॉ. अंबेडकर नगर महू के हेलीपेड पर आगमन किया और डॉ. बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में भाग लिया। इसके बाद दोपहर 1:10 बजे वे हेलिकॉप्टर से रवाना होकर 1:20 बजे एमआर 12 स्थित हेलीपेड पहुंचे। एमआर 12 पर उतरने के बाद, मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित निवेश जागरूकता कार्यक्रम में शामिल हुए। तत्पश्चात, दोपहर 2 बजे वे एमआर 12 के हेलीपेड से हेलिकॉप्टर द्वारा आगर-मालवा जिले के सुसनेर के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सुसनेर के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुनः इंदौर लौट आए। इस घटनाक्रम ने शहर में विकास कार्यों की ओर ध्यान आकर्षित किया, विशेष रूप से एमआर 12 सड़क परियोजना, जो इंदौर के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
