Indore:महाजन के बेटे के सर्विस सेंटर में तोड़फोड करने वालों का निकाला जुलूस, लगवाई उठक-बैठक
पुलिस आरोपियों को सर्विस सेंटर पर ले गई। आरोपी लगड़ाते हुए चल रहे थे। उन्होंने सर्विस सेंटर पर कान पकड़े और कर्मचारियों से कहा कि हमसे गलती हो गई। हमें माफ कर दो। इसके बाद उन्होंने उठक-बैठक भी लगाई।
विस्तार
पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन के बेटे मिलिंद महाजन के सर्विस सेंटर पर तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों का पुलिस ने जुलूस निकाला और जिन कर्मचारियों के साथ उन्होंने मारपीट की थी, उससे माफी भी मंगवाई। इसके अलावा सर्विस सेंटर पर आरोपियों को पुलिस ले गई और वहां उठक-बैठक भी लगवाई गई।
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त प्रताप करोसिया के भतीजे सौरभ करोसिया का सर्विस सेंटर पर विवाद हुआ था। इसके बाद उनसे साथियों के साथ तोड़फोड़ मचाई थी। घटना के दूसरे ही दिन सौरभ और उसके साथी मोहित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, बचे दो आरोपी तन्नू धोलपुरे और बिट्टू धौलपुरे भी सोमवार को पकड़े गए। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में भी पेश किया था।
आरोपी बोले- हमें माफ कर दो
पुलिस आरोपियों को सर्विस सेंटर पर ले गई। आरोपी लगड़ाते हुए चल रहे थे। उन्होंने सर्विस सेंटर पर कान पकड़े और कर्मचारियों से कहा कि हमसे गलती हो गई। हमें माफ कर दो। इसके बाद उन्होंने उठक-बैठक भी लगाई। पुलिस ने उनका जुलूस भी निकाला। आरोपियों के हाथ में हथकडि़यां भी बंधी थी।
तीन दिन पहले सौरभ ने सर्विस सेंटर पर अपनी गाड़ी दी थी। वह शाम को अपने साथियों के साथ पहुंचा और पैसा दिए बगैर बाहर गाड़ी निकालने लगा। गार्ड ने उसे रोका और गेट पास मांगा तो वह गुस्सा हो गया और उसके साथ मारपीट की। दूसरे कर्मचारी वहां आए तो उनके साथ भी मारपीट की। पत्थर से सेंटर की खिड़की का कांच भी फोड़ दिया था।
