Indore News: इंदौर में 8 माह की बच्ची की हत्या, मां निकली कातिल, सास की नाराजगी बनी वजह
Indore News: इंदौर के प्रजापत नगर में 8 माह की बच्ची की दर्दनाक हत्या ने पूरे शहर को हिला दिया। घर के आंगन की टंकी में बच्ची का शव मिलने के बाद मां वर्षा चौहान ने खुद ही हत्या करने की बात कबूल की।
विस्तार
इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र के प्रजापत नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक 8 माह की बच्ची मायरा का शव घर के आंगन में बनी हौज (पानी की टंकी) में मिला। बुधवार को देर रात तक पुलिस पूछताछ करती रही और सख्ती बरतने पर मां वर्षा चौहान ने चौंकाने वाला खुलासा किया। वर्षा ने स्वीकार किया कि उसने ही अपनी बच्ची की हत्या की है। उसका कहना था कि उसकी सास बच्ची को गोद में नहीं लेने देती थी, जिससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। वर्षा ने बच्ची को पानी में डुबोकर मार डाला, हौज का ढक्कन बंद किया और उस पर पानी की मोटर रख दी ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद खुद ही शोर मचाकर बच्ची के गायब होने का नाटक किया।
Indore Couple: शादी-हनीमून, हत्या, किस हाल में राजा की 'रानी', यह सवाल अनसुलझे; क्यों जुड़ा बांग्लादेश का नाम?
एक हफ्ते पहले भी कर चुकी थी हिंसा, मानसिक स्थिति भी बताई गई अस्थिर
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि वर्षा की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं है। परिजनों ने बताया कि एक सप्ताह पहले भी वर्षा ने अपनी बच्ची मायरा को गुस्से में जमीन पर पटक दिया था। वह इस बात से बेहद नाराज थी कि उसकी सास ने बच्ची को गोद में लेने से मना कर दिया था। इस घटना ने वर्षा के मानसिक असंतुलन और लगातार बढ़ते गुस्से को उजागर कर दिया। पुलिस अब उसके मानसिक उपचार से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है।
पहली शादी भी टूटी बीमारी और गुस्से के कारण, दूसरे पति से भी रिश्तों में तनाव
वर्षा की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली शादी बड़ोद गांव में हुई थी, जहां से उसे एक ढाई साल की बेटी भी है। परिजनों ने बताया कि वर्षा को भूलने की बीमारी है और उसे गुस्सा बहुत जल्दी आता है। इसी कारण पहले पति से उसके लगातार झगड़े होते रहे और अंततः उसके ससुराल वालों ने रिश्ता तोड़ लिया। इसके बाद उसकी शादी अविनाश चौहान से हुई, जो रेडीमेड कपड़ों का व्यवसाय करते हैं। लेकिन मायरा के जन्म के बाद वर्षा और उसकी सास के बीच मतभेद और गहरे हो गए। वर्षा अक्सर गुस्से में घर का सामान फेंक देती थी, जिससे पड़ोसी भी परेशान रहते थे।
मां के पास ही थी बच्ची, फिर हुआ हादसा, आंगन की टंकी में मिला मासूम का शव
बुधवार सुबह मायरा अपनी मां वर्षा के पास ही बिस्तर पर थी, जब उसके पिता अविनाश बाथरूम में थे। कुछ देर बाद वर्षा ने अचानक चिल्लाना शुरू कर दिया कि बच्ची गायब हो गई है। यह सुनकर घरवालों और पड़ोसियों ने पूरे इलाके में बच्ची की तलाश शुरू की। जब आंगन में बनी हौज का ढक्कन हटाया गया तो सबके होश उड़ गए। अंदर मायरा का शव पड़ा था। इस घटना ने पूरे मोहल्ले को स्तब्ध कर दिया है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
