Indore: इंदौर-खंडवा रोड पर पांच जनवरी तक भारी वाहन प्रतिबंधित, बार-बार लग रहा जाम
इंदौर-खंडवा रोड पर पर्यटकों की भारी भीड़ के चलते लगे जाम को देखते हुए खंडवा प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 5 जनवरी तक इस मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है, ताकि छुट्टियों में ओंकारेश्वर जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
विस्तार
इंदौर-खंडवा रोड पर ओंकारेश्वर जाने के लिए पर्यटकों के वाहनों की संख्या बढ़ गई है। इस कारण शुक्रवार को पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा। शनिवार को भी इस मार्ग पर आम दिनों से ज्यादा ट्रैफिक रहा। इसे देखते हुए खंडवा प्रशासन ने भारी वाहनों को इस मार्ग पर प्रतिबंधित कर दिया है। खंडवा से छैगांव माखन, खरगोन होते हुए वाहन एबी रोड से इंदौर जाएंगे। पांच जनवरी तक इस मार्ग पर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
दिसंबर की छुट्टियों के कारण आम दिनों की तुलना में उज्जैन और ओंकारेश्वर में पर्यटक ज्यादा संख्या में आ रहे हैं। उज्जैन जाने वाले पर्यटक ओंकारेश्वर भी दर्शन के लिए जा रहे हैं। इंदौर-खंडवा मार्ग निर्माणाधीन है। कई जगह रास्तों को डायवर्ट भी किया गया है।
इस कारण बार-बार वाहनों की गति बाधित हो रही है और ट्रैफिक जाम हो रहा है। शुक्रवार को दो घंटे के सफर में पांच घंटे का समय लगा, सिमरोल घाट से ही वाहनों की कतार लगना शुरू हो गई थी। इसके अलावा बलवाड़ा वाले हिस्से में भी जाम लगा। इसे देखते हुए खंडवा प्रशासन ने भारी वाहनों को इस मार्ग जाने पर प्रतिबंध लगा दिया।
सुबह छह बजे से रात दस बजे तक इस मार्ग से भारी वाहन नहीं जा सकेंगे, हालांकि इंदौर की तरफ से अभी भारी वाहनों पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। ट्रैफिक जाम के हालात को देखते हुए इंदौर से ओंकारेश्वर जाने वाले पर्यटक इंदौर से जामगेट, मंडलेश्वर होते हुए ओंकारेश्वर जा रहे हैं। इस मार्ग पर जाम जैसे हालात नहीं हैं।
