Indore: हार्न बजाने की बात पर इंडेक्स मेडिकल काॅलेज के छात्रों व ग्रामीणों के बीच मारपीट
खुड़ैल क्षेत्र स्थित इंडेक्स मेडिकल कॉलेज के पास हॉर्न बजाने को लेकर मेडिकल स्टूडेंट और ग्रामीण युवकों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, सड़क पर जमकर मारपीट हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खुड़ैल क्षेत्र के इंडेक्स मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट और कुछ ग्रामीण युवकों के बीच हॉर्न बजाने की मामूली बात पर विवाद इतना बड़ा हो गया कि लाठियों-डंडों से एक-दूसरे पर वार किए गए। यह विवाद मेडिकल कॉलेज के समीप चौधरी के ढाबे पर हुआ। यहां अक्सर मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट आते हैं और ग्रामीण युवकों का आना-जाना लगा रहता है। सोमवार को गाड़ी का हॉर्न बजाने की बात पर एक मेडिकल छात्र ने आपत्ति ली।
इस दौरान ग्रामीण युवकों के साथ उसका विवाद होने लगा। मेडिकल स्टूडेंट के साथी भी इस बीच आ गए और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। डंडों से एक-दूसरे पर सरेराह वार किए जा रहे थे। विवाद बढ़ने पर दोनों तरफ से लोग जुटे और मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद ग्रामीण चले गए। कुछ देर बाद कार में कुछ युवक आए और ढाबे पर बैठे एक युवक को खींचकर बाहर लाए और कार की डिक्की में उसे डाल दिया। इसके बाद वे उसे कार से कहीं ले गए। विवाद की सूचना मिलने पर खुड़ैल पुलिस मौके पर पहुंची।
कुछ ग्रामीण युवक विरोध जताने मेडिकल कॉलेज के सामने पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। बताया जा रहा है कि इस दौरान भी विवाद हुआ। बाद में दोनों पक्षों की तरफ से लोग थाने पहुंचे। खुड़ैल पुलिस के अनुसार दोनों तरफ से शिकायतें आई हैं। मामले की जांच की जा रही है। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट के साथ मारपीट की गई है।अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
