Indore: इंदौर में बनेंगे दो रेलवे स्टेशनों पर ब्रिज, प्रधानमंत्री आवास भी बनेंगे
शहर की विवादित 171 स्कीम को लेकर आई आपत्तियों को देखने के बाद यह फैसला लिया गया कि योजना में सहकारिता विभाग से संबंधित जमीनों को स्कीम से अलग किया जाएगा। इस स्कीम के प्रभावित लोगों ने शुक्रवार को प्राधिकरण कार्यालय के सामने प्रदर्शन भी किया था।
विस्तार
इंदौर विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में शहर के विकास से जुड़े फैसले लिए गए। प्राधिकरण इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन और मांगलिया रेलवे स्टेशन पर ब्रिज बनाएगा। इसके लिए इस साल 48 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इसका निर्माण जल्दी शुरू होगा। सिंहस्थ के मद्देजर नगर निगम एमआर 4 सड़क का निर्माण कर रहा है। उस मार्ग पर बनने वाले ब्रिज से ट्रैफिक आसान होगा। इसके अलावा आईडीए की टीपीएस-8 के बड़े प्लाॅट पर 1.613 हेक्टेयर में प्रधानमंत्री अावास योजना के तहत अावास बनाए जाएंगे।
शहर की विवादित 171 स्कीम को लेकर आई आपत्तियों को देखने के बाद यह फैसला लिया गया कि योजना में सहकारिता विभाग से संबंधित जमीनों को स्कीम से अलग किया जाएगा और शेष भूमि पर को लेकर संशोधित प्रस्ताव बनाए जाएंगे। इस स्कीम के प्रभावित लोगों ने शुक्रवार को प्राधिकरण कार्यालय के सामने प्रदर्शन भी किया था, लेकिन उनकी मांग पूरी हो गई।
बैठक में एमआर-11 की एक लिंक रोड को बनाने की भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा फूठी कोठी क्षेत्र में बने ब्रिज की सर्विस रोड के चौड़ीकरण का फैसला भी लिया गया है। ब्रिज से ज्यादा ट्रैफिक सर्विस रोड से गुजरने के कारण यह फैसला लिया गया है। बैठक में संभागायुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह, प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरपी अहिरवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
