Indore News: ईडी ने गोलू को छोड़ा, रडार पर अब दोस्त और रिश्तेदार
Indore News: कांग्रेस नेता गोलू से जुड़े तरुण श्रीवास्तव के घर सर्चिंग के दौरान एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर में कांग्रेस नेता विशाल (गोलू) अग्निहोत्री और उनके करीबी लोगों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की बड़ी कार्रवाई जारी है। पिछले आठ दिनों से लगातार 24 अलग-अलग ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चल रहा है। अब तक लगभग ₹4.5 करोड़ नकद बरामद किए जा चुके हैं, जबकि सोने-चांदी और अन्य मूल्यवान वस्तुओं का आकलन किया जा रहा है। इस कार्रवाई में अवैध हथियार भी मिले हैं। लसूड़िया इलाके की सिंगापुर टाउनशिप में कांग्रेस नेता से जुड़े तरुण श्रीवास्तव के घर सर्चिंग के दौरान एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं। कांग्रेस नेता गोलू (विशाल) अग्निहोत्री के अलावा इंदौर के ही विपुल अग्रवाल और तरुण श्रीवास्तव सहित 24 स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है। ईडी ने पूछताछ के बाद गोलू को बुधवार शाम को छोड़ दिया लेकिन परिचितों से पूछताछ चल रही है।
निवेश की जांच
सूत्रों के अनुसार, गोलू अग्निहोत्री खुद की क्रिप्टो करेंसी लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे और दुबई में कई फर्जी कंपनियां रजिस्टर कराई थीं, जिन्हें उन्होंने अपने कर्मचारियों और परिचितों के नाम पर बनाया था। जांच के दौरान ईडी ने उनके लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके अलावा, उनकी दुबई यात्रा और निवेश की भी जांच की जा रही है।
बैटिंग एप से जुड़े मामले में फंसे हैं गोलू
ईडी की अहमदाबाद टीम ने क्रिकेट सट्टेबाजी को लेकर दिल्ली, मुंबई और पुणे में 10 से 12 दिसंबर तक 21 ठिकानों पर छापा मार कार्रवाई की थी। ये कार्रवाई “Magicwin” क्रिकेट बैटिंग साइट से जुड़ी थी। इस साइट के कर्ताधर्ता पाकिस्तान से हैं और इसे भारत के लोग दुबई में बैठकर संचालित करते हैं। इस छापे में मिले लिंक और सबूतों के बाद ही ईडी की टीम ने इंदौर में गोलू अग्निहोत्री को पकड़ा है। साथ ही उसके साथी विपुल अग्रवाल, तरुण श्रीवास्तव के यहां भी ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है।
पत्नी और भाई से भी पूछताछ
तरुण श्रीवास्तव के खिलाफ भी गंभीर आरोप हैं, जिनमें फेमा उल्लंघन, हवाला, और डिब्बा कारोबार शामिल हैं। फिलहाल वह मुंबई में हैं, जबकि उनकी पत्नी और भाई से पूछताछ हो रही है। वहीं, अन्य ठिकानों पर भी ईडी की टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान कई शेल कंपनियों के दस्तावेज बरामद किए हैं।
पांच साल का रिकार्ड खंगाला
सूत्रों का कहना है कि ईडी गोलू के पांच साल के वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है और उनके मुंबई, पुणे और दुबई स्थित ऑफिसों और संपत्तियों का ब्योरा खंगाल रही है। इन संपत्तियों में निवेश कहां से और कैसे हुआ, इसकी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और गोलू के करीबियों को भी जांच के घेरे में लिया जा सकता है।
कई दिनों से ईडी रख रही थी नजर
यह भी सामने आया है कि ईडी पिछले छह महीनों से गोलू अग्निहोत्री की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त अधिकारी भी इंदौर पहुंच चुके हैं और कार्रवाई आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है।
