Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Guna News ›   Digvijay Singh said that the command of 2028 hands of Singhar-Patwari taking aim at Savarkar Hindutva

एमपी: 2028 में सिंघार और पटवारी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, दिग्विजय सिंह बोले- कोई गुटबाजी नहीं है

Wed, 11 Nov 2026 03:57 PM IST
गुना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना Published by: गुना ब्यूरो Updated Wed, 11 Nov 2026 03:57 PM IST
सार

दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस 2028 का विधानसभा चुनाव उमंग सिंघार और जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने भाजपा के हिंदुत्व, किसानों की समस्याओं और एसआईआर पर निशाना साधा। साथ ही धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर असहमति जताई।

विज्ञापन
Digvijay Singh said that the command of 2028 hands of Singhar-Patwari taking aim at Savarkar Hindutva
दिग्विजय सिंह का बीजेपी पर तंज - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को गुना में अनौपचारिक बातचीत के दौरान प्रदेश की राजनीति, 2028 के विधानसभा चुनाव, भाजपा की विचारधारा, किसानों की समस्याओं और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में 2028 का विधानसभा चुनाव उमंग सिंघार और जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ेगी। साथ ही उन्होंने पार्टी में गुटबाजी की बात को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और मिलकर भाजपा का मुकाबला करेगी।

विज्ञापन

दिग्विजय सिंह ने भाजपा की विचारधारा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का हिंदुत्व सनातन हिंदुत्व नहीं, बल्कि सावरकर का हिंदुत्व है। उन्होंने कहा कि सनातन हिंदुत्व जोड़ने और सभी को साथ लेकर चलने का काम करता है, जबकि सावरकर का हिंदुत्व समाज को बांटने का काम करता है। असली सनातन वह है, जो हर धर्म, जाति और व्यक्ति को सम्मान देता है। भाजपा ने धर्म को राजनीति का हथियार बना लिया है।

विज्ञापन

सोनिया गांधी की किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ किए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह सोनिया गांधी का बड़प्पन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की विचारधारा भले ही कभी एक न हो, लेकिन एक सामान्य परिवार से निकलकर देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने वाले व्यक्ति के संघर्ष की सराहना करना बड़ी बात है। लोकतंत्र की खूबसूरती भी यही है कि राजनीतिक विरोधी एक-दूसरे के अच्छे कामों की तारीफ कर सकें।

विज्ञापन
विज्ञापन

किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरा
गुना में किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। खेत सूख रहे हैं और फसलें खराब हो रही हैं, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि जब क्षेत्र के सांसद और केंद्र सरकार में मंत्री यहीं के हैं, तो किसानों की सुध क्यों नहीं ली जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की इस लड़ाई को पूरी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने गुना जिले में अवैध कब्जों का मुद्दा भी उठाया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिले में जहां भी अवैध कब्जे हैं, उन्हें हटाने की जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है। सरकार को अपनी इस जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटना चाहिए।


पढ़ें:  महामंडलेश्वर इंद्रदेव पर यौन उत्पीड़न के आरोपों से हलचल, साध्वी हर्षानंद बोलीं- दोषी हैं तो पद से हटाओ

धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर जताई असहमति
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के हालिया बयानों पर भी दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से वे बिल्कुल सहमत नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि धीरेंद्र शास्त्री में लोगों के मन की बात भांपने की क्षमता है और वे लोगों का दिमाग पढ़ लेते हैं। इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन-जिन नेताओं ने उनके यहां कथा कराई, वे सभी चुनाव हार गए।

एसआईआर समाप्त करने की मांग, चुनाव आयोग से पूछे सवाल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से एसआईआर को लेकर जताई गई आपत्ति का दिग्विजय सिंह ने समर्थन किया। उन्होंने एसआईआर की प्रक्रिया समाप्त करने की मांग की। साथ ही चुनाव आयोग के अधिकारी ज्ञानेश कुमार से सवाल किया कि उन्हें देश की जनता को जवाब देना चाहिए कि आखिर किसके आदेश पर एसआईआर की प्रक्रिया कराई जा रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के एक साथ चुनाव लड़ने की संभावना भी जताई।

सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का चुनाव से संबंध नहीं
अपनी प्रस्तावित 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि इसका किसी भी चुनाव से सीधा संबंध नहीं है। यह यात्रा सनातन के सच्चे मूल्यों को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जाएगी। भाजपा के चर्चित नारे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे नारे बताते हैं कि भाजपा का लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। लोकतंत्र में फैसला जनता करती है, कोई नारा नहीं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed