{"_id":"664dfe4f9e91a2619a0d81f3","slug":"the-bride-got-married-twice-in-five-days-desire-for-gold-jewelery-exposed-police-is-investigating-the-bride-got-married-twice-in-five-days-desire-for-gold-jewelery-exposed-police-is-investigat-damoh-news-c-1-1-noi1223-1723640-2024-05-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"गजब कर गई दुल्हनिया: पांच दिन में दुल्हन ने रचाई दो शादियां, सोने के गहनों की चाह ने खोली पोल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गजब कर गई दुल्हनिया: पांच दिन में दुल्हन ने रचाई दो शादियां, सोने के गहनों की चाह ने खोली पोल
Wed, 22 May 2024 08:18 PM IST
दमोह ब्यूरो
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
Published by: दमोह ब्यूरो
Updated Wed, 22 May 2024 08:18 PM IST
सार
हटा एसडीओपी नितेश पटेल ने बताया कि वह गिरोह तक पहुंच गए हैं। कुछ दस्तावेज जांचने की कार्रवाई चल रही है। कल यानी गुरुवार तक खुलासा कर देंगे।
विज्ञापन
लुटेरी दुल्हन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दमोह जिले के हटा में एक लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है। हटा में बड़ा बाजार में नेमा परिवार में एक शादी बांदकपुर से सोमवार को संपन्न हुई। दिन में बिना किसी मूहुर्त की शादी के बाद रात 10 बजे दुल्हन घर पहुंची। घर के लोगों ने बहू के आने की खुशी में देर रात तक नाच गाना कर बहू का स्वागत किया।
विज्ञापन
दूसरे दिन मंगलवार को नाटकीय रूप से दुल्हन घर जाने की जिद करने लगी। परिजनों को दुल्हन के व्यवहार को देख कुछ आशंका हुई। इसके बाद जब दुल्हन ने अपनी सास से सोने के आभूषण पहनने की ख्वाहिश जाहिर की तो परिजन समझ गए कुछ गड़बड़ है। जब बात नहीं बनी तो दुल्हन ने अचानक कहा कि उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया है और उसकी मौत हो गई है। इसलिए उसे मायके जाना है। जब ससुराल वालों ने माता-पिता से बात कराने या घटना की पुष्टि करने का दवाब बनाया तो दुल्हन न नुकर करने लगी। घर से निकलने के लिए दुल्हन ने अनेक जतन किए और शाम होते ही यह पूरा मामला हटा पुलिस के संज्ञान में लाया गया।
विज्ञापन
मंगलवार रात पुलिस अधिकारी नेमा परिवार तक पहुंचे। दुल्हन के बयान दर्ज किए और उसे दिलासा दी कि सुबह उसे उसके घर भेज दिया जाएगा। बुधवार सुबह इसी दुल्हन की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई कि इसने पांच दिन पहले 15 मई को कुम्हारी थाना के सगौनी गांव में भी एक शादी की है। शादी के प्रमाण लेकर सगौनी का पीड़ित युवक परिवार सहित हटा पुलिस थाने पहुंचा। जहां टीआई के हटा से बाहर होने के कारण एसडीओपी नीतेश पटेल ने पूरी घटना सुनी और नेमा परिवार की दुल्हन से महिला पुलिस की उपस्थिति में पूछताछ शुरू कर दी।
विज्ञापन
इसी बीच दुल्हन का आधार कार्ड सामने आ गया, जिसमें उसका पता सतना एमपी का था। जबकि आधार पोर्टल पर उत्तर प्रदेश का प्रदर्शित हुआ। दूसरा संदेह दुल्हन की जाति को लेकर हुआ। एक आधार में जाति तिवारी थी, जबकि सगौनी की 15 मई की शादी यादव जाति की लड़की बनकर की थी। 20 मई और 15 मई की शादी की फ़ोटो में एक ही महिला की फ़ोटो थी। पुलिस ने शादी के लिए मध्यस्थ की जानकारी भी एकत्रित की है। ताकि इस पूरे लुटेरे गिरोह का पर्दाफाश हो सके।
लेकिन अभी कोई नहीं पकड़ा गया और पुलिस भी अभी कोई जानकारी देने से मना कर रही है। फिलहाल, नेमा परिवार सदमे में है और पुलिस पूरे मामले की कड़ी जोड़ रही है। बताया जा रहा है कि इसमें एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है। हटा एसडीओपी नितेश पटेल ने बताया कि वह गिरोह तक पहुंच गए हैं। कुछ दस्तावेज जांचने की कार्रवाई चल रही है। गुरुवार तक खुलासा कर देंगे।
