News: दिन में निकलेगी भगवान भोलेनाथ की बारात, रात में जगेश्वरधाम बांदकपुर में धूमधाम से होगा शिव पार्वती विवाह
MP News: दमोह के और समूचे बुंदेलखंड के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र जागेश्वर धाम बांदकपुर में महाशिवरात्रि का पर्व 8 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा। दिन में भगवान भोलेनाथ की बारात निकेलगी और रात को शिव पार्वती का विवाह धूमधाम से होगा। पूरे प्रदेश से कावाड़ियो के पहुंचने का क्रम जारी है।
विस्तार
जिले के प्रमुख तीर्थ क्षेत्र देव श्री जागेश्वरनाथ धाम बांदकपुर के अलावा जटाशंकर धाम, मड़कोलेश्वर धाम, बड़ी देवी मंदिर, शिव शनि हनुमान मंदिर, फुटेरा तालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर, हटा नगर के गौरीशंकर मंदिर सहित अन्य मंदिरों में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियां जोरों से चल रहीं हैं। मंदिरों में रंग-रोगन किया जा रहा है। इस दौरान जिलेभर में भगवान भोलेनाथ की बारात निकाली जाएगी। तीर्थ क्षेत्र बांदकपुर धाम में दमोह के अलावा आसपास के ग्रामीण अंचलों से एक दर्जन से अधिक बारातें पहुंचेंगी।
जहां पर भगवान शिव व माता पार्वती का विवाह धूमधाम से मनाया जाएगा। यहां पर मंदिर के पुजारियों द्वारा पूरे विधि-विधान एवं वैदिक रस्सों के साथ शिव-पार्वती के विवाह की रस्में पूरी करई जाती हैं। भगवान के विवाह समारोह को देखने के लिए रात भर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहता है। लोग इस क्षण को देखने के लिए दूर-दूर से आते हैं। एक लाख कांवड़ चढ़ने पर मिल जाते शिव पार्वती मंदिर के ध्वज तेरहवें ज्योतिर्लिंग के रूप में विख्यात भगवान जागेश्वर धाम बांदकपुर मंदिर में महाशिवरात्रि पर लाखों कांवड़ यात्री नर्मदा जल लेकर पहुंचते हैं।
इस दिन जब एक लाख कांवड़ भगवान शिव को अर्पित हो जाती हैं तब शिव और पार्वती मंदिर के ध्वज आपस में मिलकर एक हो जाते हैं। इस नजारे को देखने प्रदेश भर से श्रद्धालु बांदकपुर पहुंचते हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के द्वारा यहां व्यवस्थाएं बनाना शुरू कर दिया है।
जिले भर से निकलेंगी बारात
इधर, शहर के जटाशंकरधाम में मंदिर में भी भगवान शिव पार्वती के विवाह की तैयारियां जोरों पर चल रहीं है। दोपहर में भगवान की बारात शहर में धूमधाम से निकाली जाएगी। वहीं रात में विवाह कार्यक्रम संपन्न होगा। इस दौरान मंदिरों में भंडारे आयोजित किए जाएंगे। बांदकपुर मंदिर के ट्रस्ट प्रबंधक रामकृपाल पाठक का कहना है कि शिवरात्रि की तैयारियां को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन द्वारा भी दो दिन पहले बैठक ली जा चुकी है। जिसमें प्रशासन की तरफ से विशेष सुरक्षा के प्रबंध किए जाएंगे।
महाशिवरात्रि पर सभी मनोकामनाएं होंगी पूरी
जगदीश स्वामी मंदिर के पुजारी पंडित नर्मदा प्रसाद गर्ग ने बताया कि फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की धनुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि मनाई जाती है। इस साल यह पर्व 8 मार्च को है। इस दिन शुक्र प्रदोष व्रत का महासंयोग बन रहा है। इसके अलावा हित योग, सर्वार्थसिद्धि योग व चतुर्वही योग का भी संयोग बन रहा है। भगवान शिव की पूजा में यह दुर्लभ योग शीघ्र फल देने वाला होता है।
