MP News: दमोह की 7203 महिलाएं सरकार की लाड़ली बहना योजना से हो गईं बाहर, अब हर महीने नहीं मिलेंगे 1250 रुपये
प्रदेश में लाड़ली बहना योजना जब से शुरू हुई है, तब से दमोह में अब तक 7203 महिलाएं योजना से बाहर हो चुकी हैं। इन महिलाओं को अब योजना की राशि नहीं मिल रही है। सबसे अधिक महिलाएं जनवरी और जुलाई के महीनों में योजना से बाहर हुई हैं।
विस्तार
दमोह जिले की 7203 महिलाएं लाड़ली बहना योजना के प्रारंभ होने से अब तक इससे बाहर हो चुकी हैं। 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद इन महिलाओं को योजना से बाहर करते हुए 1250 रुपये प्रति माह की राशि बंद कर दी गई है। अब केवल उन महिलाओं को वृद्धावस्था पेंशन योजना में शामिल किया जाएगा, जिनका नाम गरीबी रेखा की सूची में है या जिनके पास संबल कार्ड है। इन्हें 600 रुपये प्रति माह दिया जाएगा, जबकि बाकी महिलाओं को किसी भी योजना में शामिल नहीं किया जाएगा। दमोह जिले में चार लाख 65 हजार 137 महिला मतदाता हैं, जिनमें से दो लाख 54 हजार 827 महिलाएं लाड़ली बहना योजना में रजिस्टर्ड हुई थीं।
दो वर्षों में 7203 महिलाएं योजना से बाहर
प्रदेश में लाड़ली बहना योजना जब से शुरू हुई है, तब से दमोह में अब तक 7203 महिलाएं योजना से बाहर हो चुकी हैं। इन महिलाओं को अब योजना की राशि नहीं मिल रही है। सबसे अधिक महिलाएं जनवरी और जुलाई के महीनों में योजना से बाहर हुईं। इसका कारण यह है कि स्कूल में प्रवेश के दौरान जन्मतिथि याद नहीं होने पर उनकी जन्मतिथि 1 जनवरी या 1 जुलाई दर्ज कर दी गई थी। दस्तावेजों के अनुसार, इन महिलाओं को 60 वर्ष का मान लिया गया, जिससे वे योजना से बाहर हो गईं।
फैक्ट फाइल
- महिला मतदाता: 465137
- नवंबर में लाड़ली बहना: 252342
- जनवरी में उम्रदराज महिलाएं: 3183
- कुल मृत महिलाएं: 268
- समग्र से डिलीट: 99
- 2024 में 60 वर्ष पूर्ण: 3183
- लाभ परित्याग महिलाएं: 442
- कुल पात्र महिलाएं: 246506
अब नहीं जोड़े जा रहे नए नाम
पोर्टल में अभी नई अपडेट के निर्देश नहीं मिले हैं। इसलिए लाड़ली बहना योजना में नए नाम अभी नहीं जोड़े जा रहे हैं। जो महिलाएं 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी हैं, उनके नाम वृद्धावस्था पेंशन योजना में जोड़े जा रहे हैं। यह दोनों योजनाएं समग्र पोर्टल के माध्यम से संचालित हो रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सचिव और शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका के माध्यम से ऐसी महिलाओं की सूची तैयार की जाती है, जिन्हें इन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
योजना से स्वतः बाहर हो जाते हैं
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी संजीव मिश्रा का कहना है कि योजना के तहत 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाली महिलाओं के नाम लाड़ली बहना योजना से स्वतः बाहर हो जाते हैं।
