फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   chhindwara News ›   MP Lok Sabha Polls CM Mohan Yadav says Chhindwara was kept slave this election independence here

MP LS Polls: सीएम मोहन यादव बोले- छिंदवाड़ा को गुलाम बनाकर रखा, इस बार यहां की आजादी का चुनाव है

Wed, 10 Apr 2024 10:23 PM IST
अरविंद कुमार न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, छिंदवाड़ा
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, छिंदवाड़ा Published by: अरविंद कुमार Updated Wed, 10 Apr 2024 10:23 PM IST
सार

MP LS Polls: छिंदवाड़ा को गुलाम बनाकर रखा, इस बार यहां की आजादी का चुनाव है। कमलनाथ कह रहे हैं कि 45 साल की तपस्या है, ये तपस्या नहीं छिंदवाड़ा के लिए समस्या है। यह बातें छिंदवाड़ा जिले में सीएम मोहन यादव ने कही।

विज्ञापन
MP Lok Sabha Polls CM Mohan Yadav says Chhindwara was kept slave this election independence here
छिंदवाड़ा में सीएम मोहन यादव - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश की छिंदवाड़ा सीट को जीतने के लिए भाजपा ने पूरा जोर लगा दिया है। बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रत्याशी विवेक साहू के समर्थन में दमुआ, जुन्नारदेव, परासिया के चांदामेटा में रोड शो और जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने पूर्व सीएम कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों से छिंदवाड़ा को गुलाम बनाकर रखा है, जिस तरह से कांग्रेस सिर्फ एक ही परिवार की जागीर बनकर रह गई है, उसी तरह से छिंदवाड़ा को भी एक ही परिवार ने अपनी गुलामी की जंजीरों में जकड़ रखा है, लेकिन अब छिंदवाड़ा की जनता समझदार हो गई है। वह अपना अच्छा क्या है और बुरा क्या है सब जानती है।

विज्ञापन


सीएम मोहन ने कहा, कमलनाथ कहते हैं कि वे छिंदवाड़ा में 45 वर्षों से तपस्या कर रहे हैं, लेकिन वे छिंदवाड़ा के लिए तपस्या नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे तो यहां के लिए समस्या बन गए हैं। कांग्रेस तो हमेशा से झूठ बोलकर ही राज करती रही है। झूठ बोलना तो इनके खून में ही शामिल है। छिंदवाड़ा आकर इतना आनंद आ रहा है, मन इतना खुश है और लग रहा है कि हमारी तो रामनवमी, होली, दीवाली सब बन गई है। 
विज्ञापन




छिंदवाड़ा में फैले कीचड़ में खिलता दिख रहा है कमल
मुख्यमंत्री ने कहा कि छिंदवाड़ा में 45 वर्षों से फैले कीचड़ में इस बार कमल का फूल खिलता दिखाई दे रहा है। छिंदवाड़ा आकर इतना आनंद आ रहा है और आप सभी को देखकर ऐसा लग रहा है कि कोई बड़ा समुद्र हिलोरे ले रहा हो। सबकी उपस्थिति से निश्चित रूप से इस बार छिंदवाड़ा में कमल का फूल ही खिलेगा। उन्होंने कहा कि अब छिंदवाड़ा की जनता सब समझ गई है कि उन्हें अब तक झूठ बोलकर पागल बनाया जाता रहा है। अब छिंदवाड़ा के लोग क्यों जीवनभर किसी के गुलाम बनकर रहे। वे भी गुलामी से बाहर आना चाहते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक तरफ कमलनाथ कहते हैं कि वे 45 वर्षों से छिंदवाड़ा का विकास कर रहे हैं, लेकिन यहां की 35 खदानें बंद हो गईं हैं। रहने के लिए क्वार्टर नहीं हैं। छिंदवाड़ा और प्रदेश की जनता ने वर्ष 2018 में कांग्रेस को मौका दिया। 15 माह तक सरकार रही, लेकिन मुख्यमंत्री रहते कमलनाथ यहां की खदानों को चालू नहीं करवा सके। अब यह कलंक किसके माथे पर है।

इन्हें उठाते-उठाते लोगों के कंधे टूट गए
मुख्यमंत्री ने कहा कि छिंदवाड़ा के लोगों के 45 सालों में इन्हें उठाते-उठाते कंधे तक टूट गए हैं, लेकिन इन्होंने उन लोगों की सुध तक नहीं ली। क्या छिंदवाड़ा में एक ही परिवार है, जिसको राजनीति करने का अधिकार है? क्या छिंदवाड़ा सिर्फ एक ही परिवार की जागीर बनकर रह गया है। भाजपा में परिवारवाद नहीं चलता है, यहां पर कार्यकर्ताओं को भी उनका अधिकार मिलता है। वे छिंदवाड़ा की जनता से झूठ बोलकर पहले खुद सांसद बनते रहे, फिर परिवारवाद शुरू कर दिया।

कांग्रेस झूठ बोलकर वर्षों तक आपस में लड़ाती रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग वर्षों तक झूठ बोलकर देश-प्रदेश में राज करते रहे। ये झूठ बोलकर सरकार बनाते रहे। आजादी के समय इन्होंने हिन्दुस्तान-पाकिस्तान का बंटवारा करवाया। आजादी के बाद मंदिरों के नाम पर हिन्दू-मुसलमानों को लड़ाते रहे। वर्षों से हमारे देश में भी मंदिरों में नामों पर हिन्दू-मुसलमानों को लड़ाते रहे।



मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे देश में तो राम और रसखान की पुरानी परंपरा थी, लेकिन कांग्रेस के लोग तो हमारे आराध्य श्रीराम मंदिर पर ही प्रश्न खड़ा करते रहे। वे कहते रहे कि श्रीराम मंदिर बनेगा तो देश के हालात बिगड़ जाएंगे, दंगे होंगे, लेकिन सबने देखा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद क्या हिन्दू और क्या मुसलमान, सभी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और आज श्रीराम मंदिर बनकर तैयार भी हो गया। पिछले 10 वर्षों में एक बार भी दंगा या देश में ऐसे हालात नहीं पैदा हुए, जिससे किसी को कोई परेशानी आए। कांग्रेस के लोग चिल्लाते थे कि देश में यदि मोदीजी आएंगे तो देश की हालात बिगड़ जाएगी, लेकिन आज देश की हालत दुनिया के नक्शे में शक्तिशाली, समृद्धशाली, वैभवशाली देश की हो गई है।

पाकिस्तान ने भी की थी गलती, सिखाया सबब
मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने भी पहले गलती की थी। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी ने पाकिस्तान के घर में घुसकर उसे सबक सिखाया है। पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राईक की। एयर स्ट्राईक की। अब भारत में फूटने वाले बम, गोले बंद हो गए हैं। एक तरफ पाकिस्तान था, जो अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था, तो दूसरी तरफ बांग्लादेश जैसा देश भी है। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए राखी भेजती हैं तो प्रधानमंत्री भी उनके लिए साड़ी भेजते हैं।

अब गरीबों के लिए भी मिलेगा हेलीकॉप्टर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छिंदवाड़ा से भी एक हेलीकाप्टर उड़ता है, लेकिन वह हेलीकाप्टर किसी गरीब के लिए नहीं उड़ता है। वह हेलीकाप्टर तो छिंदवाड़ा के लोगों की कमाई से उड़ता है, लेकिन अब गरीबों के लिए भी हेलीकाप्टर की व्यवस्था देश और प्रदेश की भाजपा सरकार कर रही है। हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि यदि किसी गरीब को बीमार होने, एक्सीडेंट होने पर एयर एम्बुलेंस की जरूरत पड़ेगी तो उसे सरकार एयर एम्बुलेंस से बड़े शहर के अस्पताल तक छोडने का काम करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री देश की गरीब जनता को पक्का मकान बनाकर दे रहे हैं, घर-घर तक नल-जल योजना के द्वारा पानी पहुंचा रहे हैं। हर गरीब को आयुष्मान कार्ड देकर निःशुल्क इलाज की सुविधाएं दे रहे हैं, महिलाओं की आंखें नहीं जले इसके लिए उन्हें गैस सिलेंडर दे रहे हैं। गरीबों का यह दर्द गरीबी देखने वाला ही समझ सकता है। ऐसी गरीबी हमारे प्रधानमंत्री ने भी देखी है। उन्होंने भी रेलवे स्टेशन पर चाय बेची है।



कांग्रेसी भाजपा को मुस्लिम विरोधी बताते हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग हमेशा से फूट डालो शासन करो की नीति अपनाते रहे हैं। भाजपा का तो लक्ष्य ही सबका साथ सबका विकास करना है। कांग्रेस के लोग भाजपा को हमेशा से मुस्लिम विरोधी बताते रहे हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं दिखता है कि भाजपा हमेशा से सभी देशवासियों को एक ही मानती है। भाजपा ने ही हमारे देश के मिसाइलमैन डॉ एपीजे अब्दुल कलाम साहब को राष्ट्रपति बनाया था। दूसरी बार भी उन्हें राष्ट्रपति बनाने की तैयारी थी, लेकिन कांग्रेस के लोगों ने उसमें अड़ंगा लगा दिया। कांग्रेस की तो हमेशा से ही भाजपा के अच्छे कामों में अड़ंगा लगाने की आदत सी बन गई है। अब कांग्रेस की इन्हीं हरकतों से उनके कार्यकर्ता, नेता खुद पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग फिर से लालच देंगे, लेकिन अब इनके लालच में नहीं आना है और छिंदवाड़ा में फैले कीचड़ में कमल का फूल खिलाना है।

अबकी बार, छिंदवाड़ा पार
मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव में आयोजित रोड शो के दौरान सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब चुनाव का प्रचार-प्रसार आखिरी दौर में पहुंच रहा है। इसके लिए मैं आपसे आशीर्वाद लेने के लिए आया हूं। छिंदवाड़ा की जनता ने अब तक 45 वर्षों से एक ही परिवार को माथे पर बिठाया है, लेकिन इस बार कमल के फूल को खिलाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमारे देश के उन जवानों का हिसाब मांगती है, जो अपनी जान की बाजी लगाकर देश की सुरक्षा में तैनात हैं। कांग्रेस को ये अधिकार किसने दे दिया कि वह जवानों का हिसाब मांगे। एक तरफ हमारे प्रधानमंत्री दीपावली पर देश की सीमा पर जाकर जवानों के साथ पटाखे चलाते हैं, दीपोत्सव मनाते हैं तो दूसरी तरफ कांग्रेस उन जवानों का हिसाब मांग रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासियों से वोट तो मांगती है, लेकिन आदिवासियों के हितों के लिए अब तक क्या किया है। भाजपा की सरकार ने एक आदिवासी नेत्री को राष्ट्रपति बनाकर साबित किया है कि भाजपा आदिवासियों के हितों का कितना ध्यान रखती है। कांग्रेस हमारे आराध्य श्रीरामलला मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का आमंत्रण ठुकराती है, इसलिए जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं। उन्होंने कहा कि अबकी बार-छिंदवाड़ा पार करना है।

हेलीकॉप्टर में उड़ने वाले हवा में उड़ जाएंगे
मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा जिले के परासिया के चांदामेटा में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि  इस बार मौसम बदल रहा है। इस बार हेलीकॉप्टर में उड़ने वाले हवा में उड़ जाएंगे और जमीन पर रहने वाले यहां झंडा गाड़ेंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि इस बार छिंदवाड़ा की जनता ने तय कर लिया है कि आजादी के बाद पहली बार यहां पर लड़ाई स्थानीय और बाहरी की होगी। जनता इस बार स्थानीय को ही सांसद बनाएगी। कमलनाथ को 45 साल सरकार में रहते हुए हो गए। वे मंत्री बन गए, केंद्रीय मंत्री बन गए, मुख्यमंत्री तक बन गए, लेकिन छिंदवाड़ा की 35 खदानें नहीं रोक पाए। ये खदानें बंद हो गई। अब तक छिंदवाड़ा में रावण की लंका जलेगी। 

कांग्रेस सहित सभी विपक्षी करते कुछ नहीं सिर्फ कहते हैं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नरसिंहपुर जिले की गोटेगांव विधानसभा के मुंगवानी में भाजपा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहा कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियां सिर्फ झूठ बोलने का कार्य करती हैं। वे जनता को ठगकर अपनी रोटियां सेकते हैं। वे घुमा-घुमाकर जनता के सामने वे बाते कहते हैं, जो वे कभी करते ही नहीं। वे तो सिर्फ झूठ बोलते हैं। देश की आजादी के समय न जनसंघ था, न भाजपा थी, लेकिन कांग्रेस ने तब भी झूठ बोला और हिन्दुस्तान-पाकिस्तान का बंटवारा कर दिया। जो काम इतने वर्षों तक देश पर राज करने वाले अंग्रेज भी नहीं कर पाए वह पाप कांग्रेस पार्टी ने किया है। कांग्रेस ने अंखड भारत को ही खंडित करने का कार्य किया है। जिनके लिए जीवन में सत्ता और कुर्सी ही सब कुछ होती है उनसे देश के विकास और यहां की जनता के विकास की अपेक्षा कैसे की जा सकती है। आजादी के समय लिया गया कांग्रेस का एक निर्णय पूरे देश पर भारी पड़ रहा है। सभा को प्रदेश शासन के मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने भी संबोधित किया। 



हमारी सनातन संस्कृति पर आंख उठाने वाले बर्दाश्त नहीं होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सनातन संस्कृति और देश की आबरू पर आंख उठाकर देखने वालों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आज देश की सनातन संस्कृति की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति की रक्षा करने का कार्य देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने किया है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण करवाकर यह साबित कर दिया, लेकिन कांग्रेस को यह भी रास नहीं आया। कांग्रेस के एक नेता थे सरदार वल्लभ भाई पटेल, जिन्होंने सोमवाथ का मंदिर बनवाया था, लेकिन एक नेता जवाहरलाल नेहरू भी थे, जिन्होंने कश्मीर में धारा 370 लगाने का पाप किया था। चीन को भारत की जमीन दे दी। अब यही पाप आज कांग्रेस के नेता भी कर रहे हैं। उन्होंने भी श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के आमंत्रण को ठुकराने का पाप किया है। ऐसे कई पाप हैं कांग्रेस के खातों में, जिन्हें गिनाते-गिनाते सुबह हो जाए।

उज्जैन विक्रम व्यापार मेले में सारे रिकॉर्ड टूटे
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को झूलेलाल जयंती और हिन्दू नववर्ष की बधाई, शुभकामनाएं दी। वे सिंधी समाज के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उज्जैन पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उज्जैन में शिवरात्रि से लेकर गुड़ी पड़वा तक व्यापार मेला लगा था। व्यापार मेले में अभी तक के सारे रिकॉर्ड टूट गए। मैं अपनी ओर से उज्जैन वालों की ओर से सरकार की ओर से प्रदेश और देश के मोटर व्हीकल व्यापारियों को बधाई देता हूं।

डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन व्यापार मेले से लगभग सवा सौ करोड़ से ज्यादा का रेवेन्यू मिला है। उज्जैन से 23 हजार से ज्यादा वाहनों की बिक्री हुई है, यह पहली बार का प्रयोग था। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में 102 करोड़ का लक्ष्य रहा, ग्वालियर से भी आगे उज्जैन में पहली साल में ही सवा सौ करोड़ का रेवेन्यू मिलना अपने आप में बड़ा आंकड़ा है।

कांग्रेस के रतलाम जिलाध्यक्ष सहित कई कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष संभागीय भाजपा कार्यालय उज्जैन में रतलाम के कांग्रेस जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल, जोबट अलीराजपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरपाल सिंह अजनार, कांग्रेस आईटी सेल प्रदेश सचिव शुभम पाटीदार, रघुनंदन शर्मा जोबट, आनंद भाई शाह चंद्रशेखर आजाद नगर ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री ने सभी नेताओं का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर उज्जैन लोकसभा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया, प्रदेश शासन के मंत्री नागर सिंह चौहान, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष व विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, उज्जैन नगर अध्यक्ष विवेक जोशी, रतलाम जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिले के दमुआ, जुन्नारदेव, परासिया के चांदामेटा में रोड शो व जनसभा एवं नरसिंहपुर जिले की गोटेगांव विधानसभा के मुंगवानी में विशाल जनसभा को संबोधित किया।

मौसम ने बदला मुख्यमंत्री डॉ यादव का दौरा, जोखिम उठाकर मुंगवानी पहुंचे
आज दोपहर बाद अचानक मौसम परिवर्तन के कारण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दौरा बदल गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव चांदामेटा, परासिया से अहीरवारा, अमरवाड़ा में कार्यक्रम के लिए जाने वाले थे, लेकिन चांदामेटा परासिया में रोड शो के दौरान बारिश शुरू हो गई। मौसम बिगड़ने के कारण पायलट ने तुरंत चलने के लिए अनुरोध किया। अधिकारियों ने बताया कि अहीरवारा बने हेलीपैड पर पानी भर गया है। वहां हेलीकॉप्टर उतारना संभव नहीं है। इस कारण अहीरवाड़ा की सभा निरस्त की गई।

पायलट ने खराब मौसम हवाला देते हुए सीधे भोपाल जाने के लिए अनुरोध किया था। गोटेगांव विधानसभा में मुंगवानी में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम का था और यहां पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ प्रतीक्षा कर रहे थे। इस कारण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ख़राब मौसम के बावजूद मुंगवानी पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।


आमसभा के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से लखनादौन पहुंचे और भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से भेंट की, जिसके बाद ग्राम धूमा और बरगी होते हुए जबलपुर के लिए रवाना हुए। लखनादौन से जबलपुर के रास्ते ग्राम सिलुआ, तिंसी, बरबटी, कलादेही, सुकरी में बरसते पानी में ग्रामीण स्वागत के लिए खड़े थे। मुख्यमंत्री अपना काफिला रोकते हुए ग्रामीणों से मिले, उनसे संवाद किया। मुख्यमंत्री की सहृदयता और सरलता देखकर ग्रामीण आनंदित हुए। ग्रामीणों के स्नेह और प्रेम से अभिवाद होकर उनका आभार मानते हुए मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed