MP: बागेश्वरधाम में 251 बेटियों की शादी, आशीर्वाद देंगी राष्ट्रपति, सात दिनों तक चलेगा कार्यक्रम; जानें सबकुछ
26 फरवरी को बुंदेलखंड का ऐतिहासिक कन्या विवाह महोत्सव आयोजित हो रहा है। 251 वर-वधू को सफल वैवाहिक जीवन का राष्ट्रपति आशीर्वाद देंगी। इस दिन देश के प्रख्यात संत मंच पर उपस्थित रहेंगे। बाबा ने सभी को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया है।
विस्तार
सिद्ध तीर्थ बागेश्वर धाम में बुंदेलखंड का महामहोत्सव 19 फरवरी से कलश यात्रा के साथ शुरू हो रहा है। रविवार को बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने प्रेस कांफ्रेंस कर आयोजन की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि धर्मान्तरण से बचाने आदिवासी बेटियों के विवाह कराए जा रहे हैं।
जबकि दलित दूल्हों को घोड़े पर बैठने न देने की दबंगई को रोकने सभी दूल्हों को घोड़े पर बैठाकर दबंगई रोकी जाएगी। बाबा ने बताया कि 26 फरवरी को देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू 251 वर-वधू को सफल वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद देंगी।
251 में से 108 आदिवासी बेटियां
बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर ने बताया कि 251 कन्या विवाह समारोह में 108 आदिवासी बेटियों का विवाह के लिए इसलिए चयन किया गया है। क्योंकि बुंदेलखंड में दबंग दलित दूल्हों को घोड़े पर बैठने नहीं देते साथ ही आदिवासी धर्मान्तरण का शिकार होते हैं जैसे अभी हाल में छतरपुर जिले का एक मामला सामने आया है। इसलिए सभी दूल्हों की घोड़ों पर बारात निकाली जाएगी।
घोड़ी पर निकलेगी दलित दूल्हों की बारात
बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि सामाजिक एवं ऊंच-नीच, जात-पांत का भेद मिटाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है कि धाम पर 26 फरवरी को आयोजित होने वाले 6वें विवाह महा महोत्सव में जिन 108 आदिवासी कन्याओं के विवाह होने जा रहे हैं। उन सभी दूल्हों को 108 घोड़ी पर बैठाकर बारात निकाली जाएगी।
यहां से पूरे देश में यह संदेश दिया जाएगा कि अब देश में जाति-पांति का कोई भेद नहीं है। सभी को समानभाव से अपने विवाह का उत्सव मनाने का अधिकार है। क्योंकि दबंग दलित दूल्हों को घोड़ों पर बैठने नहीं देते। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 57 ऐसे जोड़े इस महायज्ञ में परिणय सूत्र में बंधेंगे जो मध्यप्रदेश के अलावा अन्य प्रदेशों के हैं।
वर-वधू पक्ष को भेंट की लहंगा-चुनरी, शेरवानी, टोपी
सभी 251 जोड़ों को बागेश्वर धाम बुलाकर महाराजश्री एवं पशु पालन राज्यमंत्री लखन पटेल ने शुरूआती सामग्री भेंट की। बेटी के लिए लहंगा-चुनरी, सैंडल, कंगन और दूल्हे के लिए शेरवानी तथा टोपी भेंट की है, ताकि वे एक दिन पहले ही तैयार होकर बागेश्वर धाम पहुंचेंगे। इस बार कन्या और वर पक्ष को 25 फरवरी को ही धाम बुलाया गया है ताकि वे किसी भी परेशानी से बच सकें।
राष्ट्रपति देंगी बेटियों को आशीर्वाद
26 फरवरी को बुंदेलखंड का ऐतिहासिक कन्या विवाह महोत्सव आयोजित हो रहा है। 251 वर-वधू को सफल वैवाहिक जीवन का राष्ट्रपति आशीर्वाद देंगी। इस दिन देश के प्रख्यात संत मंच पर उपस्थित रहेंगे। बाबा ने सभी को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। बागेश्वर धाम के कार्यक्रम को वृहद रूप दिया गया है।
3 लाख वर्गफीट में होगा टेंट पंडाल, 15 एकड़ में मंडप और भंडारा
3 लाख वर्गफिट में टेंट लगाया जा रहा है तो वहीं 12 से 15 एकड़ में मण्डप और भण्डारे की व्यवस्था की गई है। बाबा ने कहा कि बागेश्वर धाम देश का एक ऐसा स्थल है, जहां गरीब बेटियों के लिए दानपेटी खोली गई है। दानपेटी से गरीब बेटियों का घर बसाने का यहीं से संदेश दिया जा रहा है।
संत और खेल व सिनेमा जगत की हस्तियां आएंगीं
कार्यक्रम में देश के अनेक क्षेत्रों से साधु संतों का आगमन हो रहा है, जिसमें जगद्गुरू रामभद्राचार्य महाराज, मलूक पीठाधीश्वर राजेन्द्रदास महाराज, गोरीलाल कुंज वाले स्वामी किशोर दास महाराज, इंद्रेश उपाध्याय, पुण्डरीक गोस्वामी, गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज, चिदानंद स्वामी महाराज, बालक योगेश्वर दास महाराज, अयोध्या के संत राम दिनेश आचार्य महाराज, अभिरामाचार्य महाराज, अभयदास महाराज, हरिद्वार से रामदास महाराज, चिन्मयानंद बापूजी महाराज, गंगादास महाराज, गोपालमणि महाराज, संजय सलिल महाराज सहित अनेक संत पधार रहे हैं।
क्रिकेटर भी करेंगे शिरकत
इसके अलावा बेटियों को आशीर्वाद देने के लिए क्रिकेट जगत के सितारे पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेन्द्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा, आरपी सिंह, फिल्म जगत से पुनीत वशिष्ठ, कुश्ती जगज से ग्रेट खली सहित अनेक कलाकार आएंगे।
7 दिनों के तक चलेगा कार्यक्रम, पीले चावल देकर गांव-गांव निमंत्रण
बाबा ने 7 दिनों तक चलने वाले महा उत्सव की जानकारी देते हुए बताया कि 19 फरवरी को विशाल कलश यात्रा निकलेगी। कलश यात्रा के माध्यम से गांव के देवी-देवताओं को महोत्सव सफल बनाने के लिए निमंत्रण दिया जाएगा। 3 से 5 हजार सदस्य गांव-गांव पीले चावल बांटकर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
बागेश्वर धाम में 18 पुराण, 4 वेद, 6 शास्त्र का वाचन होगा। 23 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बालाजी कैंसर हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च इंस्टीट्यूट की आधारशिला रखेंगे। 20 फरवरी को भारत एवं संपूर्ण विश्व के शिष्य मंडल धाम पहुंचेंगे और इसी दिन अन्नपूर्णा यज्ञ की शुरूआत होगी।
21 एवं 22 फरवरी को गुरू दीक्षा महोत्सव होगा। जबकि शाम को रामलीला का मंचन होगा। बागेश्वर धाम आने वाले भक्तों के लिए सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई है ताकि वे बालाजी और बागेश्वर महादेव के दर्शन करने के साथ ही भगवत चर्चा श्रवण कर पुण्य लाभ कमाएं।
दीदी मां ऋतंभरा के प्रवचन 22 से
देश की प्रख्यात कथावाचक एवं अनाथ बेटियों को वात्सल्य देने वालीं दीदी मां ऋतंभरा धाम में आशीर्वचन देने आ रही हैं। 22 फरवरी से 25 फरवरी तक दीदी मां प्रवचन करेंगी। युवाओं से लेकर वरिष्ठ और बुजुर्ग लोगों को धर्म के प्रति प्रेरित करने तथा हिन्दू राष्ट्र की प्रेरणा जगाने दीदी मां सबको अपनी वाणी रूपी अमृत से आनंदित करेंगी।
खली की कुश्ती 24 को
24 फरवरी को देश के प्रख्यात संत अवधेशानंद गिरि महाराज के प्रवचन होंगे। वहीं इसी दिन जाने-माने रेसलर द ग्रेट खली अपने शिष्यों के साथ बागेश्वर धाम आएंगे और कुश्ती का प्रदर्शन कराएंगे। बागेश्वर धाम में सीडब्ल्यूसी की फाइट देखने को मिलेगी। यह करीब 2 घंटे का कार्यक्रम रहेगा।
तीन स्तर का बनेगा मंच
100 एकड़ से अधिक क्षेत्र में पूरा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 50 हजार स्क्वायर फीट का स्थाई डोम हो रहा तैयार छठवें विशाल महोत्सव के लिए इस बार तीन स्तरीय मंच तैयार किया जा रहा है। 48 सौ वर्गफिट में मंच तैयार किया जा रहा है। तीन स्तर के मंच में सबसे ऊपर अतिथि और संत गण रहेंगे, दूसरे और तीसरे स्तर में वर वधुओं के जयमाला हेतु व्यवस्था की गई है। 50 हजार स्क्वायर फीट का स्थाई डोम तैयार करने में लोग लगे हैं। जबकि 30-30 हजार स्क्वायर फीट के दो अस्थाई जर्मन डोम भी तैयार हो रहे हैं।
बाईपास से हेलीपैड तक दोनों और होगी सजावट
आश्रम के सूत्रों ने बताया कि बाईपास से हेलीपैड तक सड़क के दोनों ओर भव्य सजावट होगी। समूचा बागेश्वर धाम दूधिया रोशनी से जगमगाएगा। बस वालियों के सहारे आधुनिक बल्ब, झालर लगाकर अत्यंत आकर्षक बनाने का प्रयास चल रहा है। करीब 2000 एलईडी मोम्बाइट लगाई जा रही है। मंदिर परिसर, यज्ञशाला, अन्नपूर्णा सहित अन्य प्रमुख भवन रोशनी में नहाएंगे। ऐसी ट्यूब लाइट लगाई जा रही है जिसे तिरंगा की छवि निकलेगी यह लाइटें राष्ट्र प्रेम का संदेश देंगी।
19 से 25 फरवरी तक होगा नौ कुंडीय अन्नपूर्णा यज्ञ
किसी भी धार्मिक स्थल में यज्ञ की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शक्तियों का यज्ञ के माध्यम से आवाहन किया जाता है और यही शक्तियां यज्ञ नारायण भगवान के माध्यम से प्रसाद पाकर जनकल्याण का कार्य करती है। यज्ञ के संबंध में धीरू महाराज ने बताया कि 19 से 25 फरवरी तक अन्नपूर्णा यज्ञ होगा 19 फरवरी को विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। बनारस के यज्ञाचार्य पं. राजा पांडे सहित विद्वान पंडितों की मौजूदगी में यज्ञ संपन्न होगा। धीरू महाराज ने बताया कि यज्ञ के साथ-साथ 18 पुराण का पारायण और रामचरितमानस का पाठ भी आयोजित किया जा रहा है।
5 किमी. तक बिछ रही पाइप लाइन, क्षेत्र में रखी जा रहीं 2 हजार लीटर की 80 टंकियां
जल ही जीवन है इसलिए कार्यक्रम के दौरान पानी की कोई परेशानी ना हो ऐसे प्रबंध किए जा रहे हैं समुचित आयोजन क्षेत्र में पानी की पर्याप्त व्यवस्था किए जाने हेतु करीब 5 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इसके अलावा 2000 लीटर की 80 टंकियां रखकर 12 से 13 अस्थाई पॉइंट बनाए जा रहे हैं।
इन्हीं पानी की टंकियों से नल की टोंटियां फिट की जाएगी ताकि सबको सुगमता से पानी मिल सके। 80000 लीटर क्षमता वाली दो पानी की टंकियां पहले से ही तैयार की जा चुकी है। इन्हीं टंकियां के सहारे पूरे आयोजन क्षेत्र में पानी पहुंचेगी इसके अलावा 60 टैंकरों को भी पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कथा स्थल, अन्नपूर्णा सहित सभी प्रमुख स्थलों में सुगमता से पानी पहुंचेगा।
