मध्यप्रदेश : भोपाल में कोरोना का कहर जारी, तीन मई तक बढ़ाया गया कर्फ्यू
- भोपाल नगर निगम क्षेत्र एवं बैरसिया नगर पालिक क्षेत्र में कोरोना कर्फ्यू को तीन मई प्रात: छह बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने के चलते मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना कर्फ्यू को तीन मई तक बढ़ा दिया गया है। इस संबंध में भोपाल जिला प्रशासन ने रविवार को आदेश जारी कर दिए हैं।
भोपाल के जिलाधिकारी अविनाश लवानिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने के चलते जिले के भोपाल नगर निगम क्षेत्र एवं बैरसिया नगर पालिक क्षेत्र में कोरोना कर्फ्यू को तीन मई प्रात: छह बजे तक बढ़ा दिया गया है। पहले इन दोनों क्षेत्रों में 12 अप्रैल की रात नौ बजे से 26 अप्रैल प्रात: छह बजे तक कोरोना कर्फ्यू लगाने के आदेश दिए गए थे।
रेहड़ी पटरीवालों के खाते में राहत के तौर पर डाले जाएंगे एक-एक हजार रुपये : चौहान
कोरोना वायरस के तेजी बढ़ रहे नए मामलों के मद्देनजर मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों में लगाए गए कर्फ्यू के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को एलान किया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रेहड़ी पटरीवालों को राहत प्रदान करने के लिए उनके खाते में एक-एक हजार रुपये डाले जाएंगे। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों के खाते में भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना निधि की एक किस्त भी शीघ्र ही डाली जाएगी।
चौहान ने मुख्यमंत्री निवास से प्रदेशवासियों के नाम जारी संदेश में यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘कोरोना वायरस महामारी काल के इन कठिनाइयों वाले समय में जीवनयापन के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही है। मध्यप्रदेश सरकार ने गरीबों को तीन महीने का राशन नि:शुल्क देने का फैसला किया है। भारत सरकार ने भी मई और जून दो माह का राशन नि:शुल्क देने निर्णय लिया है।’
चौहान ने कहा, ‘इसके साथ शहरी और ग्रामीण रेहड़ी पटरीवालों के खाते में भी एक-एक हजार रुपये डालने का निर्णय लिया गया है। किसानों के खाते में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना निधि की एक किस्त भी शीघ्र ही डाली जाएगी। जनता को राहत देने के हरसंभव उपाय लगातार जारी रहेंगे।’
मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल दस-दस हजार रुपये दिए जाते हैं। इसमें से छह-छह हजार केंद्र सरकार देती है, जबकि चार-चार हजार मध्यप्रदेश सरकार दो समान किस्तों में देती है।
चौहान ने कहा, ‘हम सब मिलकर कोरोना के खिलाफ युद्ध लड़ रहे हैं। राहत की बात यह है कि अब लगातार संक्रमण दर कम होती चली जा रही है। 22 अप्रैल को यह 24.29 प्रतिशत था जो 25 अप्रैल को 23.01 हो गया।’
