{"_id":"6ae026546ebea1ccd801f655","slug":"bhopal-smart-meter-faults-may-cost-consumers-5-500-in-burn-charges-plus-400-in-resealing-fees-2026-10-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"भोपाल: मुफ्त लगे स्मार्ट मीटर बने जी का जंजाल, तकनीकी गड़बड़ी से जल रहे टर्मिनल, उपभोक्ताओं की जेब हो रही ढीली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भोपाल: मुफ्त लगे स्मार्ट मीटर बने जी का जंजाल, तकनीकी गड़बड़ी से जल रहे टर्मिनल, उपभोक्ताओं की जेब हो रही ढीली
Tue, 27 Oct 2026 09:49 AM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Tue, 27 Oct 2026 09:49 AM IST
सार
भोपाल में स्मार्ट मीटर में खराबी आने पर उपभोक्ताओं को हजारों रुपये का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है। बिजली कंपनी मीटर जलने पर 5,500 तक बर्न चार्ज और मीटर की बाहरी सील टूटने पर 400 री-सील शुल्क वसूल रही है।
विज्ञापन
स्मार्ट मीटर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
प्रदेश में उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर आर्थिक बोझ बनते जा रहे हैं। बिजली कंपनी अनियमित वॉल्टेज या अन्य कारणों से मीटर जलने पर उपभोक्ताओं से 5,500 रुपये तक का बर्न चार्ज वसूल रही है। इसके अलावा मीटर को दूसरे स्थान पर लगाने के दौरान बाहरी सील टूटने पर उपभोक्ताओं को 400 रुपये का री-सील शुल्क देना पड़ रहा है। बिजली कंपनी की इस व्यवस्था के कारण उपभोक्ताओं को अचानक 5 हजार से लेकर 6 हजार रुपये तक का शुल्क चुकाना पड़ रहा है।
विज्ञापन
मीटर की संवेदनशीलता और बढ़ता खर्च
जिले में अब तक 4 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। इनमें से 60 हजार उपभोक्ताओं के यहां ये मीटर दो साल पहले लगे थे। ये मीटर बेहद संवेदनशील हैं, जिसके कारण वॉल्टेज में गड़बड़ी या केबल फॉल्ट की वजह से इनके टर्मिनल जल जाते हैं। बाहर से मीटर चालू दिखाई देता है लेकिन घर के भीतर वॉल्टेज की समस्या बन जाती है। शिकायत करने पर कंपनी बर्न चार्ज और रीसिल शुल्क लगाती है। विशेषज्ञ स्मृति आंजना के अनुसार तीन से चार साल बाद जब मीटरों में गड़बड़ी शुरू होगी, तब उपभोक्ताओं पर शुल्क का भार और बढ़ेगा।
विज्ञापन
टैरिफ के माध्यम से वसूली की कवायद
राजहर्ष कॉलोनी में एक उपभोक्ता के घर में केबल जलने से खराबी आई, जिसके बाद लाइन स्टाफ ने जांच करके 5 हजार रुपये शुल्क बता दिया। केंद्र की आइपीडीएस योजना के तहत बिजली कंपनी ने स्मार्ट मीटर मुफ्त लगाए थे लेकिन अब कंपनी ने इन्हें टैरिफ दर से जोड़ दिया है। कंपनी ने मौजूदा टैरिफ में ही स्मार्ट मीटर के नाम पर 155 करोड़ रुपये जोड़े हैं। कंपनी अब इसे बिजली आपूर्ति खर्च मानकर टैरिफ के माध्यम से वसूल रही है। बिजली कंपनी इस साल भोपाल के सभी घरों में स्मार्ट मीटर स्थापित कर देगी।
विज्ञापन
