एमपी: बैतूल में धनिए की फसल पर चोरों का धावा, रातों-रात एक एकड़ फसल काट ले गए
बैतूल के मुलताई क्षेत्र के अंभोरी में चोर एक किसान के खेत से रातों-रात एक एकड़ हरे धनिए की पूरी फसल काटकर ले गए। किसान को करीब एक से डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस से शिकायत की गई है।
विस्तार
धनिए के बढ़ते भाव के बाद अब चोरों की नजर किसानों के खेतों में खड़ी फसल पर पड़ने लगी है। मुलताई के अंभोरी गांव में चोर रातों-रात एक एकड़ खेत में लगी हरे धनिए की पूरी फसल काटकर ले गए। सुबह व्यापारी मजदूरों के साथ फसल काटने खेत पहुंचा तो पूरा खेत खाली मिला।
अंभोरी निवासी किसान मोहित साहू ने इस बार अच्छे मुनाफे की उम्मीद में एक एकड़ खेत में धनिए की फसल लगाई थी। फसल पूरी तरह तैयार हो चुकी थी। किसान ने फसल बेचने का सौदा भी तय कर लिया था और बुधवार सुबह व्यापारी मजदूरों के साथ धनिया कटवाने के लिए खेत पहुंचने वाला था।
सुबह व्यापारी मजदूरों के साथ खेत पहुंचा तो वहां धनिए का एक पौधा भी नहीं था। पूरा खेत खाली पड़ा था। इसके बाद व्यापारी ने किसान मोहित साहू को फोन कर घटना की जानकारी दी। किसान खेत पर पहुंचा तो एक एकड़ की पूरी फसल गायब देखकर उसके होश उड़ गए।
पढे़ं: अभिनेता राजपाल यादव की फिर बढ़ी मुश्किलें: सुप्रीम कोर्ट के बाद अब महू कोर्ट में पेशी, जानें क्या है मामला?
किसान का कहना है कि हरे धनिए के भाव इस समय बाजार में काफी अच्छे हैं। इसी वजह से चोरों ने रात के अंधेरे में पूरी फसल काट ली और उसे पिकअप वाहन में भरकर ले गए। किसान के मुताबिक, चोरी हुई फसल से उसे करीब एक से डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि इलाके में हरे धनिए के दाम 100 से 150 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। किसानों का कहना है कि बढ़ते भाव के कारण अब चोर दुकान और घरों के बजाय खेतों में खड़ी फसल को निशाना बना रहे हैं।
किसान ने मामले की शिकायत पुलिस से की है और चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की है। किसान का कहना है कि अगर जल्द चोरों को नहीं पकड़ा गया तो दूसरे किसान भी इस तरह की चोरी का शिकार हो सकते हैं। घटना के बाद इलाके के किसानों में दहशत है और वे रात में खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं।
