{"_id":"65f5150c9d774fcd0302cb06","slug":"baba-mahakal-appeared-in-bhasmarti-wearing-trinetra-cricketer-umesh-yadav-reached-mahakaleshwar-temple-2024-03-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ujjain: त्रिनेत्र धारण कर बाबा महाकाल ने भस्मारती में दिए दर्शन, क्रिकेटर उमेश यादव पत्नी के साथ पहुंचे मंदिर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ujjain: त्रिनेत्र धारण कर बाबा महाकाल ने भस्मारती में दिए दर्शन, क्रिकेटर उमेश यादव पत्नी के साथ पहुंचे मंदिर
Sat, 16 Mar 2024 09:24 AM IST
उदित दीक्षित
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
Published by: उदित दीक्षित
Updated Sat, 16 Mar 2024 09:24 AM IST
सार
Umesh Yadav in Mahakal Temple Ujjain: सप्तमी की भस्मआरती में बाबा महाकाल का त्रिनेत्र धारण कर श्रृंगार किया गया और मिष्ठान का भोग लगाया गया। इसके बाद बाबा महाकाल के ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढांककर भस्म रमाई गई।
विज्ञापन
क्रिकेटर उमेश यादव ने पत्नी के साथ किए बाबा महाकाल के दर्शन।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज फाल्गुन शुक्ल पक्ष की सप्तमी पर शनिवार तड़के भस्म आरती के दौरान चार बजे मंदिर के पट खुलते ही पंडे पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित भगवान की प्रतिमाओं का पूजन किया। बाबा महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से कर पूजन किया गया। प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को चांदी का मुकुट, रुद्राक्ष और गुलाब के पुष्पों की माला धारण करवाई गई।
विज्ञापन
आज श्रृंगार की विशेष बात यह रही कि सप्तमी की भस्मआरती में बाबा महाकाल का त्रिनेत्र धारण कर श्रृंगार किया गया और मिष्ठान का भोग लगाया गया। इसके बाद बाबा महाकाल के ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढांककर भस्म रमाई गई। भस्म आरती में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल की गूंज से गुंजायमान हो गया।
विज्ञापन
क्रिकेटर उमेश यादव ने पत्नी के साथ किए बाबा महाकाल के दर्शन
भारतीय क्रिकेटर उमेश यादव शनिवार सुबह बाबा महाकाल के दर्शन करने पत्नी तानिया वाधवा के साथ महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने नंदी हॉल से भस्म आरती देखी और चांदी द्वार से बाबा महाकाल का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। क्रिकेटर उमेश यादव ने कहा कि वे बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए आते रहते हैं। आज भी ऐसा योग संयोग बना और वे बाबा महाकाल के दर पर आ गए। उमेश यादव ने श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति की व्यवस्थाओं की तारीफ की। उन्होंने कहा- मंदिर में दर्शन की व्यवस्था काफी अच्छी है, मुझे बहुत अच्छे दर्शन हुए।
विज्ञापन
एक लाख रुपये किए दान
श्री महाकालेश्वर मंदिर में बेंगलुरु के भरत अमोलिया द्वारा 1 लाख की नगद राशि श्री महाकालेश्वर मंदिर में चल रहे विकास कार्य के लिए दान दी गई। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा दानदाता का सम्मान किया गया।
