मध्य प्रदेश: एम्स में होगा सतना की 4 वर्षीय रेप पीड़िता का इलाज, हवाई जहाज से लाया जा रहा दिल्ली
मध्यप्रदेश में मंदसौर के बाद सतना जिले में चार साल की बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोपी बच्ची को घर से उठाकर ले गया और बलात्कार के बाद मरा समझकर खेत में फेंक दिया था। पीड़िता को गंभीर हालत में इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां हालत में सुधार ना होने की वजह से पीड़िता को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में हवाईजहाज के जरिए इलाज के लिए लाया जाएगा। इस मामले के पुलिस ने 28 साल के आरोपी को पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात का यह मामला सतना जिले के उचेहरा थाने के अंतर्गत पन्ना गांव का है। पुलिस ने 28 वर्षीय आरोपी महेंद्र सिंह गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची जब अपने घर पर सो रही थी तो इस दौरान आरोपी उसे उठा ले गया था। आधा किलोमीटर दूर ले जाकर बच्ची के हाथ पांव बांध दिए और दुष्कर्म करने के बाद मरा समझ फरार हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और आरोपी की पहचान की। पुलिस बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई, लेकिन वहां से उसे सतना में भर्ती किया गया था।
मंदसौर पीड़िता की हालत में सुधार
वहीं, मंदसौर में सामूहिक बलात्कार की शिकार सात साल की मासूम की हालत में सुधार हो रहा है। उसका इंदौर के एमवाई अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. वीएस पाल ने बताया कि बच्ची की स्थिति सुधार पर है। उसकी मानसिक हालत भी सुधरी है। अब वह डॉक्टरों से भी बात कर रही है। बहुत जल्द उसे आईसीयू से प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा।
इसी बीच हैवानियत के इस मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को फांसी देने की मांग तेज होती जा रही है। जगह-जगह कैंडल मार्च और जुलूस के जरिये प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है। आरोपी इरफान उर्फ भय्यू खान की रिमांड अवधि भी 2 से बढ़ाकर 5 जुलाई कर दी गई है। दूसरा आरोपी आसिफ पहले से ही पांच जुलाई तक रिमांड पर है।
#MadhyaPradesh: Four-year-old girl who was raped in Satna district on Sunday, to be airlifted to Delhi's All India Institute of Medical Sciences for medical treatment. The victim was admitted to a hospital in Satna in a critical condition. Police arrested the 28-year-old accused.
— ANI (@ANI) July 3, 2018
