लखनऊ की एथलीट नंदिनी ने स्टीपल चेज में रचा इतिहास, जीता गोल्ड
लखनऊ की एथलीट नंदिनी गुप्ता ने दमखम का शानदार प्रदर्शन करते हुए फेडरेशन कप जूनियर एथलेटिक्स में इतिहास रच दिया है। केडी सिंह बाबू के एथलेटिक्स हॉस्टल की प्रशिक्षु नंदिनी ने 3000 मीटर स्टीपल चेज में 10,53.9 मिनट का समय निकाला, जो जूनियर वर्ग का नेशनल रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पारुल चौधरी ने वर्ष 2014 में 11.04.08 का समय निकालकर बनाया था।
दोहरी कामयाबी से गदगद हुई नंदिनी
बाबू स्टेडियम के एथलेटिक्स छात्रावास में पांच साल रहकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी बनने वाली युवा नंदिनी गुप्ता की खुशी देखते ही बनी। एक साथ दोहरी कामयाबी मिलना उसके लिए एक बड़ी उपलब्धि रहा।
दरअसल, जहां नंदिनी गुप्ता ने नवाबों की नगरी में नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया तो वहीं दूसरी ओर हाल ही में रेलवे में मिली नौकरी से यह खुशी दोगुनी हो गई। उनकी इस सफलता पर कोच विमला सिंह के साथ ही हॉस्टल में रहने वाली साथी खिलाड़ियों ने उसकी कामयाबी पर बधाई दी।
मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली नंदिनी गुप्ता ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम के हॉस्टल में लगभग पांच साल पहले 2012 में दाखिला लिया था।
कोच व घरवालों की मदद से यहां तक पहुंची
नंदिनी ने बताया कि कोच और घरवालों के सपोर्ट के दम पर मैं इस मुकाम तक पहुंच सकी हूं। अभी तो यह शुरुआत है। ओलंपिक से मेडल लाना ही मेरा मकसद है। जूनियर नेशनल मीट में मेरा मकसद अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना था और मैने वहीं किया।
जब मुझे पता चला कि नेशनल रिकार्ड मेरे नाम हो गया है, तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बीते दिनों रेलवे में जॉब मिलने के बारे में उन्होंने कहा कि इससे मुझे सपोर्ट मिलेगा।
मैं अब अपने गेम पर और भी फोकस कर सकूंगी। साथ ही जॉब से मिलने वाले पैसों को अपने परिजनों में देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने का प्रयास करूंगी।