02:05 PM, 02-Aug-2026
अब तक क्या हुआ?
- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरान पर नियोजित हमले को रद्द कर दिया है। उनका दावा है कि तेहरान और अन्य देशों ने उनसे हमले को स्थगित करने के लिए कहा था क्योंकि एक समझौते के मापदंडों पर सहमति बन गई थी।
- अमेरिकी मीडिया का कहना है कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने शनिवार को ट्रंप से बात की और ईरान पर हमले तेज करने की उनकी योजनाओं पर चिंता जताई।
- ईरानी अधिकारियों ने अमेरिका के किसी भी हमले का कड़ा जवाब देने की चेतावनी देना जारी रखा है। सांसद इब्राहिम रेजाई ने कहा है कि तेहरान की जवाबी कार्रवाई "फारस की खाड़ी क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगी"।
- इराकी मीडिया का कहना है कि ड्रोन हमले में उत्तरी सुलेमानिया में पेशमर्गा की 70वीं ब्रिगेड के मुख्यालय को निशाना बनाया गया, जिससे भीषण आग लग गई।
07:40 AM, 02-Aug-2026
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच खाड़ी देशों में हमले
पश्चिम एशिया में जारी टकराव के बीच ये जानना भी अहम है कि ईरान इस इलाके में अमेरिका का सहयोग करने वाले देशों पर हमले कर रहा है। संबंधित क्षेत्र में मुस्तैद सुरक्षाबल हमलों का जवाब भी दे रहे हैं। इसी कड़ी में कुवैत के सैन्य अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि उनकी सेना ने ईरान के ड्रोन हमलों का जवाब दिया है। कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी ने कहा कि ड्रोन से देश के उत्तर में महत्वपूर्ण सरकारी केंद्रों को निशाना बनाने का प्रयास किया गया। हालांकि, इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ। ब्रिटिश नौसेना ने शनिवार को कहा कि ओमान तट के पास होर्मुज जलडमरूमध्य में एक टैंकर पर हमला हुआ। एक अन्य जहाज के पास भी विस्फोट हुआ। दोनों घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ। ईरान अमेरिका के साथ अपने संघर्ष के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर बार-बार हमला करता रहा है।
07:21 AM, 02-Aug-2026
अमेरिका ने ईरान पर और हमलों की धमकी दी, कुवैत-गाजा में भी बढ़ा तनाव
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर और हमले करने की धमकी दी है। पांच महीने से जारी जंग के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में गतिरोध बना हुआ है। अमेरिका बलप्रयोग की नीति से इस समुद्री रास्ते को फिर से खोलने पर जोर दे रहा है। दोनों पक्षों की बमबारी के बीच कुवैत ने ईरान से हुए ड्रोन हमलों का जवाब दिया है। इसी बीच, इस्राइल ने गाजा पट्टी पर भीषण हवाई हमले किए हैं। हमास के निरस्त्रीकरण पर सहमत होने के बाद हुई इस कार्रवाई से तनाव बढ़ गया है।
अमेरिका ने किन देशों के लिए अलर्ट जारी किया
इससे पहले कैबिनेट सदस्यों के साथ बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान को 'बहुत सख्ती से' निशाना बनाएगा। अब शनिवार को अमेरिकी विदेश विभाग ने 10 क्षेत्रीय देशों में अमेरिकियों के लिए नए सुरक्षा अलर्ट जारी किए। इनमें बहरीन, इजरायल, इराक, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।
07:10 AM, 02-Aug-2026
West Asia Tension LIVE: ईरान पर हमले नहीं करेगा अमेरिका! ट्रंप बोले- समझौते पर बन गई है सहमति
पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण हालात के बीच कयास लगाए जा रहे हैं कि आज अमेरिका तेहरान में हवाई हमले करेगा। इस आशंका का आधार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान है। उन्होंने कहा है कि ईरान को अब तक की सबसे भीषण सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। इसी बीच अमेरिका ने पश्चिम एशिया में रहने वाले नागरिकों से सुरक्षित ठिकानों पर शिफ्ट होने को कहा है। माना जा रहा है कि ये अमेरिकी सेना (Centcom) की एयर स्ट्राइक से पहले जारी की गई एडवाइजरी है। ईरान, अमेरिका और इस्राइल के रूख को देखते हुए पश्चिम एशिया में अब टकराव और बढ़ने का खतरा है।
अमेरिका ने अपने नागरिकों को पश्चिम एशिया छोड़ने को कहा
अमेरिकी दूतावासों ने शनिवार को अपने नागरिकों को पश्चिम एशिया छोड़ देने अथवा इसके लिए तैयार रहने की सलाह दी है। दूतावासों ने ईरान के साथ जारी तनाव व जटिल हालात को देखते हुए यह एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के अनुसार, फिलहाल पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकियों को सावधानी और ज्यादा सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्हें फ्लाइट रद्द होने, समय-समय पर एयरस्पेस बंद होने और यात्रा में संभावित रुकावटों के लिए तैयार रहना चाहिए।