फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

PM Modi Norway Visit LIVE: पीएम मोदी ने किया इंडिया-नॉर्वे बिजनेस समिट का उद्घाटन, निवेश के लिए किया आमंत्रित

Tue, 19 May 2026 01:45 AM IST
शिवम गर्ग वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ओस्लो
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ओस्लो Published by: शिवम गर्ग Updated Tue, 19 May 2026 01:45 AM IST
खास बातें

PM Modi Norway Visit Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वीडन के बाद नॉर्वे के सर्वोच्च सम्मान से नवाजे गए हैं। 43 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह नॉर्वे दौरा है। मोदी ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। भारत और नॉर्वे के बीच आर्थिक रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार करीब 2.73 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। वहीं, नॉर्वे के सरकारी वेल्थ फंड ने भारतीय बाजारों में लगभग 28 बिलियन डॉलर का निवेश किया है। भारत और पूरे नॉर्डिक क्षेत्र के बीच कुल व्यापार लगभग 19 बिलियन डॉलर आंका गया है। यहां पढ़ें पीएम मोदी के नॉर्वे दौरे से जुड़े सभी अपडेट्स...

विज्ञापन
PM Narendra Modi Visit Norway After Sweden Attend 3rd India-Nordic Summit Hindi Updates
नॉर्वे दौरे पर पीएम मोदी। - फोटो : Amar Ujala Graphics

लाइव अपडेट

01:44 AM, 19-May-2026

पीएम मोदी की नॉर्वे यात्रा पर विदेश मंत्रालय ने क्या जानकारी दी?

पीएम मोदी की नॉर्वे यात्रा के दौरान भारत और नॉर्वे ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को ‘ग्रीन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ तक बढ़ाने का फैसला किया। विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि दोनों देश जलवायु कार्रवाई, नवीकरणीय ऊर्जा, हरित तकनीक, मजबूत सप्लाई चेन और ब्लू इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई रणनीतिक दिशा देंगे। इस साझेदारी से दोनों देशों के बीच पर्यावरण और सतत विकास से जुड़ी पहलें और मजबूत होंगी।

ब्लू इकोनॉमी में भारत-नॉर्वे साझेदारी मजबूत
पीएम मोदी की नॉर्वे यात्रा के दौरान समुद्री सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण सहमति बनी। विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि नॉर्वे ने इंडो-पैसिफिक ओशन्स इनिशिएटिव में शामिल होने का निर्णय लिया है। दोनों देशों ने जहाज निर्माण, ग्रीन शिपिंग, पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, मत्स्य पालन, एक्वाकल्चर, सीफेयरर ट्रेनिंग और बंदरगाहों को पर्यावरण अनुकूल बनाने जैसे क्षेत्रों में ब्लू इकोनॉमी साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

सिबी जॉर्ज ने आगे कहा कि भारत हमेशा कानून के शासन में विश्वास रखने वाला देश रहा है। उन्होंने कहा कि भारत हर परिस्थिति में नियमों का पालन करता है और हमेशा तय प्रक्रियाओं के अनुसार काम करता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान एक ऐसे देश की है, जो पारदर्शिता, नियमों और कानूनी व्यवस्था का सम्मान करता है तथा वैश्विक मंचों पर जिम्मेदार रवैया अपनाता है।
 
10:02 PM, 18-May-2026

भारत में आपके निवेश को परिणामों में बदलना हमारी गारंटी: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ओस्लो में भारत-नॉर्वे व्यापार एवं शोध सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज मुझे व्यापार और शोध क्षेत्र के दिग्गजों के साथ बातचीत करने का अवसर मिला। इस सम्मेलन के भव्य आयोजन के लिए मैं नॉर्वे के प्रधानमंत्री का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। कुछ प्रतिभागियों को सुनकर यह विश्वास और मजबूत होता है कि हमारी साझेदारी की नींव बेहद मजबूत है। यह केवल संभावनाओं की बात नहीं है, बल्कि यह एक भरोसेमंद साझेदारी है। आज जब खाद्य, ईंधन और उर्वरक सुरक्षा वैश्विक चुनौतियां बन चुकी हैं, तब भारत और नॉर्वे मिलकर इनके समाधान पर काम कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा, अब धीरे-धीरे आगे बढ़ने से ज्यादा हासिल नहीं होगा। हमें गति भी बढ़ानी होगी और बहुत बड़े लक्ष्य तय करने होंगे। दोस्तों, मेरा मानना है कि जो लोग भारत से जुड़े हैं और जिन्होंने यहां भारतीय साझेदारों के साथ चर्चा की है, उनके लिए इससे बेहतर समय नहीं हो सकता। यह सही समय पर सही अवसर का लाभ उठाने का समय है। अक्तूबर2025 में हमने यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ यानी ईएफटीए के साथ व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौता (टीईपीए) लागू किया। प्रतिभा, तकनीक और आपसी विश्वास पर आधारित हमारे बीच यह अनोखा और विशेष समझौता है। इस समझौते के जरिये अगले 15 वर्षों में ईएफटीए देशों से भारत में 100 अरब डॉलर का निवेश और 10 लाख नौकरियां पैदा करने का लक्ष्य है। यह महत्वाकांक्षी लक्ष्य है। लेकिन इसे हासिल किया जा सकता है। 

प्रधानमंत्री ने कहा, मैं पूरे विश्वास के साथ आपसे कहता हूं कि आज भारत में आपके निवेश को परिणामों में बदलना हमारी गारंटी है। मित्रों, मैं दो ऐसे क्षेत्रों का जिक्र करना चाहूंगा जो आपके लिए बेहद उपयोगी हो सकते हैं। भारत का तेजी से बढ़ता मध्यम वर्ग पोषण और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी मांग पैदा कर रहा है। नॉर्वे की खाद्य, मत्स्य और स्वास्थ्य सेवा कंपनियां इस मांग को पूरा करने में भारत की मजबूत साझेदार बन सकती हैं। इसी तरह स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की महत्वाकांक्षाओं का दुनिया में कोई मुकाबला नहीं है। वर्ष 2030 तक हमने 500 गीगावाट स्वच्छ ऊर्जा और 50 लाख टन ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन का लक्ष्य तय किया है। 
विज्ञापन
06:19 PM, 18-May-2026

पीएम मोदी को मिला नॉर्वे का सर्वोच्च सम्मान

नॉर्वे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट' से सम्मानित किया है। यह पीएम मोदी का यह 32वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
 
05:46 PM, 18-May-2026

भारत-नॉर्वे संबंधों को मिला हरित रणनीतिक साझेदारी का नया स्वरूप: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, पिछले वर्ष भारत और यूरोपीय संघ के बीच एक ऐतिहासिक व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौता लागू किया गया था। यह समझौता भारत और नॉर्वे के बीच साझा प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित करने का एक खाका है। इस समझौते के तहत अगले 15 वर्षों में 100 अरब डॉलर के निवेश और 10 लाख नौकरियों के सृजन का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने आगे कहा, आज हम दोनों देशों ने इस समझौते की प्रतिबद्धताओं को परिणामों में बदलने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। आज हम भारत-नॉर्वे संबंधों को एक हरित रणनीतिक साझेदारी का स्वरूप दे रहे हैं। यह रणनीतिक साझेदारी स्वच्छ ऊर्जा, जलवायु अनुकूलन, नीली अर्थव्यवस्था और हरित विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करेगी।
05:21 PM, 18-May-2026

विश्व अस्थिरता और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आज विश्व एक अस्थिरता और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है। यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में भारत और यूरोप अपने संबंधों के एक नए स्वर्णिम युग में प्रवेश कर रहे हैं। 
05:18 PM, 18-May-2026

पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ एकजुटता के लिए आभार व्यक्त करता हूं: पीएम

पीएम मोदी ने कहा, नॉर्वे की यात्रा की करके मुझे बहुत खुशी हो रही है। यह देश प्रकृति और इंसानों की प्रगति के बीच तालमेल का एक सुंदर उदाहरण है। सबसे पहले मैं प्रधानमंत्री जी का इस आत्मीयता भरे स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। कल नॉर्वे के संविधान दिवस के अवसर पर मैं विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की ओर से नॉर्वे जैसे सुदृढ़ और जीवंत लोकतंत्र की जनता को शुभकामनाएं देता हूं। मैं पिछले वर्ष नॉर्वे आने वाला था। लेकिन पहलगाम में हुए आतंकी हमले के कारण वह यात्रा स्थगित करनी पड़ी। उस कठिन समय में नॉर्वे ने आतंकवाद के विरुद्ध भारत के साथ खड़े होकर सच्ची मित्रता का परिचय दिया। आज जब मैं नॉर्वे आया हूं, तो मैं इस एकजुटता के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। 
विज्ञापन
विज्ञापन
05:14 PM, 18-May-2026

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नॉर्वे के समकक्ष संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे हैं। 
05:13 PM, 18-May-2026

दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध जरूरी: नॉर्वे के पीएम स्टोरे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा पर नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनस गाहर स्टोरे ने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता, तेज बदलाव, ध्रुवीकरण और संघर्षों के दौर से गुजर रही है, ऐसे में उन देशों के साथ संबंध मजबूत करना जरूरी है, जिनके साथ मूलभूत मूल्य साझा किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि साझेदारी बहुत अहम है, खासकर उन लोकतांत्रिक देशों के बीच जो समान हित रखते हैं और वैश्विक नियमों का पालन करते हैं। इसी भावना के साथ यह ओस्लो यात्रा भारत-नॉर्वे संबंधों को मजबूत करने और कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की दिशा में अहम है।

नॉर्वे के प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे, जो इस साझेदारी को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) और भारत के बीच मुक्त व्यापार समझौता हो चुका है, जिससे बड़े स्तर पर उम्मीदें और महत्वाकांक्षाएं जुड़ी हैं।
02:40 PM, 18-May-2026

नॉर्वे के प्रधानमंत्री स्टोरे ने पीएम मोदी का किया स्वागत

नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नॉर्वे पहुंचने पर स्वागत किया और उनकी यात्रा को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि चार दशक से अधिक समय बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का नॉर्वे दौरा हो रहा है, जो दोनों देशों के रिश्तों के लिए बेहद महत्वपूर्ण क्षण है।
 

जोनास गहर स्टोरे ने अपने संदेश में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नॉर्वे, नॉर्डिक देशों और भारत के बीच व्यापार, ग्रीन ट्रांजिशन और वैश्विक चुनौतियों से निपटने को लेकर सहयोग और मजबूत होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह यात्रा भारत और नॉर्वे के बीच नई साझेदारियों और रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने का अवसर साबित हो सकती है।
02:11 PM, 18-May-2026

ओस्लो में भारतीय समुदाय ने किया पीएम मोदी का जोरदार स्वागत

नॉर्वे की राजधानी ओस्लो पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारतीय समुदाय और वहां मौजूद लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। होटल पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने बाहर एकत्रित भारतीय मूल के लोगों और समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया।
 
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग भारतीय तिरंगा और स्वागत संदेशों के साथ मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया और लोगों के उत्साह का जवाब दिया।
 
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed