Live
राजस्थान पंचायत चुनाव लाइव : जोधपुर की डीगाड़ी ग्राम पंचायत का आया पहला परिणाम; गीता देवी बनी सरपंच
राजस्थान में पंचायत आम चुनाव के दूसरे चरण के तहत 22 जिलों की 3,626 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान हुआ। सरपंच पद के लिए 21,839 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। 45 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध चुने गए। खराब मौसम की वजह से कई जगह कम मतदान हुआ। अब परिणाम भी आने लगे हैं। जोधपुर की तिंवरी पंचायत समिति की डीगाड़ी ग्राम पंचायत में गीता देवी सरपंच चुनी गईं
लाइव अपडेट
बांसवाड़ा में 82.79 प्रतिशत मतदान
बांसवाड़ा। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत द्वितीय चरण में शुक्रवार को पंचायत समिति छोटी सरवन, गनोड़ा, घाटोल एवं तलवाड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान हुआ। मतदान के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। मतदाताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेते हुए अपने मताधिकार का उपयोग किया।मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सायं 6 बजे तक कुल 82.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान 295153 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पंचायत समिति छोटी सरवन में 82.84 प्रतिशत, गनोड़ा में 82.83 प्रतिशत, घाटोल में 82.10 प्रतिशत एवं तलवाड़ा में 84.38 प्रतिशत मतदान हुआ। छोटी सरवन में 58802 , गनोड़ा में 58747 , घाटोल में 125402 एवं तलवाड़ा में 52202 मतदाताओं ने मतदान किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, मतदान प्रक्रिया एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया तथा मतदान दलों से चर्चा कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी पूरे समय क्षेत्र में सक्रिय रहे। अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर बनाए रखी। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती गई।
जोधपुर की डीगाड़ी पंचायत से गीता देवी बनी सरपंच
जोधपुर की तिंवरी पंचायत समिति की डीगाड़ी ग्राम पंचायत में गीता देवी सरपंच चुनी गईं। कुल 1146 मतदाताओं में से 94 लोगों ने मतदान किया। गीता देवी को 82 वोट मिले, दूसरे प्रत्याशी को तीन वोट प्राप्त हुए। नोटा को नौ वोट मिले। नामांकन के बाद ग्रामीणों ने गीता देवी के समर्थन में सहमति बनाने का प्रयास किया था। दो प्रत्याशी होने के कारण गांव के लोगों ने दोनों और उनके परिजनों से बातचीत की। शाम 5 बजे तक चली समझाइश के बाद कौशल्या के परिजन गीता देवी के समर्थन को राजी हुए। उन्होंने सार्वजनिक रूप से गीता देवी पोकरराम को वोट देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत के दो वार्डों में वार्ड पंच चुनाव भी थे। इस कारण मतदान करने वालों की संख्या बढ़कर 94 हो गई।
दोपहर तीन बजे तक प्रदेश की कई पंचायत समितियों में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान
राजस्थान में पंचायत चुनाव के तहत शुक्रवार को मतदान जारी है। दोपहर तीन बजे तक प्रदेश की कई पंचायत समितियों में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। बाड़मेर जिले की शिव पंचायत समिति में 77.42 प्रतिशत वोट पड़े। वहीं बिशाला में 76.75 और भीयाड़ में 75.86 प्रतिशत मतदान हुआ।
बीकानेर जिले की बीठनोक पंचायत समिति में 76.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जोधपुर की समराऊ में 74.90 और मंडोर में 72.90 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। बाड़मेर ग्रामीण में 71.28 और बाड़मेर पंचायत समिति में 70.86 प्रतिशत मतदान हुआ। अलवर जिले की उमरैण पंचायत समिति में 69.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जोधपुर की धवा में 69.35 और बावड़ी में 69.20 प्रतिशत वोट पड़े। कोटपूतली-बहरोड़ की कोटपूतली पंचायत समिति में 67.34 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरी ओर, नागौर की मूंडवा पंचायत समिति में सबसे कम 41.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जालोर की उम्मेदाबाद में 49.38 और पाली की देसूरी में 49.59 प्रतिशत वोट पड़े। जालोर की आहोर पंचायत समिति में 51.04 प्रतिशत मतदान हुआ।
जयपुर की पांचों पंचायत समितियों में 58 से 64 प्रतिशत तक मतदान
जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों में दोपहर तीन बजे तक मतदान का आंकड़ा 58 से 64 प्रतिशत के बीच रहा। रामपुरा डाबड़ी पंचायत समिति में सबसे अधिक 63.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शाहपुरा में 60.30, जालसू में 60.17 और आमेर में 60 प्रतिशत वोट पड़े। आमेर के मुकाबले अमरसर पंचायत समिति में 58.65 प्रतिशत मतदान हुआ। इन आंकड़ों के अनुसार, जयपुर जिले में रामपुरा डाबड़ी मतदान के मामले में सबसे आगे रही, जबकि अमरसर में सबसे कम वोटिंग दर्ज की गई। मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद अंतिम मतदान प्रतिशत में बदलाव हो सकता है।
बांसवाड़ा में 3 बजे तक का मतदान
घाटोल पंचायत समिति - 59.99 %गनोड़ा पंचायत समिति - 58.96%
छोटी सरवन पंचायत समिति - 59.35 %
तलवाड़ा पंचायत समिति - 61.67 %
डूंगरपुर में 3 बजे तक का मतदान
आसपुर पंचायत समिति - 54.29 %
डूंगरपुर पंचायत समिति - 58.24 %
गामड़ी आहाड़ा पंचायत समिति - 61.26 %
दोवड़ा पंचायत समिति - 57.37 %
पाल देवल पंचायत समिति 62.15%
साबला पंचायत समिति - 54.17 %
बिछीवाड़ा पंचायत समिति - 60.45 %
बारिश रूकने के बाद बढ़ रहा मतदान
कोटपुटली बहरोड जिले में दोपहर तीन बजे तक 62.96 प्रतिशत मतदान हुआ है। बारिश रूकने के बाद मतदान केन्द्रों पर लोग पहुंच रहे हैं।बावड़ी ग्राम पंचायत में दो महिलाओं को हिरासत में लिया
जालोर जिले के आहोर स्थित बावड़ी ग्राम पंचायत में फर्जी वोटिंग का आरोप लगा। लोगों ने दो महिलाओं पर यह आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया है।बाड़मेर फर्जी वोट डालने पहुंचा एक युवक पकड़ा गया
बाड़मेर के तिलक नगर स्थित संस्कृत स्कूल मतदान केंद्र पर फर्जी वोट डालने पहुंचा एक युवक पकड़ा गया। एक पोलिंग एजेंट ने युवक के वोट डालने का विरोध किया। इसके बाद एजेंट ने उसे पकड़ लिया। युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।महिलाओं ने लोकगीत गाकर किया मतदान
झालावाड़। कलमंडी कला गांव में पंचायतीराज चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह दिखा। दोपहर 2 बजे तक करीब 70 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। ग्रामीण अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक उत्साह के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। महिलाओं ने लोकगीत गाकर लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाई।बाड़मेर की बिशाला पंचायत समिति में सर्वाधिक 60.42 प्रतिशत मतदान
राजस्थान में पंचायत चुनाव के दौरान दोपहर 1 बजे तक मतदान के आंकड़ों में काफी अंतर दर्ज किया गया। विभिन्न पंचायत समितियों में मतदाताओं की भागीदारी अलग-अलग रही। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, बाड़मेर जिले की बिशाला पंचायत समिति में सर्वाधिक 60.42 फीसदी मतदान हुआ। यह दोपहर 1 बजे तक की स्थिति थी। वहीं, नागौर जिले की मूंडवा पंचायत समिति में सबसे कम 24.59 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। यह आंकड़ा सबसे निचले स्तर पर रहा। बाड़मेर जिले की भियाड़ पंचायत समिति में 58.15 फीसदी वोट पड़े। शिव पंचायत समिति में 59.44 फीसदी मतदान हुआ। बीकानेर जिले की बीठनोक पंचायत समिति में 61.24 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। यह उपलब्ध सूची में सबसे अधिक रहा। जोधपुर जिले की समराऊ पंचायत समिति में 59.87 फीसदी मतदान हुआ।
अन्य प्रमुख पंचायत समितियों में मतदान
अलवर जिले की राजगढ़ पंचायत समिति में 35.17 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। नागौर की मूंडवा पंचायत समिति में 24.59 फीसदी मतदान हुआ, जो सबसे कम था। कोटपूतली-बहरोड़ जिले की नारायणपुर पंचायत समिति में 35.73 फीसदी मतदान हुआ। यह आंकड़े दोपहर 1 बजे तक के थे।
अजमेर में महिला की तबीयत बिगड़ी
अजमेर के अरांई में मतदान के दौरान अपनी बारी का इंतजार कर रही एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मतदान केंद्र पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने तत्परता दिखाई और महिला को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया।समय पर उपचार मिलने से महिला को राहत मिली।