फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

PM Modi MP Visit Live: मोदी का I.N.D.I.A पर बड़ा हमला, बोले- घमंडिया गठबंधन सनातन को खत्म करना चाहता है

Thu, 14 Sep 2023 12:59 PM IST
अंकिता विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सागर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सागर Published by: अंकिता विश्वकर्मा Updated Thu, 14 Sep 2023 12:59 PM IST
खास बातें

PM Modi Madhya Pradesh Visit, MP Vidhan Sabha Chunav 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सागर के बीना में पेट्रोकेमिकल प्लांट का भूमिपूजन किया। करीब 50 हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पेट्रोकेमिकल हब लोगों को रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।

विज्ञापन
PM Modi MP Visit Live Update: Launch Many Projects Madhya Pradesh Assembly Election 2023 News in Hindi
नरेंद्र मोदी ने जनता का अभिवादन स्वीकार किया। - फोटो : अमर उजाला

लाइव अपडेट

12:31 PM, 14-Sep-2023
बीना में संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीना में जनसभा को संबोधित करते हुए I.N.D.I.A. गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह घमंडिया गठबंधन सनातन को तहस-नहस करना चाहता है। उन्होंने विपक्षी पार्टियों के गठबंधन को इंडिया की जगह इंडी कहकर पुकारा। साथ ही हर बार घमंडिया गठबंधन बोलने से भी नहीं चूके।  

उन्होंने कहा कि एक तरफ आज का भारत दुनिया को जोड़ने का सामर्थ्य दिखा रहा है। दुनिया के मंचों पर हमारा भारत विश्व मित्र के रूप में सामने आ रहा है। दूसरी तरफ कुछ ऐसे दल हैं जो देश को, समाज को विभाजित करने में जुटे हैं। इन्होंने मिलकर एक इंडी (I.N.D.I.A.) अलायंस बनाया है। इस इंडी अलायंस को कुछ लोग घमंडी गठबंधन भी कहते हैं। इनका नेता तय नहीं है। इनके नेतृत्व पर भ्रम है। मुंबई में मीटिंग हुई थी। मुझे लगता है उस मीटिंग में उन्होंने घमंडिया गठबंधन कैसे काम करेगा, उसकी नीति बना ली है। एक हिडेन एजेंडा भी तय कर लिया है। घमंडिया गठबंधन की नीति है कि सनातन को मिटाकर देश को फिर 1,000 साल की गुलामी में धकेलना चाहते हैं। हमें मिलकर ऐसी ताकतों को रोकना है। 

देवी अहिल्या, लोकमान्य तिलक को किया याद
मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग उस सनातन को समाप्त करना चाहते हैं, जिससे प्रेरित होकर देवी अहिल्या बाई ने काम किया।लोकमान्य तिलक ने स्वतंत्रता का बीड़ा उठाया, आज उसी सनातन को ये इंडी गठबंधन तहस नहस करना चाहता है। स्वतंत्रता आंदोलन में फांसी पाने वाले वीर कहते थे कि अगला जन्म भारत मां की गोद में देना। ये सनातन संस्कृति शबरी की पहचान है। सनातन ने हजारों वर्षों से भारत को जोड़े रखा है। ये लोग मिलकर अब उस सनातन को खंड-खंड करना चहाते हैं। इन लोगों ने खुलकर हमला करना शुरू किया है। हम पर होने वाले हमले ये लोग और बढ़ाने वाले हैं। इस देश से प्यार करने वाले को, हर किसी को सतर्क रहने की जरूरत है। सनातन को मिटाकर ये देश को फिर एक हजार साल की गुलामी में धकेलना चाहते हैं। हमें मिलकर ऐसी ताकतों को रोकना है। हमारी संगठन की शक्ति, एकजुटता से उनके मंसूबों को नाकामयाब करना है। भाजपा जनशक्ति, राष्ट्रभक्ति और जनसेवा के लिए समर्पित हैं। यहीं भाजपा के सुशासन का मूलमंत्र है। भाजपा सरकार आपके घर तक पहुंचकर आपकी सेवा करने का प्रयास करती है।

हम आपके सुख-दुख के साथी हैं 
मोदी बोले कि कोरोना काल में सरकार ने मुक्त टीकाकरण कराया। हम आपके सुख-दुख के साथी हैं। 80 करोड़ रुपये से ज्यादा देशवासियों को मुफ्त राशन दिया। गरीब का पेट भूखा नहीं रहना चाहिए। हमारी कोशिश यह थी कि किसी गरीब मां को पेट बांधकर सोना ना पड़े। वह मां इस बात से न तड़पे कि मेरा बच्चा भूखा है। इस वजह से गरीब के बेटे ने गरीब के राशन के घर की चिंता की। ये दायित्व आज भी मैं निभा रहा हूं। मेरा प्रयास है कि मध्य प्रदेश नई बुलंदियों को छुए। हर परिवार का जीवन आसान हो। मोदी की गारंटी का ट्रैक रिकॉर्ड आपके सामने है। उनकी टेप रिकॉर्डिंग सुना कीजिए, मेरा ट्रैक रिकॉर्ड देखा करिए।



जी-20 की सफलता को भी याद किया
मोदी ने कहा कि मुझे देखकर गर्व होता है कि भारत ने गुलामी की मानसिकता को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना शुरू कर दिया है। कई भी देश जब ऐसा ठान लेता है तो उसका कायाकल्प होना शुरू हो जाता है।  जी-20 समिट में आपने इसकी एक तस्वीर भी देखी है। आप सभी ने देखा कि भारत ने किस तरह जी-20 का सफल आयोजन किया। आपकी जो भावना है, वह आज पूरे देश की भावना है। जी-20 को इतनी बड़ी सफलता मिली है तो उसका श्रेय मोदी को नहीं, आप सभी को जाता है। यह आपका सामर्थ्य है। 140 करोड़ भारतवासियों की सफलता है। ये भारत की सामूहिक शक्ति का प्रमाण है। इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दुनियाभर से विदेशी मेहमान भारत आए थे। वे भी कह रहे थे कि ऐसा आयोजन पहले कभी नहीं देखा। मैं जी-20 के सफल आयोजन के लिए यहां जो काम करने का अवसर मिला, उसके लिए भी आभार व्यक्त करता हूं। पूरे विश्व में एमपी की नई छवि निखर कर आई है। 

बुंदेलखंड के वीरों को याद किया
मोदी ने कहा कि बुंदेलखंड की यह धरती वीरों और शूरवीरों की धरती है। इस भूमि को बीना और बेतवा दोनों का आशीर्वाद मिला है। मुझे महीने में दूसरी बार सागर आकर आप सभी के दर्शन का सौभाग्य मिला। मैं शिवराज जी का आभार व्यक्त करता हूं कि आप सभी के बीच आकर आपके दर्शन का मौका मिला। मैं पिछली बार संत रविदास जी के मंदिर के भूमिपूजन के लिए आया था। मैं विकास को गति देने वाली नई परियोजनाओं को गति देने वाली परियोजनाओं के भूमिपूजन का सौभाग्य मिला है। इन पर केंद्र सरकार 50 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च करने वाली है। हमारे देश के बहुत सारे राज्यों को बजट इतना नहीं होता जितना आज एक ही कार्यक्रम के लिए भारत सरकार लगा रही है। ये दिखाता है कि एमपी के लिए हमारे संकल्प कितने बड़े हैं। ये सारे प्रोजेक्ट आने वाले समय में हजारों युवाओं को रोजगार देंगे। ये परियोजनांएं गरीब और मध्यवर्गीय परिवारों के सपनों को सच करने वाली है। मैं बीना रिफायनरी के विलस्चारीकरण और शिलान्यास के लिए सभी को बधाई देता हूं। 

10 नए इंडस्ट्रियल पार्क का काम शुरू
मोदी ने कहा कि प्लास्टिक के पाइप, कार का बंपर, कार का डैशबोर्ड, पैकिंग मटेरियल, कृषि उपकरण, बाल्टी, घर के पेंट में पेट्रोकेमिकल की बहुत बड़ी भूमिका होती है। बीना में बनने वाला पेट्रोकेमिकल प्लांट इस पूरे क्षेत्र को विकास का नया अवसर देगा। जैसे-जैसे देश की जरूरतें बढ़ रही हैं। देश की जरूरते बदल रहीं हैं। मैंन्यूफैक्चरिंग सेक्शन को भी बदलना जरूरी है। आज यहां इस कार्यक्रम में 10 नए इंड्रस्ट्रियल पार्क का काम भी शुरू हुआ है।  पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले पांच साल मध्यप्रदेश के विकास के होंगे। भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में आने के लिए काम कर रहा है, इसमें मध्यप्रदेश का योगदान भी होगा। 
11:57 AM, 14-Sep-2023
शिवराज ने कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम शिवराज ने कहा कि कमलनाथ प्रदेश के लिए अभिशाप थे और आज पीएम मोदी प्रदेश के लिए वरदान बनकर आए हैं। पीएम मोदी की जीवन उनके लिए नहीं है। पीएम देश और जनता के लिए जीते हैं। वो दीर्घायु हों, स्वस्थ हों और देश का नेतृत्व करते रहें। महाकाल की कृपा से बारिश ने किसानों को राहत दी है। मध्यप्रदेश की जनता की तरफ से पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं।
विज्ञापन
11:55 AM, 14-Sep-2023
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि जी 20 की ऐतिहासिक सफलता के बाद पीएम मोदी आए हैं। हम बचपन में कहते थे विश्व का कल्याण हो, अगर विश्व के कल्याण का काम कोई कर रहा है तो हमारे पीएम कर रहे हैं। मोदी मंत्र गूंज रहा है। हम सबका सम्मान पूरे विश्व में मोदी जी ने बढ़ाया है। कुछ दिन पहले चंद्रयान को चांद पर उतरते हुए देखा। आज चंद्रमा पर भारत का चंद्रयान पहुंच गया है। हम सूरज की तरफ भी बढ़ रहे हैं। बीना, अशोकनगर, गुना, सागर बुंदेलखंड की धरती को कांग्रेस ने हमेशा पिछड़ा रखा था। ये जो पेट्रोकेमिकल प्लांट लग रहा है, इसमें 50 हजार करोड़ का निवेश हो रहा है, इससे यहां की जनता की तकदीर बदलेगी। यहां 40 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। भविष्य में 2.15 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। हमारा ये क्षेत्र बदल जाएगा। हम उनको प्रणाम करते हैं हम उनका ह्रदय से आभार करते हैं। आज सिर्फ बीना को सौगात नहीं मिल रही है। बल्कि प्रदेश के कई जिलों को सौगात पीएम मोदी दे रहे हैं। एक लाख दो सौ करोड़ का निवेश हो रहा है। दो लाख 76 हजार रोजगार के अवसर सृजित होंगे। दोनों को मिला लिया जाए तो चार लाख रोजगार के अवसर बनेगे। केन और बेतवा परियोजना को मंजूरी मिल गई है। बुंदेलखंड के 20 लाख एकड़ में सिंचाई की व्यवस्था होगी। कांग्रेस राजा, नवाब, अंग्रेजों ने सात लाख हेक्टेयर में सिंचाई की व्यवस्था की थी। जो आज बढ़कर 30 लाख हेक्टेयर हो गई है। 
 
11:43 AM, 14-Sep-2023
सीएम ने किया पीएम मोदी का स्वागत
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पीएम मोदी का फूलों का गुलदस्ता और सांची स्तूप का प्रतिकृति भेंटकर स्वागत किया।
 
11:31 AM, 14-Sep-2023
पीएम मोदी ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
पीएम मोदी ने बीना में पेट्रोकेमिकल प्लांट के भूमिपूजन से पहले पेट्रोकेमिकल प्लांट में लगाई गई 10 नई औद्योगिक परियोजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
 
11:16 AM, 14-Sep-2023
बीना पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सागर जिले के बीना पहुंच चुके हैं। वे आज  मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात देंगे। पीएम मोदी यहां 50 हजार करोड़ की लागत से बनने वाले पेट्रोकेमिकल प्लांट का भूमिपूजन कर प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
10:53 AM, 14-Sep-2023
पेट्रोकेमिकल हब बनने से दो सौ नई कंपनियां होंगी स्थापित
बीना पेट्रोकेमिकल हब बनने से बीसीपीएल द्वारा 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश करते हुए पेट्रोकेमिकल प्लांट तैयार किया जाना है, इसमें बीना और आसपास के क्षेत्र का विकास होगा। विकास के क्षेत्र में और रोजगार के लिए यह प्लांट वरदान साबित होगा। बीसीपीएल द्वारा पेट्रोकेमिकल प्लांट तैयार किया जाएगा, पेट्रोकेमिकल हब के अंतर्गत प्रशासन की मदद से छोटे-छोटे उद्योग लगाए जाएंगे और यह उद्योग पेट्रोकेमिकल प्लांट से मिलने वाले पदार्थ से पक्का माल तैयार करेंगे। प्लांट तैयार होने के बाद उद्योगों में प्लास्टिक, पेंट सहित कई प्रकार के स्पेशल केमिकल तैयार होंगे। कच्चा माल पेट्रोकेमिकल प्लांट से मिलने से बीना सहित आसपास के क्षेत्र में विकास तो होगा ही साथ ही लोगों को रोजगार भी मुहैया होगा। पेट्रोकेमिकल हब बनने से उद्योग नगरी के रूप में बीना विकसित होगा, इसको लेकर कई बाहर की कंपनियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
10:38 AM, 14-Sep-2023

भोपाल पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

भोपाल पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सागर जिले के बीना में पेट्रोकेमिकल प्लांट का भूमिपूजन करेंगे। वे गुरुवार को भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनकी अगवानी की। प्रधानमंत्री मोदी का गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग सहित मुख्यसचिव इकबाल सिंह बैंस ने आगवानी कर स्वागत किया। प्रधानमंत्री राजा भोज विमानतल से सेना के हेलीकाप्टर से सागर जिले के बीना के लिए रवाना हुए। 
10:07 AM, 14-Sep-2023
50 हजार करोड़ रुपये होंगे पेट्रोकेमिकल प्लांट में निवेश
बीना में स्थापित हो रहे पेट्रोकेमिकल प्लांट का बजट देश के आठ राज्यों के सालाना बजट से भी ज्यादा है। 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश पेट्रोकेमिकल प्लांट में किया जाएगा। देश के आठ राज्य अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा का सालाना बजट भी इतना नहीं है, जिससे कई गुना ज्यादा निवेश पेट्रोकेमिकल प्लांट के निर्माण में किया जा रहा है।
09:54 AM, 14-Sep-2023
बुंदेली परंपरा से होगा पीएम मोदी का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत बुंदेली परंपरा किया जाएगा। इसमें सबसे पहले रामतुला बजाया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। पेट्रोकेमिकल प्लांट सहित प्रदेश के औद्योगिक परिसरों का शिलान्यास करने के लिए 14 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीना आ रहे हैं। हड़काल खाती गांव के पास कार्यक्रम में शामिल होंगे।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed