Parliament LIVE: लोकसभा में 7वें दिन चुनाव सुधार पर चर्चा, कांग्रेस ने DBT से कैश, ईवीएम और EC पर पूछे कई सवाल
Parliament Winter Session Lok Sabha Rajya Sabha Proceedings LIVE News: संसद के शीतकालीन सत्र का आज 7वां दिन है। लोकसभा में चुनाव सुधार पर चर्चा हो रही है। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने चर्चा की शुरुआत की। उन्होंने चुनाव आयोग (EC), मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) को लेकर तीखे सवाल पूछे। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें संसद के दोनों सदनों की कायवाही से जुड़े तमाम अपडेट्स
लाइव अपडेट
यूपी में पांच करोड़ वोट काटे जा रहे हैं- अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर मतदाता सूची से नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में पांच करोड़ वोट काटे जा रहे हैं और इसके पीछे एक बड़ा मैपिंग एप घोटाला है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि यह ऐप उसी कंपनी का है जिसने भाजपा को चुनावी बॉन्ड दिए थे। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया।RSS ने वर्षों तक तिरंगे को नहीं अपनाया- रामगोपाल यादव
सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि वंदे मातरम पर भाजपा की राजनीति गलत है, क्योंकि जब बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने यह गीत लिखा था, तब स्वतंत्रता आंदोलन चरम पर था लेकिन भाजपा-RSS का उससे कोई संबंध नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि RSS ने 50 वर्षों तक अपने मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अनुमति नहीं दी। यादव बोले कि सपा वंदे मातरम का सम्मान करती है और इसका विरोध करने वालों की राजनीति नहीं मानती।पुरानी गलतियों का बहाना कर अपनी गलतियां न छिपाएं- अरविंद सावंत
शिवसेना (उद्धव) सांसद अरविंद सावंत ने लोकसभा में कहा कि सत्ता पक्ष बार-बार “मुस्लिम” शब्द का इस्तेमाल कर माहौल बिगाड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी भी अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ है, लेकिन इससे बहस को भटकाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार कांग्रेस की पुरानी गलतियों का हवाला देती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे खुद वही गलतियां दोहराएं।धर्म नहीं छोड़ूंगा, सम्मान सबका करूंगा- इमरान मसूद
कांग्रेसी सांसद इमरान मसूद ने वंदे मातरम पर विवाद के बीच कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और अपनी धार्मिक पहचान नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उनका धर्म सभी से प्रेम करने की सीख देता है। मसूद ने कहा कि जब वंदे मातरम गाया जाता है, वे खड़े होकर सम्मान दिखाते हैं, लेकिन धर्म बदलने जैसी बातें स्वीकार नहीं हैं।राहुल को चुनाव प्रक्रिया समझनी होगी- संबित पात्रा
लोकसभा में राहुल गांधी के आरोपों पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी को भारत की चुनावी प्रक्रिया की बुनियादी समझ नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल ने यह सवाल उठाया कि चुनाव के 45 दिन बाद CCTV फुटेज क्यों नष्ट की जाती है, जबकि यह नियम स्वतंत्रता के बाद से लागू है और मोदी सरकार ने इसे नहीं बदला है। पात्रा के मुताबिक, भारत के कानून के अनुसार चुनाव खत्म होने के 45 दिन के भीतर कोई भी न्यायालय में चुनौती दे सकता है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव को लेकर कांग्रेस के पास अब भी 20 दिन बचे हैं और जो भी फुटेज चाहिए, वह मांग सकते हैं। पात्रा ने तंज करते हुए कहा कि राहुल गांधी को होमवर्क करने की जरूरत है।
राहुल गांधी के चुनाव सुधार पर दिए गए भाषण को लेकर पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल ने संसद में झूठ की बाढ़ ला दी। उन्होंने कहा कि राहुल द्वारा चुनाव आयोग को धमकाना लोकतांत्रिक परंपरा के खिलाफ है। पात्रा के अनुसार राहुल ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र में “वोट चोरी” कर चुनाव जीता, जो मतदाताओं का अपमान है। उन्होंने पूछा कि अगर भाजपा सभी राज्यों में वोट चुरा रही है, तो फिर झारखंड, कर्नाटक, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस कैसे जीत गई? पात्रा ने कहा कि राहुल का बयान अहंकार और अज्ञानता दिखाता है और न्यायिक संस्थाओं को धमकाने की यह भाषा पहले कभी नहीं सुनी गई। उन्होंने कहा कि राहुल को देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल पर की टिप्पणी
चर्चा में भाग लेने के दौरान झारखंड की गोड्डा लोकसभा सीट से निर्वाचित भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के भाषण के बाद तीखी टिप्पणी की। उन्होंने इतिहास के फैसलों का जिक्र करते हुए कांग्रेस से कहा कि आज ऐसा ही आलम है, मानो 100 चूहे खाकर बिजली हज को चली। निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति के लिए गठित समिति का बचाव करते हुए दुबे ने कहा कि बीते कई दशकों में चुनाव होने की जानकारी अखबारों से मिलती थी।राहुल गांधी ने RSS, चुनाव आयोग और भाजपा को घेरा
इसके बाद आंध्र प्रदेश के वाईएसआर कांग्रेस सांसद पीवी मिधुन रेड्डी ने भी चर्चा में भाग लिया। मिधुन रेड्डी के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनावी सुधार पर चर्चा में भाग लिया। राहुल ने अपने संबोधन की शुरुआत में देश की संस्कृति में खादी की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), चुनाव आयोग और भाजपा से जुड़ी आक्रामक टिप्पणी की तो सत्ताधारी खेमे की तरफ से कड़ी आपत्ति दर्ज कराई गई। हंगामे और शोरगुल के बीच राहुल ने करीब 28 मिनट में अपना संबोधन पूरा किया। इसके बाद भाजपा के निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर तीखी टिप्पणी की।राजस्थान के सीपीआईएम सांसद ने पूछे तीखे सवाल
लोकसभा में चुनाव सुधार के विषय पर चर्चा में राजस्थान की सीकर संसदीय सीट से निर्वाचित सीपीआईएम सांसद अमरा राम ने एसआईआर के औचित्य पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि देश की 90 करोड़ से अधिक जनता से फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। लोगों को सांप्रदायिकता की तरफ धकेला जा रहा है। 95 साल की आयु में लोगों को वोटर लिस्ट के लिए फोटो क्लिक कराने को कहा जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि घुसपैठ के नाम पर डर का माहौल बनाया जा रहा है। सरकार को बताना चाहिए कि बीते 11-12 साल के कार्यकाल में कितने लोगों को बाहर निकाला गया है।बिहार के RJD और उत्तर प्रदेश के सपा सांसद ने क्या बयान दिए?
इसके बाद बिहार की औरंगाबाद लोकसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सांसद अभय कुमार सिन्हा ने भी इस चर्चा में भाग लिया। उन्होंने सत्ताधारी खेमे की बातों पर सवाल खड़े करते हुए कहा, NDA के घटक दलों को परिवारवाद की बातें करने से पहले आत्मअवलोकन करना चाहिए। इसके बाद लालजी वर्मा ने भी चर्चा में भाग लिया। वर्मा उत्तर प्रदेश के आंबेडकर नगर से निर्वाचित समाजवादी पार्टी के लोकसभा सांसद हैं। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सामाजिक-आर्थिक लक्ष्यों को वैध रास्ते से हासिल करने पर जोर देते हुए बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर के कथन को उद्धृत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समेत सत्ताधारी खेमा सांविधानिक संस्थाओं को कुचलने का काम कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लेख करते हुए सपा सांसद वर्मा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को पलटते हुए निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति समिति से चीफ जस्टिस को हटा दिया गया।