07:15 PM, 14-Dec-2021
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही 15 दिसंबर तक के लिए स्थगित।
07:13 PM, 14-Dec-2021
ईडी निदेशक के कार्यकाल को अधिकतम पांच वर्ष तक बढ़ाने के लिए राज्यसभा ने 'केंद्रीय सतर्कता आयोग (संशोधन) विधेयक, 2021' पारित किया। इसके बाद राज्यसभा कल, 15 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई।
03:57 PM, 14-Dec-2021
जम्मू-कश्मीर में सुधरी कानून व्यवस्था: नित्यानंद राय
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में कहा कि जम्मू-कश्मीर में अगस्त 2019 के बाद से सुरक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आया है। आतंकी घटनाओं में भी काफी कमी दर्ज की गई है। राय ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि इस साल पांच दिसंबर तक 206 आतंकी घटनाएं हुई हैं।
03:47 PM, 14-Dec-2021
राज्यसभा: दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना संशोधन विधेयक पारित
सीबीआई के प्रमुख का कार्यकाल बढ़ाने के लिए लाए गए संशोधन विधेयक को राज्यसभा ने मंजूरी दे दी। दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना (संशोधन) विधेक 2021 लोकसभा से नौ दिसंबर को पारित हुआ था।
02:09 PM, 14-Dec-2021
पिछले सात वर्षों में आठ लाख से अधिक भारतीयों ने अपनी नागरिकता छोड़ी
विदेश मंत्रालय के पास उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले सात वर्षों में 30 सितंबर, 2021 तक 8,81,254 भारतीयों ने अपनी नागरिकता छोड़ दी। लोकसभा में सरकार ने दी जानकारी।
02:02 PM, 14-Dec-2021
फारूक अब्दुल्ला को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का जवाब
नेशनल कांफ्रेंस के मुखिया फारूक अब्दुल्ला को जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि वह कई बार कह चुके हैं कि भारत को पाकिस्तान से बात करनी चाहिए। अगर उन्हें पाकिस्तान इतना पसंद है तो उन्हें वहीं बसना चाहिए।
01:55 PM, 14-Dec-2021
कुछ विवादित सीमावर्ती क्षेत्रों से कभी-कभी हिंसा की घटनाएं सामने आती हैं: नित्यानंद राय
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि कुछ विवादित सीमावर्ती क्षेत्रों से कभी-कभी विरोध और हिंसा की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुछ राज्यों के बीच सीमाओं और दावों और प्रति-दावों के सीमांकन से उत्पन्न होने वाले सीमा विवाद हैं। संपत्ति के विभाजन से संबंधित कुछ मामले आंध्र प्रदेश-तेलंगाना और बिहार-झारखंड के बीच लंबित हैं।
12:57 PM, 14-Dec-2021
जहां भी विपक्ष अपनी आवाज उठाता है, वहां सांसदों को निलंबित कर दिया जाता है: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली में संसद परिसर में 12 राज्यसभा सांसदों के निलंबन के विरोध में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि जहां भी विपक्ष ने अपनी आवाज उठाई है, वहां सांसदों को निलंबित कर दिया जाता है। जिस मुद्दे पर हम बहस करना चाहते हैं उनकी अनुमति नहीं दी जाती। तीन-चार मुद्दे हैं, जिनके नाम तक नहीं लिए जाते। प्रधानमंत्री सदन में नहीं आते। 13 दिन हो गए पीएम हाउस में नहीं आए। ये कोई तरीका नहीं है। हम यहां प्रदर्शन कर रहे हैं ये सिंबल है लोकतंत्र का। निलंबित सांसदों की आवाज दबाई गई और वे इसके खिलाफ संसद के बाहर प्रदर्शन में बैठे हैं। हमें संसद में राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर अपनी आवाज नहीं उठाने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हंगामे के बीच संसद में लगातार बिल पास हो रहे हैं। यह संसद चलाने का तरीका नहीं है। यह लोकतंत्र की दुर्भाग्यपूर्ण हत्या है।
12:45 PM, 14-Dec-2021
निलंबन के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों को मिला राहुल का साथ
कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली में संसद परिसर में 12 राज्यसभा सांसदों के निलंबन के विरोध में शामिल हुए।
12:12 PM, 14-Dec-2021
निलंबन के खिलाफ विपक्षी सांसद निकालेंगे मार्च
राज्यसभा से 12 विपक्षी सांसदों के निलंबन के खिलाफ विपक्षी सांसद आज गांधी प्रतिमा, संसद से विजय चौक तक मार्च करेंगे।