Parliament Monsoon Session Live: 'अग्निपथ योजना' पर सत्ता पक्ष-विपक्ष में आर पार, सदन के अंदर और बाहर बयानबाजी
Parliament Session Live Updates in Hindi: संसद में मानसून सत्र का आज पांचवा दिन है। पिछले चार दिन विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ चुके हैं। मंगलवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश किया था। तबसे संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में बजट पर चर्चा हो रही है। वहीं, बजट के खिलाफ विपक्ष के रुख के चलते सदन में हंगामा भी देखने को मिल रहा है।
लाइव अपडेट
ममता बनर्जी के बयान पर चिराग पासवान का पलटवार
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बजट में भेदभाव का आरोप लगाया है। ममता बनर्जी के बयान पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि, ‘ममता बनर्जी ने अपनी मांग नीति आयोग में उठाई है लेकिन, जिस आचरण की उम्मीद आप हमसे करते हैं, वैसे आचरण की उम्मीद हम भी आपसे करते हैं। जिस समय आप लोगों की सरकार थी क्या उस समय बजट में हर राज्य का जिक्र कर राशि आवंटित की जाती थी? आप आजादी के बाद से सारे बजट निकलकर देख लीजिए। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि कोई भी बजट ऐसा नहीं है, जिसमें हर राज्य का जिक्र हो। समय समय पर जिस राज्य को मदद की जरूरत पड़ी है, उसे मदद पहुंचाई गई है। मेरा सवाल है कि बजट में अगर राज्य का जिक्र किया गया है तो इसमें इतनी तकलीफ किस बात की? सिर्फ हंगामा करने के उद्देश्य से इस तरह की बातें करना उचित नहीं है।’
सत्ता में आने के बाद अग्निपथ योजना को खत्म करेगी कांग्रेस- शशि थरूर
केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने निशाना साधा है। थरूर ने कहा, ‘दुनिया भर में भारतीय सेना की पेशेवर प्रतिष्ठा उच्च स्तर की है। भारतीय सेना को दुनिया की सबसे पेशेवर सेना माना जाता है। देश के हित में इस पेशेवर अंदाज को बरकरार रखे जाने की आवश्वयकता है। जब आप एक ऐसी स्थिति उत्पन्न करते हैं, जहां सैनिकों को छह महीने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है कि और उसके बाद चार वर्ष के लिए नियुक्ति देते हैं। ऐसे में आप भारतीय सेना की प्रशिक्षण की खूबी और पेशेवर अवसरों को खत्म कर रहे हैं। इसलिए, अगर कांग्रेस सत्ता में आने के बाद इस योजना को समाप्त करने की बात करती है, तो यह एकदम सही है।’
अग्निपथ योजना को लेकर विपक्ष पर बरसे भाजपा सांसद अजय भट्ट
अग्निपथ योजना को लेकर भाजपा सांसद अजय भट्ट ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा वह बिल्कुल सही है। इस मामले में विपक्ष द्वारा गलत बयानबाजी की जा रही है। अगर कोई गलत बात होती तो अग्निवीर भर्ती के लिए इतनी बड़ी संख्या में हमारी मातृशक्ति और हमारे युवा भी नहीं आते। अग्निपथ योजना बहुत अध्ययन करने के बाद लाई गई है। विपक्ष नेता इस मामले में गैरजिम्मेदार बयान दे रहे हैं।’
हरियाणा के कांग्रेस सांसदों का संसद भवन परिसर में प्रदर्शन
हरियाणा के कांग्रेस सांसदों ने संसद भवन परिसर में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सांसदों का आरोप है कि केंद्रीय बजट में हरियाणा की उपेक्षा की गई। सांसदों ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को इसके परिणाम भुगतने होंगे। रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने दावा किया कि बजट में हरियाणा के लिए कोई भी प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सांसदों ने इस मुद्दे को सदन में उठाया तो केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने उल्टा उन पर निशाना साधा।
एक घंटे के लिए स्थगित की गई राज्यसभा की कार्यवाही
राज्यसभा में शुक्रवार को पिछड़े वर्गों को आरक्षण से संबंधित एक निजी विधेयक पर भारी शोरगुल के कारण सदन की कार्यवाही एक घंटे के लिये स्थगित करनी पड़ी।