Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

बालेंद्र शाह का दो दिवसीय भारत दौरा LIVE: विदेश मंत्री से की मुलाकात, कल पीएम मोदी से करेंगे बातचीत

Sun, 22 Nov 2026 10:19 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला नई दिल्ली। Published by: निर्मल कांत Updated Sun, 22 Nov 2026 10:19 PM IST
खास बातें

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर रविवार को दिल्ली पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा पर सबकी नजरें टिकी हैं। बालेंद्र शाह के भारत दौरे की हर छोटी-बड़ी खबर और सभी ताजा अपडेट यहां पढ़ें।

विज्ञापन
Nepal pm balendra shah india visit live, PM Modi, President Murmu, India-Nepal Relations, News in Hindi update
जयशंकर और नेपाल के पीएम - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

लाइव अपडेट

10:15 PM, 22-Nov-2026

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर की मुलाकात

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भारत, नेपाल के साथ अपनी विशेष और गहरी दोस्ती को बहुत महत्व देता है। बालेंद्र शाह प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय यात्रा के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं। हवाई अड्डे पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया।

मुलाकात के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, "आज शाम नई दिल्ली यात्रा पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से मुलाकात करके खुशी हुई। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह के बीच होने वाली बैठकों का इंतजार है।'' विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा, "राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का हार्दिक स्वागत है। हवाई अड्डे पर वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चली आ रही बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने का एक अवसर है।"

प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह के बीच होने वाली बातचीत में ऊर्जा, व्यापार, कनेक्टिविटी, परिवहन और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे अहम मुद्दों पर विशेष ध्यान रहने की उम्मीद है। यह प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा है। उन्होंने इसी साल मार्च में नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। पद संभालने के बाद वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क भी गए थे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, सोमवार को बालेंद्र शाह और प्रधानमंत्री मोदी की औपचारिक बैठक होगी। इसमें दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में बताया था कि बालेंद्र शाह और प्रधानमंत्री मोदी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी, जिसमें दोनों देशों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच सहयोग को मजबूत करने तथा आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर आगे बढ़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
09:03 PM, 22-Nov-2026

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा ऐतिहासिक होगी- वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले

नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले ने प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत की राजकीय यात्रा को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि नेपाल को इस यात्रा से काफी उम्मीदें हैं। दोनों देशों के बीच ऊर्जा, जलविद्युत, व्यापार, रेलवे और कनेक्टिविटी जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है। इस यात्रा को भारत-नेपाल संबंधों को नई दिशा देने और आपसी सहयोग मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विज्ञापन
08:47 PM, 22-Nov-2026

रेलवे और जलविद्युत परियोजनाओं में बढ़ेगा सहयोग

भारत की कंपनियां नेपाल में कई जलविद्युत परियोजनाओं के विकास में शामिल हैं। इनमें 900 मेगावाट की अरुण-3 जलविद्युत परियोजना भी शामिल है, जिसका निर्माण जारी है। इसके अलावा दोनों देश रक्सौल-काठमांडू रेल संपर्क की संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं। इससे यात्रियों और माल की आवाजाही आसान हो सकती है। अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा भी शुरू होने जा रही है। इससे रामायण परंपरा से जुड़े दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।
06:56 PM, 22-Nov-2026

भारत-नेपाल के बीच बिजली कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार

भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। दोनों देशों के बीच हुए दीर्घकालिक बिजली व्यापार समझौते के तहत अगले 10 वर्षों में नेपाल से भारत को 10,000 मेगावाट तक बिजली आयात करने की योजना है। फिलहाल भारत नेपाल से करीब 1,200 मेगावाट बिजली खरीद रहा है। नवंबर 2024 से नेपाल भारत के बिजली ग्रिड के जरिये बांग्लादेश को भी बिजली निर्यात कर रहा है। दोनों देश सीमा पार बिजली आपूर्ति बढ़ाने के लिए नई और अधिक क्षमता वाली ट्रांसमिशन लाइनें विकसित कर रहे हैं।
 

05:48 PM, 22-Nov-2026

पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह के बीच कल होगी बातचीत

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह सोमवार को नई दिल्ली में द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसमें ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, सड़क संपर्क और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर रहेगा। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली भारत यात्रा है। दोनों नेताओं की बैठक से भारत-नेपाल संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
  • बातचीत के बाद दोनों प्रधानमंत्री नेपाल में कई परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन कर सकते हैं। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने से जुड़े समझौतों और दस्तावेजों का आदान-प्रदान भी होगा। दोनों देश रक्सौल-काठमांडू रेल संपर्क की संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं। इसके अलावा अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा शुरू होने की तैयारी है।
  • भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक और निवेश साझेदार है। नेपाल के कुल वस्तु निर्यात का करीब 80 प्रतिशत भारत पहुंचता है। हालांकि, मई में सीमा विवाद को लेकर बालेंद्र शाह की चीन और ब्रिटेन की भूमिका संबंधी टिप्पणी के बाद दोनों देशों के रिश्तों में असहजता आई थी। सोमवार की बैठक में सहयोग बढ़ाने के साथ संबंधों को मजबूत करने पर भी ध्यान रहेगा।
04:31 PM, 22-Nov-2026

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दिल्ली के होटल पहुंचे

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दिल्ली पहुंचने के बाद एक होटल पहुंचे। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत आए हैं। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के रूप में यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है। शाह की इस यात्रा को भारत और नेपाल के संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन
04:28 PM, 22-Nov-2026

केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने किया स्वागत

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दो दिवसीय राजकीय दौरे पर रविवार को दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए शाह का मार्च 2026 में पद संभालने के बाद यह पहला भारत दौरा है। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है। इस यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
03:40 PM, 22-Nov-2026

दिल्ली पहुंचे नेपाल के पीएम बालेन शाह

नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय यात्रा के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं। मार्च 2026 में पदभार संभालने के बाद से यह शाह की भारत की पहली यात्रा और पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है।
02:38 PM, 22-Nov-2026

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह आज दो दिवसीय राजकीय दौरे पर नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उन्हें विदाई दी गई। इस मौके पर ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ मौजूद रहे। गृह मंत्री सुधन गुरुंग भी वहां पहुंचे। इसके अलावा, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सांसद और प्रवक्ता जगदीश खरेल भी मौजूद थे। हवाई अड्डे पर सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे थे।
02:25 PM, 22-Nov-2026

दोनों पड़ोसी देशों के संबंध ऐतिहासिक: विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने अपने बयान में भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा था कि दोनों पड़ोसी देशों के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव के साथ मजबूत जनसंपर्क पर आधारित हैं। मंत्रालय के अनुसार, व्यापार और वाणिज्य, विकास साझेदारी, ऊर्जा एवं जल संसाधन तथा भौतिक और डिजिटल संपर्क जैसे विविध क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग ने प्रगति की है।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed