Bharat Bandh 2024 Live: दलित-आदिवासी संगठनों का भारत बंद; ओडिशा में रेल सेवा प्रभावित; जानें यूपी-एमपी में असर
Bharat Bandh Today News Live Updates: दलित और आदिवासी संगठनों ने बुधवार को 'भारत बंद' का आह्वान किया है। यह बंद हाशिए पर पड़े समुदायों के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व और सुरक्षा की मांग को लेकर बुलाया गया है। ‘नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ दलित एंड आदिवासी ऑर्गेनाइजेशन्स’ (एनएसीडीएओआर) ने मांगों की एक सूची भी जारी की है। इसमें सबसे अहम अनुसूचित जातियों (एससी), अनुसूचित जनजातियों (एसटी) और अन्य पिछड़े वर्गों (ओबीसी) के लिए न्याय और समानता की मांग हैं। यहां पढ़ें अपडेट्स...
लाइव अपडेट
कांग्रेस सांसद सचिन पायलट ने केंद्र सरकार को घेरा
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने एससी-एसटी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में भारत बंद के ऐलान पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "हम लोग हमेशा से कहते आए हैं कि केंद्र सरकार ने जानबूझकर ऐसा माहौल बनाया है जहां वंचित वर्ग है जो पिछड़े हैं दलित और आदिवासी अपने आप को असुरक्षित महसूस करते हैं। अभी जो लेटरल एंट्री का आदेश आया था उसे विपक्ष के दबाव में सरकार को वापस लेना पड़ा। आज का भारत बंद कोई राजनीतिक बंद नहीं है, ये गैर- राजनीतिक लोगों ने बुलाया है। मैं सबसे अपील करता हूं कि अमन और शांति बनाए रखें। हिंसा किसी चीज का जवाब नहीं है।"कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने प्रतिक्रिया दी
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति द्वारा सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में और एससी-एसटी आरक्षण को वापस लेने की मांग को लेकर भारत बंद की घोषणा करने पर कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, "ये ऐसा मुद्दा है जिसे सरकार को बहुत संजीदगी से समझते हुए देखना पड़ेगा। जमीन के हालात को समझना पड़ेगा। क्रीमी लेयर जैसी चीजें हुई हैं। सरकार संवेदनशीलता से सभी वर्गों के बारे में सोचे।भीम आर्मी के प्रमुख ने की मीडिया से बात
भारत बंद पर भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनके पार्टी का विरोध प्रदर्शन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ बुलाया गया है। कोर्ट के फैसले में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के भीतर उप-वर्गीकरण बनाने और "क्रीमी लेयर" अवधारणा को लागू करने की अनुमति दी गई थी।यूपी में कहां-कैसा रहा बंद का असर?
आरक्षण समर्थक समूहों के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होने के लिए लखनऊ में आंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। प्रयागराज में, बंद के मद्देनजर त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के जवानों को तैनात किया गया। आगरा में, विरोध-प्रदर्शनों के एक समूह ने पैदल मार्च निकाला और नारे लगाए और कानपुर में भी इसी तरह के दृश्य देखे गए। शहर में बसों का संचालन भी सामान्य रहा।
उन्नाव, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, संभल, जालौन, इटावा, मथुरा, हाथरस और गोरखपुर समेत अनेक जिलों में भी आरक्षण के समर्थन में विभिन्न संगठनों द्वारा जुलूस निकाले जाने और प्रदर्शन किये जाने की खबरें मिली हैं। प्रयागराज में बहुजन समाज पार्टी के एक कार्यकर्ता ने पार्टी कार्यालय में ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “बसपा कार्यकर्ता आरक्षण को समाप्त करने के विरोध में हैं। हम इस बारे में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे।” पश्चिमी उत्तर प्रदेश में असर रखने वाली आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने बिजनौर, सहारनपुर और आसपास के जिलों में विरोध मार्च निकाला।
यूपी में दिखा बंद का मामूली असर
आरक्षण से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के हाल के आदेश को लेकर विभिन्न संगठनों द्वारा बुधवार को बुलाए गए‘भारत बंद’ का उत्तर प्रदेश में मामूली असर रहा। आरक्षण के समर्थन में राज्य के कई हिस्सों में दलित संगठनों ने जुलूस निकाले, पदयात्रा की और प्रदर्शन किया। राज्य में ज्यादातर दुकानें खुली रहीं और कामकाज सामान्य रूप से चलता रहा। अनुसूचित जातियों (एससी) के आरक्षण पर उच्चतम न्यायालय के हाल के एक आदेश से असहमत कुछ समूहों द्वारा आहूत एक दिन के ‘भारत बंद’ के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी गई।
#WATCH उत्तर प्रदेश: आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने एससी/एसटी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में भारत बंद के आह्वान के तहत लखनऊ में विरोध प्रदर्शन किया। pic.twitter.com/eIkxBriFYN
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 21, 2024
यूपी में भारत बंद से जुड़े प्रदर्शनों पर आया डीजीपी का बयान
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में और एससी/एसटी आरक्षण को वापस लेने की मांग को लेकर भारत बंद का आह्वान किया है। उत्तर प्रदेश DGP प्रशांत कुमार ने बताया, "विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों द्वारा जो भारत बंद का आह्वान किया गया था उसके लिए व्यापक पुलिस बलों की स्थापना की गई है। हमारे अधिकारी संबंधित मजिस्ट्रेटों के साथ लगातार भ्रमणशील हैं। प्रजातांत्रिक तरीके से सभी जगहों से पत्रक लिए जा रहे हैं। पूरे उत्तर प्रदेश में स्थिति नियंत्रण में है। कहीं भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है... सभी पक्षों के महत्वपूर्ण व्यक्तियों के वार्ता हो चुकी है और सभी ने यह सुनिश्चित किया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होगी। हम प्रदेश की जनता को आश्वस्त करना चाहते हैं कि कानून-व्यवस्था किसी भी स्थिति में बिगड़ने नहीं दी जाएगी।"सिपाही भर्ती पर भारत बंद का असर, प्रश्न पत्र ले जा रहे मजिस्ट्रेट को रोका
भारत बंद का असर अब सिपाही भर्ती परीक्षा पर भी देखने को मिल रहा है। सुबह से कई जिलों में सिपाही अभ्यर्थी को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आवागमन बाधित होने के कारण वह समय पर परीक्षा केंद्र पर भी पहुंच नहीं पाए। इधर, वैशाली जिले के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर में बंद समर्थकों द्वारा प्रश्न पत्र लेकर जा रहे मजिस्ट्रेट को रोक दिया गया। मजिस्ट्रेट ने काफी समझाने की कोशिश की लेकिन बंद समर्थकों ने उन्हें पत्र पेपर केंद्र पर नहीं ले जाने दिया। पढ़ें पूरी खबर...बिहार में भारत-बंद के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज
बिहार: आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के खिलाफ एक दिवसीय भारत बंद के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने पटना में लाठीचार्ज किया।#WATCH बिहार: आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के खिलाफ एक दिवसीय भारत बंद के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने पटना में लाठीचार्ज किया। pic.twitter.com/PIt2jm5NFs
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 21, 2024
बिहार के जहानाबाद में हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी
बिहार में केंद्रीय कॉन्स्टेबल चयन बोर्ड (सीएसबीसी) कई जिलों में पुलिस की विभिन्न इकाइयों में सिपाही पद के लिए बुधवार को भर्ती परीक्षा भी आयोजित कर रहा है। जहानाबाद जिले में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-83 (एनएच-83) पर यातायात अवरुद्ध किया और इस दौरान उनकी सुरक्षाकर्मियों के साथ झड़प हुई। जहानाबाद नगर थाना के अवर निरीक्षक हुलास बैठा ने पत्रकारों को बताया, "ऊंटा मोड़ के पास एनएच-83 पर यातायात अवरुद्ध करने की कोशिश कर रहे पांच प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।"