11:13 PM, 11-Oct-2021
कोलकाता नाइटराइडर्स की चार विकेट से जीत
कोलकाता नाइटराइडर्स ने एलिमिनेटर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को चार विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही केकेआर दूसरे क्वालीफ़ायर में पहुंच गई है जहां उसका सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। वहीं हार के साथ ही विराट कोहली की अगुवाई वाली आरसीबी का आईपीएल 2021 का सफर खत्म हो गया है।
शारजाह में खेले गए नॉकआउट मुकाबले में विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने टीम को एक अच्छी शुरुआत दिलाई। हालांकि इसके बाद टीम के एक के बाद एक विकेट गिरते गए। देखते-देखते पूरी टीम 20 ओवर में सात विकेट खोकर 138 रन बना पाई। आरसीबी की तरफ से विराट कोहली ने सर्वाधिक 39 रन बनाए जबकि केकेआर के सुनील नरेन चार विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर को शुभमन गिल और वेंकटेश अय्यर ने शानदार और मजबूत शुरुआत दिलाई। हालांकि टीम ने इसके बाद अपने तीन विकेट गंवाए। हर्षल पटेल और युजवेंद्र चहल ने केकेआर के मध्यक्रम को मुश्किलों में डाला लेकिन सुनील नरेन द्वारा डेनिएल क्रिस्टियन के ओवर में लगाए गए तीन छक्के ने मैच को कोलकाता की झोली में डाल दिया।
11:02 PM, 11-Oct-2021
आखिरी छह गेंदों का रोमांच
कोलकाता को यह मुकाबला जीतने के लिए आखिरी छह गेंदों में सात रनों की जरुरत है।
10:56 PM, 11-Oct-2021
सिराज को दोहरी सफलता, कार्तिक लौटे पवेलियन
मोहम्मद सिराज ने अपने कोटे के आखिरी ओवर में कोलकाता को दो बड़े झटके दिए हैं। नरेन को बोल्ड करने के बाद उन्होंने दिनेश कार्तिक को श्रीकर भरत के हाथों कैच कराया। केकेआर को 12 गेंदों में 12 रनों की जरुरत।
10:53 PM, 11-Oct-2021
नरेन को लौटना होगा पवेलियन
सुनील नरेन को जिस तरह के तेज बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था, उन्होंने वह काम पूरा कर दिया। हालांकि वह मैच समाप्त नहीं कर पाए और उन्हें सिराज ने बोल्ड कर दिया। नरेन ने आउट होने से पहले 15 गेंदों में 26 रन बनाए।
10:45 PM, 11-Oct-2021
24 गेंदें और 19 रन
मैक्सवेल का किफायती ओवर लेकिन केकेआर को कोई खतरा नहीं। उन्हें अब जीत के लिए आखिरी 24 गेंदों में 19 रन बनाने हैं।
16 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर: 120/4, सुनील नरेन (25*), दिनेश कार्तिक (7*)
10:39 PM, 11-Oct-2021
केकेआर को 30 गेंदों में 27 रन की जरूरत
कोलकाता नाइटराइडर्स को यह मुकाबला जीतने के लिए आखिरी 30 गेंदों में 27 रनों की दरकार है और उसके पास छह विकेट हाथ में है।
10:30 PM, 11-Oct-2021
केकेआर के 100 रन पूरे
सुनील नरेन ने एक ही ओवर में मैच का रुख केकेआर की तरफ मोड़ दिया है।
13 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर: 107/3, नितीश राणा (21*), सुनील नरेन (21*)
10:26 PM, 11-Oct-2021
नरेन ने जड़े तीन छक्के
गेंदबाजी में चार विकेट झटकने वाले सुनील नरेन को आज बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा गया। उन्होंने भी इस फैसले को सही साबित करते हुए डेनियल क्रिस्टियन के ओवर में लगातार तीन छक्के जड़े। कुल मिलाकर इस ओवर से 22 रन आए।
12 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर: 101/3, सुनील नरेन (19*), नितीश राणा (18*)
10:23 PM, 11-Oct-2021
हर्षल ने रचा इतिहास
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के गेंदबाज हर्षल पटेल ने आईपीएल इतिहास में किसी एक सीजन में सर्वाधिक विकेट (32) लेकर ड्वेन ब्रावो के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
10:19 PM, 11-Oct-2021
केकेआर को तीसरा झटका, अय्यर आउट
हर्षल पटेल ने एक बार फिर से केकेआर को झटका दिया है। इस बार उन्होंने अपने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर वेंकटेश अय्यर को श्रीकर भरत के हाथों कैच कराया। आउट होने से पहले वेंकटेश ने 30 गेंदों में 26 रन का योगदान दिया।