फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

India-EU FTA News LIVE Updates: 10 वर्षों में भारत व ईयू के बीच दोगुना हुआ व्यापार, एफटीए डील के बाद बोले पीएम

Tue, 27 Jan 2026 05:29 PM IST
रिया दुबे बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: रिया दुबे Updated Tue, 27 Jan 2026 05:29 PM IST
खास बातें

भारत और यूरोपीय संघ के बीच लंबे समय से चल रही एफटीए बातचीत सफल रही। आज ऐतिहासिक समझौते की घोषणा हुई, जिससे दोनों के व्यापार और रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती मिलेगी।

विज्ञापन
India-EU FTA LIVE Updates Mother of All Deals European Union ursula von der leyen PM Modi Meeting hindi News
भारत-ईयू एफटीए - फोटो : Amar Ujala

लाइव अपडेट

05:23 PM, 27-Jan-2026

भारत-ईयू FTA से खुलेगा निवेश और व्यापार का नया रास्ता

विदेश सचिव विक्रम मिसरी - फोटो : पीटीआई
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने शिखर सम्मेलन की संयुक्त अध्यक्षता की। इस दौरान सीमित और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठकें हुईं, जिनमें व्यापार, तकनीक, रक्षा, रणनीतिक सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिखर सम्मेलन से पहले कई अहम दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और आदान-प्रदान किए गए। इनमें भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते के निष्कर्ष की संयुक्त घोषणा, सुरक्षा व रक्षा साझेदारी समझौता और मोबिलिटी सहयोग पर समझौता ज्ञापन (MoU) शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भारत-ईयू बिजनेस फोरम को भी संबोधित किया। भारत मंडपम में आयोजित इस मंच पर भारत और यूरोप के 100 से अधिक शीर्ष उद्योगपतियों और सीईओ ने भाग लिया, जहां निवेश, आपूर्ति श्रृंखला और तकनीकी सहयोग पर चर्चा हुई।

विदेश सचिव के अनुसार, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत के राजकीय दौरे पर आए हैं। दोनों नेता गणतंत्र दिवस समारोह में संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि रहे। यह पहली बार है जब यूरोपीय संघ के शीर्ष नेताओं को भारत के गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि बनने का अवसर मिला। इस यात्रा के दौरान यूरोपीय संघ की विदेश नीति एवं सुरक्षा मामलों की उच्च प्रतिनिधि और यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कालास सहित आयोग और परिषद के वरिष्ठ अधिकारी भी भारत पहुंचे हैं। 
05:09 PM, 27-Jan-2026

एफटीए से व्यापार और तकनीकी सहयोग को नई दिशा- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि यह एफटीए भारत और यूरोपीय संघ की कई प्राथमिकताओं के अनुरूप है और इससे व्यापार, तकनीक और निवेश को नई गति मिलेगी। उन्होंने तीन प्रमुख क्षेत्रों पर सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

पहला, प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर व्यापार, तकनीक और महत्वपूर्ण खनिजों का हथियारकरण हो रहा है, ऐसे में भारत और यूरोपीय संघ को आपसी निर्भरता को कम करने और विश्वसनीय सप्लाई चेन विकसित करने के लिए मिलकर काम करना होगा। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी, चिप्स और फार्मा कच्चे माल जैसे क्षेत्रों में बाहरी निर्भरता घटाने पर बल दिया।

दूसरा, प्रधानमंत्री ने रक्षा उद्योग और उन्नत तकनीकों में सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने रक्षा, अंतरिक्ष, दूरसंचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने की बात कही।

तीसरा, पीएम मोदी ने स्वच्छ और टिकाऊ भविष्य को साझा प्राथमिकता बताते हुए हरित हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा और स्मार्ट ग्रिड जैसे क्षेत्रों में संयुक्त शोध और निवेश बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर, टिकाऊ परिवहन, जल प्रबंधन, सर्कुलर इकॉनमी और टिकाऊ कृषि जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग विकसित करने की जरूरत बताई।
विज्ञापन
04:54 PM, 27-Jan-2026

भारत-यूरोपीय संघ में एक नए युग का शंखनाद- पीएम मोदी

भारत-ईयू एफटीए - फोटो : ANI
भारत-यूरोपीय संघ व्यापार मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यूरोपीय संघ परिषद और आयोग के अध्यक्षों की भारत यात्रा कोई साधारण राजनयिक यात्रा नहीं है, यह भारत-यूरोपीय संघ में एक नए युग का शंखनाद है। भारत के इतिहास का सबसे बड़ा एफटीए संपन्न हुआ। बाजार पर आधारित अर्थव्यवस्था होने के नाते हमारे साझा मूल्य हैं, वैश्विक स्थिरता के प्रति हमारी साझा प्राथमिकताएं है। इसी मजबूत आधार पर हम अपनी साझेदारी को नई ऊंचाई दे रहे हैं। इस नतीजे भी हमें साफ दिख रहे हैं। पिछले दस वर्षों में हमारा व्यापार दोगुना होकर 180 अरब यूरो तक पहुंच गया। भारत में छह हजार से अधिक यूरोपीय कंपनियां काम कर रही हैं। यूरोपीय संघ से भारत में 120 अरब यूरो से अधिक का निवेश है। भारत की 1500 कंपनियां ईयू में मौजूद हैं। और वहां निवेश लगभग 40 अरब यूरो तक पहुंच चुका है। 
04:38 PM, 27-Jan-2026

6.4 लाख करोड़ रुपये के निर्यात को मिलेगा नया बाजार- पीयूष गोयल

पीयूष गोयल - फोटो : ANI
भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से देश के कई राज्यों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस समझौते के तहत लगभग 6.4 लाख करोड़ रुपये के निर्यात को 27 यूरोपीय देशों के बाजारों तक एकीकृत व्यापार ढांचे के तहत पहुंच मिलेगी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पीयूष गोयल ने बताया कि गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम और केरल जैसे राज्य इस समझौते के प्रमुख लाभार्थी हो सकते हैं।
02:57 PM, 27-Jan-2026

वैश्विक अनिश्चितता के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति

वैश्विक अनिश्चितता और आपूर्ति शृंखला में बाधाओं के बीच भारत और यूरोपीय संघ (ने आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई है। दोनों पक्षों ने कहा कि भारत-ईयू के बीच घनिष्ठ आर्थिक संबंध विकास, रोजगार सृजन, हरित संक्रमण, औद्योगिक विकास और टिकाऊ व भरोसेमंद सप्लाई चेन के लिए पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं।

दोनों पक्षों के नेताओं ने मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के पूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही उन्होंने अपनी-अपनी टीमों को निवेश संरक्षण समझौते (IPA) और भौगोलिक संकेतक (GI) समझौते पर बातचीत जल्द से जल्द पूरी करने का निर्देश दिया। भारत और यूरोपीय संघ ने द्विपक्षीय निवेश को बढ़ाने और चयनित वैल्यू चेन को मजबूत करने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने पर भी सहमति जताई। इसके तहत 'ब्लू वैलीज' जैसे क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने की योजना है। दोनों पक्षों ने तीसरे देशों में संयुक्त निवेश बढ़ाने और त्रिपक्षीय सहयोग को मजबूत करने का भी संकल्प लिया। इसमें विकास सहायता के क्षेत्र में भारत और यूरोपीय संघ के अनुभव का उपयोग किया जाएगा, जिसमें यूरोपीय संघ की ग्लोबल गेटवे रणनीति भी शामिल है।
02:03 PM, 27-Jan-2026

दोनों पक्षों के बीच व्यापार और सुरक्षा को मिलेगा नया अध्याय

भारत और यूरोपीय संघ (EU) ने मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर बातचीत के सफल समापन की घोषणा करने वाला दस्तावेज पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसके साथ ही दोनों पक्षों ने सुरक्षा व रक्षा साझेदारी समझौते और लोगों की आवाजाही के लिए व्यापक ढांचे से जुड़े समझौते पर भी हस्ताक्षर किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे भारत का अब तक का सबसे बड़ा मुक्त व्यापार समझौता बताते हुए कहा कि यह केवल व्यापारिक करार नहीं, बल्कि साझा समृद्धि का नया खाका है। उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच यह समझौता दोनों पक्षों के लिए बड़े अवसर लेकर आएगा।

यूरोपीय संघ के प्रतिनिधियों ने भी इस समझौते को ऐतिहासिक बताया। ईयू के नेता एंटोनियो कोस्टा ने कहा कि यह दिन ऐतिहासिक है और इससे व्यापार, सुरक्षा तथा लोगों के आपसी संबंधों में नया अध्याय खुल रहा है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से दो अरब लोगों का साझा बाजार तैयार हो रहा है।

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भारत-ईयू एफटीए को 'मदर ऑफ ऑल डील्स' बताते हुए कहा कि यह समझौता दोनों पक्षों में लाखों नौकरियों के अवसर पैदा करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
01:41 PM, 27-Jan-2026

समझौते पर पीएम मोदी क्या बोले?

भारत-ईयू एफटीए - फोटो : Youtube grab (@NarendraModi)
करीब दो दशक के लंबे इंतजार और बातचीत के बाद, भारत और यूरोपीय संघ (ईये) ने आखिरकार ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप दे दिया है। इसे व्यापार जगत की सबसे बड़ी संधियों में से एक माना जा रहा है, जो सीधे तौर पर भारतीय ऑटो बाजार और उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। इस समझौते के तहत यूरोपीय कारों पर लगने वाले भारी-भरकम टैक्स में बड़ी कटौती की गई है, जिससे भारत में लग्जरी गाड़ियों की कीमतें कम होने का रास्ता साफ हो गया है। इस समझौते की अहमियत बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे "मदर ऑफ ऑल डील्स" (अब तक का सबसे ऐतिहासिक समझौता) करार दिया है।
12:27 PM, 27-Jan-2026

दो अरब लोगों के लिए खुले नए अवसर, बोलीं उर्सुला वॉन डेर लेयेन

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन - फोटो : Amar Ujala

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भारत और यूरोपीय संघके बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि इस समझौते के साथ भारत और यूरोप ने इतिहास रच दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि भारत और यूरोप के बीच मदर ऑफ ऑल डील्स संपन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि इस समझौते के जरिए दो अरब लोगों के लिए एक विशाल मुक्त व्यापार क्षेत्र का निर्माण हुआ है, जिससे दोनों पक्षों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है और आने वाले समय में भारत और यूरोपीय संघ अपने रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करेंगे।

12:09 PM, 27-Jan-2026

भारत और यूरोपीय संघ के बीच रक्षा सहयोग मजबूत करने पर चर्चा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह - फोटो : X (@rajnathsingh)
भारत-ईयू ने द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से रक्षा क्षेत्र में सप्लाई चेन के एकीकरण के तरीकों पर चर्चा की है। यह मुद्दा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और यूरोपीय संघ की विदेश व सुरक्षा मामलों की प्रमुख काजा कालास के बीच हुई बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि बैठक में द्विपक्षीय सुरक्षा और रक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। इसमें भरोसेमंद रक्षा इकोसिस्टम के निर्माण और भविष्य के लिए तैयार क्षमताओं के विकास के लिए सप्लाई चेन को जोड़ने के अवसरों पर चर्चा शामिल रही।
 


उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने की उम्मीद है। यह बैठक भारत-ईयू शिखर सम्मेलन से पहले हुई, जिसे दोनों पक्षों के बीच रक्षा और रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने के रूप में देखा जा रहा है।
11:37 AM, 27-Jan-2026

बैठक की हुई शुरुआत

पीएम मोदी ने यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा के साथ मुलाकात की। दोनों पक्षों के बीच हैदराबाद हाउस में बैठक शुरू हो चुकी है। 
Load More
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed