Bankipur Bypoll 2026 Live: भाजपा-जन सुराज समर्थक भिड़े, PK की हूटिंग, कम वोटिंग; तेजस्वी बोले- हम जीत रहे
Bankipur Bihar News : उप चुनाव में बिहार की इकलौती सीट- बांकीपुर में आज सभी 25 प्रत्याशियों का भाग्य EVM में कैद हो गया। तीन अगस्त को मतगणना है। तेजस्वी यादव ने राजद की जीत का दावा किया। इससे पहले लड़ाई पीके-भाजपा में दिखी।
लाइव अपडेट
शाम 6 बजे तक 34.30% मतदान
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के तहत मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार शाम 6:00 बजे तक कुल 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव के दौरान एफएसटी (FST), एसएसटी (SST) और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (CAPF) की संयुक्त कार्रवाई में करीब 14,30,418 रुपये मूल्य की 2,412.18 लीटर शराब, करीब 39,200 रुपये मूल्य के 1.98 ग्राम मादक पदार्थ (ड्रग्स) तथा 3,95,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस ने असामाजिक और चुनाव को प्रभावित करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी। ऐसे लोगों की पहचान कर 2,454 व्यक्तियों के खिलाफ विधि-सम्मत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।Tejashwi Yadav : विपक्ष के नेता का बड़ा दावा, बोले- राजद की जीत तय
Bankipur Vote Percent : शाम 5 बजे तक 33.6 प्रतिशत वोट
Tension in Patna : एसके पुरी में पीके भी गरजे, भाजपा का बड़ा आरोप
Bankipur Bypoll 2026: 3 बजे तक सिर्फ 27% वोटिंग
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान की रफ्तार धीमी बनी हुई है। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग के बाद दोपहर 3 बजे तक केवल 27.00 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।
मतदान के बाद अशोक चौधरी की अपील- पहले वोट डालें, फिर करें बाकी काम
बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने पटना के बुद्धा कॉलोनी स्थित सेंट पॉल स्कूल मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है।उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी मतदाता अपने घरों से निकलकर सबसे पहले मतदान करें। उन्होंने कहा कि अभी भी कई लोग वोट डालने के लिए बाहर नहीं निकल रहे हैं, जो उचित नहीं है। अशोक चौधरी ने कहा, "पहले मतदान करें, उसके बाद अपने अन्य कार्य करें।"
संजय यादव का दावा- वादाखिलाफी से नाराज जनता, बांकीपुर में भाजपा को हराने का बनाया मन
राजद सांसद संजय यादव ने कहा कि बिहार की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों और कथित वादाखिलाफी से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने युवाओं को एक करोड़ नौकरियां और महिलाओं को दो लाख रुपये देने का वादा किया था, लेकिन लगभग एक साल बीत जाने के बाद भी इनमें से कोई वादा पूरा नहीं हुआ।संजय यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान योजना की शुरुआत के नाम पर 10 हजार रुपये देकर आधार तैयार किया गया, लेकिन बाद में लोगों को कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से बांकीपुर की जनता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट पर पार्टी को हराने का मन बना चुकी है और राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के पक्ष में जमकर मतदान कर रही है।
दोपहर 1 बजे तक 20% मतदान, निर्वाचन आयोग ने बताया शांतिपूर्ण माहौल
निर्वाचन आयोग के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी माधव कुमार सिंह ने बताया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में दोपहर 1 बजे तक 20 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है और अब तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। मतदान प्रक्रिया पूरी तरह सामान्य रूप से चल रही है।
जांच के दौरान ₹1.17 लाख नकद बरामद, एक व्यक्ति हिरासत में
बांकीपुर विधानसभा में मतदान के बीच पटना पुलिस की टीम ने जांच अभियान के दौरान 1 लाख 17 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जिस व्यक्ति के पास से यह राशि मिली, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने नकदी भी जब्त कर ली है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।