अचानक गर्दन में दर्द उठने पर करें ये अभ्यास, मिल जाएगी राहत
गर्दन दर्द एक ऐसा दर्द है जो कि बैठने तक नहीं देता है। धीरे- धीरे इसका असर बढ़ता ही जाता है। वर्क फ्रॉम होम में यह समस्या बहुत बढ़ चुकी है लेकिन दवाइयों की बजाय कुछ आसान अभ्यास करके भी इस समस्या को ठीक किया जा सकता है।
विस्तार
जब से लोगों ने वर्क फ्रॉम होम करना शुरू किया है, गर्दन दर्द की समस्या बहुत आम हो गई है। गर्दन दर्द यदि थोड़ी देर बना रहे तो बैठना मुश्किल हो जाता है। गर्दन का दर्द कई बार अचानक उठता है, ऐसे में समझ नहीं आता है कि क्या करने से राहत मिल सकती है। गर्दन दर्द होने पर कुछ सामान्य और बेहद आसान कसरत करने से राहत मिल सकती है। आइए जानते हैं कि इन अभ्यासों को किस तरह किया जाना चाहिए।
ऊपर - नीचे करें
गर्दन में यदि अचानक दर्द उठा है तो बिल्कुल धीरे- धीरे सिर को पीछे की ओर झुकाते हुए गर्दन को ऊपर की ओर करें और 10 से 15 सेकंड के लिए इसी अवस्था में रखें, फिर गर्दन को नीचे की ओर ले आएं और 10 से 15 सेकंड ऐसे ही रहें। कम से कम 15 से 20 बार इस प्रक्रिया को करें। आपको जल्द ही आराम पहुंचेगा।
दाएं-बाएं गर्दन घुमाना
इस कसरत को आप बैठकर या खड़े होकर, दोनों ही अवस्था में कर सकते हैं। इसे करने के लिए पहले गर्दन को दाएं ओर झुकाएं और कुछ देर के लिए रूकें, फिर यही प्रक्रिया बाएं ओर के लिए करें। ऐसा करने पर जितनी आपकी क्षमता हो, उतनी देर के लिए ही आप रूकें। गर्दन पर अधिक दबाव देने की कोशिश बिल्कुल न करें।
दाएं-बाएं देखना
दाएं-बाएं देखना भी एक अच्छा अभ्यास है। इसे प्रतिदिन करने से गर्दन दर्द में बहुत लाभ मिलता है। इसे करने के लिए गर्दन को सीधा रखें, फिर दाएं और घुमाएं और 10 सेकंड के लिए किसी एक बिंदु पर ध्यान केंद्रित करके देखते रहें। फिर इसी तरह बाएंं और भी करें। इससे आपको बहुत आराम पहुंचेगा और दर्द दूर हो जाएगा।