Milad Un Nabi 2026: 26 अगस्त को मिलाद उन नबी, दिल्ली में नमाज के लिए कहां जाएं? यहां देखें पूरी लिस्ट
Eid Milad 2026: अगर आप ईद मिलाद के मौके पर नमाज और इबादत के लिए दिल्ली की किसी बड़ी मस्जिद में जाना चाहते हैं, तो पुरानी दिल्ली की जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद और शाही ईदगाह प्रमुख विकल्पों में शामिल हैं।
विस्तार
Eid E Milad Un Nabi 2026: मिलाद-उन-नबी को ईद-ए-मिलाद या बारावफात भी कहते हैं। मिलाद-उन-नबी का इंतजार कर रहे लोगों के लिए इस साल यह खास मौका 26 अगस्त 2026, बुधवार को है। दिल्ली सरकार की आधिकारिक छुट्टियों की सूची में भी 26 अगस्त को मिलाद-उन-नबी की छुट्टी घोषित की गई है। इस मौके पर दिल्ली की कई ऐतिहासिक मस्जिदों में नमाज, दुआ, धार्मिक कार्यक्रम और सीरत-ए-पाक से जुड़े आयोजन देखने को मिल सकते हैं।
अगर आप ईद मिलाद के मौके पर नमाज और इबादत के लिए दिल्ली की किसी बड़ी मस्जिद में जाना चाहते हैं, तो पुरानी दिल्ली की जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद और शाही ईदगाह प्रमुख विकल्पों में शामिल हैं। दिल्ली की जामा मस्जिद ऐतिहासिक और धार्मिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्थल है। वहीं निजामुद्दीन इलाके में भी कई प्रमुख मस्जिदें और धार्मिक स्थल हैं।
हालांकि, ध्यान रखें कि जाने से पहले संबंधित मस्जिद की स्थानीय कमेटी से नमाज का समय और विशेष कार्यक्रम जरूर कन्फर्म कर लें।
दिल्ली की प्रमुख मस्जिदें
- जामा मस्जिद, पुरानी दिल्ली
चांदनी चौक इलाके में स्थित यह दिल्ली की सबसे प्रसिद्ध ऐतिहासिक मस्जिदों में से एक है। जामा मस्जिद से सबसे करीब जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन है, जो वायलेट लाइन पर है। यहां से मस्जिद मात्र 200 से 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।
- फतेहपुरी मस्जिद
पुरानी दिल्ली के फतेहपुरी इलाके में स्थित यह एक प्रमुख धार्मिक स्थल है। यह जामा मस्जिद के बाद दिल्ली की दूसरी सबसे बड़ी मस्जिद है। चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन , येलो लाइन से यह मस्जिद से लगभग 800 मीटर से 1 किलोमीटर की दूरी पर है। फतेहपुरी मस्जिद के ठीक सामने लाल किला है।
- शाही ईदगाह
सदर बाजार इलाके में स्थित शाही ईदगाह बड़े धार्मिक आयोजनों के लिए जानी जाती है। यहां से सबसे करीबी मेट्रो स्टेशन पुल बंगश और झंडेवालान हैं।
- निजामुद्दीन क्षेत्र की मस्जिदें
निजामुद्दीन इलाके में भी कई मस्जिदों में नियमित नमाज और धार्मिक गतिविधियां होती हैं। यहां खिर्जी मस्जिद, बंगलेवाली मस्जिद और काली मस्जिद मौजूद है।
जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
- मिलाद के दिन बड़ी संख्या में लोगों के धार्मिक स्थलों पर पहुंचने की संभावना रहती है।
- इसलिए भीड़ को देखते हुए समय से पहले पहुंचना बेहतर रहेगा।
- खासकर पुरानी दिल्ली की ओर जाने वालों को ट्रैफिक और पार्किंग की स्थिति पहले देख लेनी चाहिए।
- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अपनी वेबसाइट पर ट्रैफिक डायवर्जन और एडवाइजरी जारी करती है।