{"_id":"68a47c8b05fb55ae740b818f","slug":"kashmiri-style-kitechen-embroidery-rugs-and-carpets-in-kitchen-decor-tips-2025-08-19","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Kitchen Decor Tips: हल्के रंग, कसीदा कढ़ाई और नक्काशीदार लकड़ी से पाएं कश्मीरी स्टाइल किचन डिजाइन","category":{"title":"Lifestyle","title_hn":"लाइफ स्टाइल","slug":"lifestyle"}}
Kitchen Decor Tips: हल्के रंग, कसीदा कढ़ाई और नक्काशीदार लकड़ी से पाएं कश्मीरी स्टाइल किचन डिजाइन
Fri, 22 Aug 2025 03:05 PM IST
शिवानी अवस्थी
लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला
लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला
Published by: शिवानी अवस्थी
Updated Fri, 22 Aug 2025 03:05 PM IST
सार
kitchen decor Tips: किचन अब केवल खाना बनाने की जगह नहीं, बल्कि लाइफ स्टाइल स्टेटमेंट बन गया है। अपने किचन को खास दिखाने के लिए आप इसे कश्मीरी स्टाइल में सजा सकती हैं।
विज्ञापन
कश्मीरी किचन
- फोटो : instagram
विस्तार
शिखा शिप्रा
विज्ञापन
रसोई घर सिर्फ खाना बनाने की जगह नहीं, बल्कि घर का दिल होता है, जहां भावनाएं और यादें बसती हैं। आज की पीढ़ी इसे स्टाइल और कंफर्ट का संगम मानती है। इसी कारण कश्मीरी रसोई का ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह स्टाइल क्लासी और आकर्षक है, जिसे बिना बड़े बदलाव के आधुनिक डिजाइन, हल्की रोशनी, रंगों के सुंदर संयोजन और स्मार्ट स्टोरेज से आसानी से तैयार किया जा सकता है। यह आपके इस स्पेस को खास बना देगी।
हल्के रंग
रसोई डिजाइन करते समय रंग योजना बेहद अहम होती है। ऐसे में अपने किचन को कश्मीरी रसोई लुक देने के लिए आप हल्के हरे शेड्स का उपयोग करें। यह संयोजन अलमारियों, काउंटर टॉप्स या दीवारों पर बेहद खूबसूरत लगता है। चाहे आप बोल्ड लुक चाहें या हल्का, ये रंग रसोई को खास बना देंगे।
विज्ञापन
ओपन सिटिंग कॉर्नर
कश्मीरी रसोई की मेहमान नवाजी को ध्यान में रखते हुए आप अपने किचन में एक छोटा-सा सिटिंग कॉर्नर जरूर बनाएं। इसमें लकड़ी की छोटी टेबल, दो-तीन कुर्सियां और रंग-बिरंगे कुशन हों, ताकि मेहमान और आप आराम से बैठकर चाय या स्नैक्स का आनंद ले सकें। टेबल पर आप लकड़ी, तांबा या मिट्टी से बना शोपीस रखें, साथ ही ताजे फूलों से खूबसूरती बढ़ाएं।
विज्ञापन
कालीन और गलीचे
कश्मीरी कालीन के इस्तेमाल से आप अपनी साधारण-सी रसोई में बिना कोई बड़ा बदलाव किए खास कश्मीरी टच जोड़ सकती हैं। ये कालीन न सिर्फ टिकाऊ होते हैं, बल्कि बेहद आकर्षक भी दिखते हैं। सुंदर रंगों और डिजाइनों से सजे ये कालीन आपके किचन का सेंटर ऑफ अट्रैक्शन बन सकते हैं। इनकी मदद से रसोई में स्वागत योग्य माहौल बनता है, जिससे खाना बनाना और समय बिताना और भी सुखद हो जाता है।
नक्काशीदार लकड़ी
कश्मीर अपने खूबसूरत नक्काशीदार लकड़ी के काम के लिए प्रसिद्ध है। ऐसे में आप खूबसूरत नक्काशीदार लकड़ी से अपनी रसोई को एक अनोखा और आकर्षक लुक दे सकती हैं। जालीदार कैबिनेट, नक्काशीदार शेल्फ और लकड़ी के पैनल रसोई को रस्टिक और नेचुरल लुक देते हैं, जिससे रसोई का माहौल और भी आकर्षक बनता है।
झूलते लैंप और लैंप शेड
कश्मीरी रसोई में प्रकाश का विशेष महत्व होता है, जो इसकी पारंपरिक सुंदरता को उभारता है। इसके लिए आप गरम प्रकाश वाली येलो टोन लाइट्स का चयन करें, जो लकड़ी और तांबे के बर्तनों की चमक को बढ़ाती हैं। अपने बजट के अनुसार छत पर झूलते लैंप या कश्मीरी पैटर्न वाले लैंप शेड्स लगावा सकती हैं। दीवारों या शेल्व्स पर छोटी सजावटी लाइट्स भी रसोई को आकर्षक बना सकती हैं।
कसीदा कढ़ाई का आकर्षण
कश्मीरी कसीदा कढ़ाई वाले कपड़ों से आप अपनी रसोई को खूबसूरती से सजा सकती हैं। इन कपड़ों का उपयोग आप किचन कैबिनेट के परदों, खिड़की की ड्रेपरी, टेबल रनर या कवर के रूप में कर सकती हैं। रंग-बिरंगे धागों से बनी यह पारंपरिक कढ़ाई रसोई को एक कलात्मक और सांस्कृतिक स्पर्श देती है तथा उसे पारंपरिक कश्मीरी सौंदर्य से भर देती है।
तांबे-पीतल के बर्तन
आपकी रसोई में कश्मीरियत का असली अहसास जोड़ते हैं तांबे और पीतल के बर्तन, जैसे कि ग्लास, थाली, कढ़ाई, तवा, कटोरी और पानी का जग। ये न केवल लग्जरी और विंटेज लुक देते हैं, बल्कि टिकाऊ और स्वास्थ्यवर्धक भी होते हैं। इन बर्तनों को आप ओपन शेल्फ पर सजाकर या दीवारों पर टांग कर रसोई को आकर्षक बना सकती हैं। तांबे और पीतल के बर्तन खाना बनाने के साथ-साथ सजावट में भी चार चांद लगा देते हैं।