सर्दियों में कम लगती है प्यास? डिहाइड्रेशन से बचाएंगी ये 5 स्टाइलिश इंसुलेटेड बोतलें!
Best Insulated Water Bottles: सर्दियों में डिहाइड्रेशन से बचने और पानी को लंबे समय तक गर्म रखने के लिए जानें 5 तरह की इंसुलेटेड बोतलों के फायदे। खरीदने से पहले इन जरूरी बातों का रखें ध्यान।
विस्तार
सर्दियों की सुबह हो या ठंडी शाम, इस मौसम में अक्सर पानी पीने का ख्याल ही नहीं आता। प्यास कम लगने के कारण हम अनजाने में शरीर की जरूरत से कम पानी पीते हैं। अमेरिका की ‘ओक्लाहोमा स्टेट यूनिवर्सिटी’ की रिसर्च भी यह बताती है। यूनिवर्सिटी के अनुसार, ठंड के मौसम में शरीर की प्यास महसूस करने की क्षमता लगभग 40 प्रतिशत तक घट जाती है, जिससे लोग अनजाने में कम पानी का सेवन करने लगते हैं। ऐसे में हाइड्रेटेड रहने के लिए जरूरी है कि पानी पीने की आदत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए। इसके लिए एक अच्छी इंसुलेटेड बोतल आपकी मददगार बन सकती है। यह न सिर्फ पानी को लंबे समय तक गुनगुना या ठंडा बनाए रखने में मदद करती है, बल्कि चाय-कॉफी का मजा भी बरकरार रखती है। खास बात यह है कि अब ये बोतलें जरूरत के साथ स्टाइल का भी ख्याल रखती हैं। आइए जानें, सर्दियों के लिए कौन-सी इंसुलेटेड बोतल आपके लिए बेहतर रहेगी।
क्या है खास इंसुलेटेड बोतलों में
इंसुलेटेड बोतलें गरम को गरम और ठंडे का ठंडा रखने का काम करती हैं। इनमें आप गुनगुने पानी के साथ ही चाय-कॉफी को लंबे समय तक अपने तय तापमान में रख सकती हैं। ये बोतलें खास तकनीक से बनाई जाती हैं, जो पेय पदार्थों का तापमान लंबे समय तक स्थिर बनाए रखती हैं।
ट्रेंडी टंबलर बोतल से मिलेगा स्टाइलिश अंदाज
जेन-जी के हाथों में दिखने वाली टंबलर बोतल अब नए अवतार में आ गई है। अपने स्टाइलिश लुक और बड़े आकार के लिए मशहूर यह बोतल अब इंसुलेटेड फीचर के साथ मिल रही है, यानी अब सर्दियों में भी चाय, कॉफी या अन्य गरम पेय का लुत्फ लंबे समय तक उठाया जा सकता है। तापमान बनाए रखने की खूबी और ट्रेंडी डिजाइन इसे जेन-जी के लिए फैशनेबल आइकन बनाता है।
स्टेनलेस स्टील बोतल है भरोसेमंद साथी
यह रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए सबसे लोकप्रिय विकल्पों में से एक है। इसमें स्टेनलेस स्टील की दो परतों के बीच वैक्यूम स्पेस होता है, जो तापमान को लंबे समय तक बनाए रखता है। ऑफिस, घर और यात्रा के दौरान गरम या ठंडा पानी रखने के लिए इसे इस्तेमाल कर सकते हैं। बस खरीदते समय 304 ग्रेड स्टील को प्राथमिकता दें।
कप वाले थर्मस फ्लास्क से सफर बने आसान
थर्मस फ्लास्क उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है, जो लंबे समय तक पानी या चाय को मनचाहे तापमान पर रखना चाहते हैं। इसकी डबल-वॉल इंसुलेटेड बनावट गरम पेय को गरम और ठंडे को ठंडा बनाए रखने में मदद करती है। इसकी एक खास खूबी है, इसका कपनुमा ढक्कन, जिसका इस्तेमाल गिलास की तरह किया जा सकता है। सफर और ऑफिस के लिए यह बेहद सुविधाजनक और उपयोगी साबित होती है।
ट्रैवल इंसुलेटेड है लीकेज-प्रूफ
अगर आप रोजाना ऑफिस, कॉलेज या लंबी यात्रा करते हैं, तो ट्रैवल इंसुलेटेड बोतल उपयोगी रहेगी। इसका डिजाइन कॉम्पैक्ट और मजबूत होता है। कई बोतलों में लीकेज-प्रूफ ढक्कन और कैरी करने के लिए हैंडल भी दिया जाता है। इसे बैग में आसानी से रखा जा सकता है।
हर उम्र के लिए स्पोर्ट्स वाली
एक्टिव लाइफस्टाइल और एक्सरसाइज करने वाले लोगों के लिए इंसुलेटेड स्पोर्ट्स बोतल अच्छी रहती है। इसमें अक्सर फ्लिप-टॉप या सिपर ढक्कन दिया जाता है, जिससे चलते-फिरते पानी पीना आसान होता है। इसका डिजाइन पकड़ने में सुविधाजनक होता है। इसे जिम, मॉर्निंग वॉक और आउटडोर एक्टिविटी के दौरान इस्तेमाल कर सकते हैं।
इंसुलेटेड बोतल खरीदते समय इन बातों का रखें ख्याल
गुणवत्ता : रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए 304 ग्रेड स्टेनलेस स्टील वाली बोतल चुनें।
वैक्यूम : डबल वॉल वैक्यूम इंसुलेशन वाली बोतल खरीदें।
क्षमता : ऑफिस और घर के लिए 500 से 750 एमएल और लंबी यात्रा के लिए एक लीटर या अधिक वाली बोतल चुनें।
सफाई : चौड़े मुंह वाली बोतल खरीदें, ताकि अंदर तक आसानी से सफाई हो सके।
