एसएससी जेई की संभावित रिक्तियां जारी: 1,699 पदों पर होगी भर्ती, जानें कहां खाली हैं सबसे ज्यादा पद?
SSC JE 2026 Tentative Vacancies Released: एसएससी जेई 2026 के तहत 20 सरकारी विभागों में 1,699 संभावित रिक्तियां जारी की गई हैं। इनमें सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के उम्मीदवारों के लिए पद हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग में सबसे ज्यादा 462 पद हैं। जानें किस वर्ग और शाखा के लिए कितने पद हैं और उम्मीदवारों को आगे क्या करना चाहिए।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने जूनियर इंजीनियर (जेई) परीक्षा 2026 के तहत 1,699 संभावित रिक्तियों की सूची जारी की है। इन पदों पर केंद्र सरकार के 20 प्रमुख विभागों में योग्य उम्मीदवारों की भर्ती की जाएगी। भर्ती में सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और अन्य इंजीनियरिंग शाखाओं के उम्मीदवारों को मौका मिलेगा। जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,699 पदों में से 718 पद सामान्य वर्ग के लिए हैं। वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 462, अनुसूचित जाति के लिए 245, अनुसूचित जनजाति के लिए 140 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 134 पद रखे गए हैं।
एसएससी जेई 2026: विभागवार संभावित रिक्तियों की पूरी सूची
| क्र. सं. | विभाग का नाम | पद | SC | ST | OBC | EWS | UR | कुल | OH | HH | VH | अन्य |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| 1 | सीमा सड़क संगठन (केवल पुरुष) | जेई (सिविल) | 39 | 20 | 118 | 9 | 85 | 271 | 0 | 0 | 0 | 0 |
| 2 | सीमा सड़क संगठन (केवल पुरुष) | जेई (इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल) | 1 | 1 | 9 | 1 | 10 | 22 | 0 | 0 | 0 | 0 |
| 3 | केंद्रीय जल आयोग | जेई (मैकेनिकल) | 1 | 0 | 1 | 0 | 1 | 3 | 1 | 0 | 0 | 0 |
| 4 | केंद्रीय जल आयोग | जेई (सिविल) | 4 | 4 | 6 | 3 | 12 | 29 | 2 | 0 | 0 | 1 |
| 5 | केंद्रीय लोक निर्माण विभाग | जेई (इलेक्ट्रिकल) | 15 | 7 | 27 | 10 | 44 | 103 | 1 | 1 | 0 | 2 |
| 6 | केंद्रीय लोक निर्माण विभाग | जेई (सिविल) | 51 | 25 | 92 | 34 | 141 | 343 | 4 | 5 | 0 | 4 |
| 7 | केंद्रीय जल एवं विद्युत अनुसंधान केंद्र, जल शक्ति मंत्रालय | जेई (सिविल) | 1 | 0 | 0 | 0 | 1 | 2 | 0 | 0 | 0 | 0 |
| 8 | केंद्रीय जल एवं विद्युत अनुसंधान केंद्र, जल शक्ति मंत्रालय | जेई (इलेक्ट्रिकल) | 1 | 0 | 0 | 0 | 0 | 1 | 0 | 0 | 0 | 0 |
| 9 | केंद्रीय जल एवं विद्युत अनुसंधान केंद्र, जल शक्ति मंत्रालय | जेई (मैकेनिकल) | 0 | 0 | 0 | 0 | 1 | 1 | 0 | 0 | 0 | 0 |
| 10 | डीजीक्यूए-नेवल, रक्षा मंत्रालय | जेई (इलेक्ट्रिकल) | 0 | 1 | 1 | 0 | 0 | 2 | 0 | 0 | 0 | 0 |
| 11 | डीजीक्यूए-नेवल, रक्षा मंत्रालय | जेई (मैकेनिकल) | 1 | 1 | 0 | 1 | 3 | 6 | 0 | 0 | 0 | 0 |
| 12 | फरक्का बैराज परियोजना, जल शक्ति मंत्रालय | जेई (सिविल) | 0 | 0 | 0 | 0 | 2 | 2 | 0 | 0 | 0 | 1 |
| 13 | सैन्य इंजीनियर सेवा (एमईएस) | जेई (सिविल) | 19 | 32 | 33 | 9 | 61 | 154 | 2 | 3 | 0 | 1 |
| 14 | सैन्य इंजीनियर सेवा (एमईएस) | जेई (इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल) | 16 | 26 | 38 | 11 | 70 | 161 | 2 | 3 | 0 | 2 |
| 15 | तटीय मत्स्य पालन इंजीनियरिंग केंद्रीय संस्थान | जेई (सिविल) | 1 | 1 | 1 | 0 | 0 | 3 | 0 | 0 | 0 | 0 |
| 16 | दीपस्तंभ और दीपपोत महानिदेशालय | जेई (सिविल) | 1 | 1 | 0 | 1 | 4 | 7 | 0 | 1 | 0 | 0 |
| 17 | दीपस्तंभ और दीपपोत महानिदेशालय | जेई (इलेक्ट्रिकल) | 0 | 0 | 1 | 0 | 1 | 2 | 0 | 0 | 0 | 0 |
| 18 | दूरसंचार विभाग | जेई (दूरसंचार) | 10 | 5 | 18 | 6 | 30 | 69 | 1 | 0 | 1 | 1 |
| 19 | भारत मौसम विज्ञान विभाग | वैज्ञानिकी सहायक (SA) | 76 | 11 | 99 | 45 | 231 | 462 | 18 | 0 | 0 | 0 |
| 20 | ब्रह्मपुत्र बोर्ड, जल शक्ति मंत्रालय | जेई (सिविल) | 8 | 5 | 18 | 4 | 21 | 56 | 1 | 1 | 0 | 1 |
| कुल | 245 | 140 | 462 | 134 | 718 | 1,699 | 32 | 14 | 1 | 13 |
किस विभाग में सबसे ज्यादा पद हैं?
जारी सूची में भारत मौसम विज्ञान विभाग में सबसे ज्यादा 462 पद बताए गए हैं। इसके बाद केंद्रीय लोक निर्माण विभाग यानी सीपीडब्ल्यूडी में सिविल इंजीनियरों के लिए 343 और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरों के लिए 103 पद हैं। सीमा सड़क संगठन में पुरुष उम्मीदवारों के लिए सिविल शाखा में 271 और ईएंडएम शाखा में 22 पद हैं। सैन्य इंजीनियर सेवा में सिविल के 154 तथा इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल के 161 पद हैं। इसके अलावा दूरसंचार विभाग और ब्रह्मपुत्र बोर्ड में भी जूनियर इंजीनियर के लिए पद उपलब्ध हैं।
किस इंजीनियरिंग शाखा को सबसे ज्यादा मौका?
इस भर्ती में सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले उम्मीदवारों के लिए बड़ी संख्या में पद हैं। सीपीडब्ल्यूडी, सैन्य इंजीनियर सेवा, सीमा सड़क संगठन, केंद्रीय जल आयोग, फरक्का बैराज परियोजना और ब्रह्मपुत्र बोर्ड में सिविल शाखा के पद हैं। इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग वालों के लिए भी सीपीडब्ल्यूडी, सैन्य इंजीनियर सेवा, केंद्रीय जल आयोग और डीजीक्यूए-नेवल में अवसर हैं। इसके अलावा भारत मौसम विज्ञान विभाग में वैज्ञानिक सहायक के 462 पद हैं, जो इलेक्ट्रॉनिक्स और इससे जुड़े विषयों की पढ़ाई करने वाले उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अवसर हैं।
दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए कितने पद?
एसएससी की रिक्ति सूची में दिव्यांग और दूसरी विशेष श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए भी पदों का विवरण दिया गया है। कुल 1,699 पदों में से 32 पद अस्थि दिव्यांग (ओएच), 14 पद श्रवण दिव्यांग (एचएच) और 1 पद दृष्टि दिव्यांग (वीएच) उम्मीदवारों के लिए हैं। इसके अलावा अन्य विशेष श्रेणियों के लिए 13 पद रखे गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग में ओएच श्रेणी के सबसे ज्यादा 18 पद हैं। दिव्यांग उम्मीदवार अपनी श्रेणी के अनुसार उपलब्ध पदों की जानकारी देखकर आवेदन और परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं।
उम्मीदवारों को अब क्या करना चाहिए?
एसएससी की ओर से जारी यह रिक्ति सूची संभावित है। इसका मतलब है कि अंतिम चयन प्रक्रिया तक पदों की संख्या में बदलाव या बढ़ोतरी हो सकती है। इसलिए उम्मीदवारों को इसे अंतिम रिक्ति न मानकर तैयारी जारी रखनी चाहिए। संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में डिप्लोमा या बीटेक की डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी विभागवार पदों की जानकारी देखें। अपनी श्रेणी, संभावित कटऑफ और उपलब्ध पदों के आधार पर विभाग की पसंद तय करें। साथ ही एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर आने वाली नई सूचनाओं पर नजर रखें, ताकि रिक्तियों या भर्ती प्रक्रिया में होने वाले बदलाव की जानकारी समय पर मिल सके।